20 दिसंबर 2014

ठंड का पारा हुआ हाई

डबवाली के सिविल अस्पताल में मरीजों को मिलेंगे ऑन डिमांड मिलेंगे हीटर

डबवाली (लहू की लौ) ठंड
का पारा दिन-ब-दिन चढ़ रहा है। कंपकंपाती ठंड के बीच छाये घने कोहरे से सड़कों पर वाहन रेंगते हुये प्रतीत हो रहे हैं। वहीं जिंदगी की रफ्तार भी धीमी हो गई है। ठंड के प्रकोप से मरीजों को बचाने के लिये सरकारी अस्पताल में मरीजों को ऑन डिमांड हीटर की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। लेकिन पहले दिन कर्मचारी ही इस सुविधा का लाभ उठाते मिले। हालांकि एसएमओ ने कर्मचारियों को इसके लिये बैन नहीं किया है। चूंकि मरीजों का सीधा संपर्क कर्मचारियों से होता है।
अस्पताल में हीटर लगे
सरकारी अस्पताल में शुक्रवार को वार्डों को छोड़कर सभी जगह हीटर जलाये हुये थे। पहले दिन कर्मचारी ही इन हीटरों का प्रयोग करते मिले। अस्पताल में मौजूद मरीजों के तीमारदार नरेश कुमार, पूनम चंद, गिरधारी लाल, देसराज ने बताया कि ठंडी के बीच सरकारी अस्पताल में गर्म कंबल उपलब्ध करवाया जा रहा है। डिलीवरी के बाद महिलाएं वार्ड में शिफ्ट होते ही कंपकंपाती हैं। अस्पताल उन्हें महज एक कंबल उपलब्ध करवाता है। कमरों में हीटर की व्यवस्था होनी चाहिये। सरकारी अस्पताल में पहले दिन हीटर जले। लेकिन उनके पास कर्मचारी मौजूद नहीं था। यहीं नजारा सभी कमरों का था। फिजूल में जल रही बिजली की ओर किसी का ध्यान नहीं गया।
अस्पताल के एसएमओ एमके भादू ने बताया कि ठंड बढऩे के कारण अस्पताल में हीटर की व्यवस्था की गई है। अस्पताल में फिलहाल बारह हीटर हैं। हीटर को चिकित्सक, कर्मचारी भी प्रयोग कर सकते हैं। चूंकि मरीज सीधा उनके पास ही आता है। मरीजों को ऑन डिमांड हीटर उपलब्ध करवाये जा रहे हैं। इसके बदले में किसी मरीज से शुल्क नहीं लिया जायेगा। फिजूल में बिजली खपत करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।

पहले ठंड से लड़ें, फिर करेंगे पढ़ाई
शुक्रवार को पूरा दिन सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुये। सर्द हवाओं के साथ कोहरा गिरता रहा। जिससे ठंडक ओर बढ़ गई। ऐसी स्थिति में स्कूली बच्चों ने स्कूल में अलाव सेंक कर ठंड से छुटकारा पाने का प्रयास किया।

कोई टिप्पणी नहीं: