07 अक्तूबर 2009

चौटाला व उनके पुत्रों ने गुंडागर्दी व भ्रष्टाचार को बढ़ावा देकर प्रदेश का विनाश करने का काम किया-दीपेन्द्र


डबवाली : कांग्रेस पार्टी ही प्रदेश को स्वच्छ व पारदर्शी प्रशासन दे सकती है। प्रदेश में पिछले साढे 4 वर्ष के दौरान मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा बनाई गई योजनाओं के परिणामस्वरुप सामाजिक क्रांति के नये दौर की शुरुआत हुई है। यह बात रोहतक से सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने रोड़ शो के दौरान लोगों को सम्बोधित करते हुए कही। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज डबवाली विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बनवाला, बिज्जूवाली, गोरीवाला, गंगा, जण्डवाला बिश्नोईयां, चौटाला, अबूबशहर और सकताखेड़ा गांव सहित डबवाली शहर में कांग्रेस प्रत्याशी डा. के.वी. के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। रोड़ शो के दौरान सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा का सभी गांवों में जोरदार स्वागत हुआ। ग्रामीणों ने पगड़ी पहना कर व पटाखे चला कर सांसद का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। रोड़ शो के दौरान ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 13 अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी स्पष्ट बहुमत लेकर सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की लहर चल रही है और आगामी सरकार कांग्रेस की ही बनेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में सम्पन्न हुए लोकसभा चुनावों में जनता ने कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान करके यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस के अलावा उनका कोई और हितेषी नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले साढे 4 वर्ष के दौरान मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए अनेक प्रकार की योजनाएं लागू की। उन योजनाओं के बलबुते पर ही आज पूरे देश में हरियाणा की विशेष पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिना भेदभाव के हरेक गांव व शहर का सम्मान रुप से विकास कराने का काम किया है। बिजली, पानी, शिक्षा कांग्रेस पार्टी के मुख्य एजेण्डे में शामिल है और आमजन को यह मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि जनता की लहर कांग्रेस पार्टी के पक्ष में जोर शोर से चल रही है और हरियाणा के इतिहास में यह पहला अवसर है कि लोगों ने सत्तासीन पार्टी को ही दोबारा सत्ता सौंपने का मन बनाया है। उन्होंने डबवाली हलका के लोगों से आह्वान किया कि अब फैसला आपके हाथ में है, एक तरफ भय व भ्रष्टाचार की राजनीति करने वाले ऐसे लोग हैं जिन्होंने सत्ता में रहते हुए लोगों का शोषण करने का कार्य ही किया और दूसरी तरफ जनहितेषी कांग्रेस है, जिसने सिर्फ आम लोगों के हितों की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि हुड्डा सरकार ने किसानों के लिए ऐसी योजनाएं लागू की गई जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली है साथ ही साथ क्षेत्र में विकास की गंगा बही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने भूमि नीलाम का काला कानून समाप्त करके किसानों को राहत पहुंचाई है। आज किसान खुशहाल है और साथ ही साथ सभी तबगों के लोगों में खुशी का आलम है। उन्होंने कहा कि इनेलो सुप्रीमों ओम प्रकाश चौटाला व उनके पुत्रों ने गुंडागर्दी व भ्रष्टाचार को बढ़ावा देकर प्रदेश का विनाश करने का काम किया है, वहीं भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश को उन्नति व खुशहाली के रास्ते पर लाकर एक अनोखी मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि डा. के.वी. सिंह एक ईमानदार व संघर्षशील व्यक्ति हैं और उन्होंने डा. सिंह का बहुत करीबी से देखा है। उन्होंने कहा कि डा. सिंह ने डबवाली के लोगों के लिए जो स्वप्न देखा है वह लोगों के सहयोग से ही पूरा हो पायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. के पद पर रहते हुए डबवाली हलका के लोगों के लिए बहुत सारी योजनाएं लागू करवाकर हलके को विकास की पटरी पर ला खड़ा किया है। इस अवसर पर डा. के.वी. सिंह ने लोगों को अपने पक्ष में मतदान की अपील की और विश्वास दिलाया कि उनकी कलम हमेशा लोगों की भलाई के लिए ही कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालातों से स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत से सत्ता में आयेगी और डबवाली के लोगों का राज में हिस्सा तभी बनेगा जब कांग्रेस पार्टी का प्रत्याशी जीत कर विधान सभा में पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि डबवाली हलके के विकास के लिए उन्होंने जो मुहिम चला रखी है वह तभी सफल होगी जब लोग उनका साथ देंगे। उन्होंने कहा कि विधायक बनते ही वे क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएंगे और हलका के बेरोजगार युवकों को नौकरियां दिलावने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि वह विधायक बनकर हलके के लोगों के बीच में रहकर ही कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले भी उन्होंने हलके के लोगों की समस्याओं का निपटारा करवाने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। डबवाली शहर की वर्षों पुरानी ओवरब्रिज की मांग के लिए 25 करोड़ रुपये मंजूर करवा दिये हैं और जल्द ही इस पर कार्य शुरु हो जायेगा। उन्होंने लोगों को 8 अक्तूबर को मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की डबवाली में होने वाली रैली में भारी संख्या में पहुंचने का न्यौता भी दिया। इस अवसर पर डा. महेन्द्र सिंह रिणवा, ओम प्रकाश केहरवाला, अनिल खोड़, स. जसवंत बराड़, संदीप चौधरी, अमित सिहाग, रामजी लाल, नवरतन बांसल, मा. सम्पूर्ण सिंह, स. सरदूल सिंह रंधावा, सुरेश मैहता, स. दरबारा सिंह, संजय हिटलर, सतीश शर्मा, विनोद सरपंच, गीता शर्मा, कीर्त सिंह सरपंच, प्रेम कुमार सरपंच, कृष्ण सरपंच चौटाला, रमेश बागड़ी, श्योपत भाटी, मुखराम सिहाग, सतपाल रिसालिया, महोवीर सोढा, लालचंद, विजय सहारण, छोटू राम सहारण, रमेश बेरड़, हरचंद सरपंच, जग्गा बराड़, राजेन्द्र जैन, रमेश बागड़ी, नंद लाल धानक, राकेश वाल्मीकि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति व कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

ट्रेक्टर-ट्राली तले आने से किशोर की मौत

डबवाली (लहू की लौ) गांव रिसालियाखेड़ा में एक ट्रेक्टर-ट्राली के नीचे आकर एक किशोर कुचला गया। जिसकी मौका पर ही मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार अशोक कुमार पुत्र कृष्ण लाल निवासी रिसालियाखेड़ा सोमवार शाम को घर से खेत जा रहा था कि सामने से आ रही सीमेंट की भरी ट्रेक्टर-ट्राली ने उसकी साईकिल में टक्कर मार दी। वह वहीं ढेर हो गया। ट्रेक्टर-ट्राली उसके ऊपर से गुजर गई और मौका से फरार हो गई। पुलिस ने कृष्ण लाल के ब्यान पर अज्ञात ट्रेक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सीमेंट औढ़ां के दुकानदार का था। आरोपी की पहचान करके शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थाना सदर पुलिस ने मंगलवार को डबवाली के सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव उसके वारिसों को सौंप दिया।

मां-बेटे ने नहर में छलांग लगाई

डबवाली (लहू की लौ) सदर थाना के अन्तर्गत गांव जण्डवाला बिश्नोईयां में मानसिक परेशानी के चलते मां-पुत्र ने भाखड़ा नहर में डूब कर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने शवों को बाहर निकाला और सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों के सुपुर्द कर दिए। मिली जानकारी अुनसार गांव जण्डवाला बिश्नोईयां में दिवंगत मांगेराम का परिवार रहता है। कुछ समय पूर्व मांगे लाल का पुत्र विष्णु सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। विष्णु शारीरिक रूप से अपाहिज हो गया था। परिवार वाले उसकी इस हालत को देख कर काफी परेशान रहते थे। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विष्णु की इस हालत का देख कर उसकी मां लखेश्वरी देवी व भाई संजीव कुमार काफी परेशान रहते थे। मां-पुत्र विष्णु की देखभाल करने में स्वयं को असहाय महसूस करने लगे। बताया जाता है कि गत रात्रि दोनों मां-पुत्रों ने गांव के निकट से गुजर रही भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने नहर किनारे दोनों मां-पुत्रों के जूतों को देखकर उनके द्वारा आत्महत्या किए जाने का अंदेशा जताया। तदोपरांत इसकी सूचना चौटाला पुलिस चौकी को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से नहर से शव बाहर निकाले। एकाएक हुए इस हादसे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

इस बार इनेलो का साथ दो, हम नया हरियाणा देंगे- अजय


डबवाली : आप इस बार इनेलो का साथ दो, हम आपको खुशहाल मुस्कराता व लहलाहता हरियाणा देंगे। यह हमारा वादा ही नहीं बल्कि हमारा इरादा है। ये विश्वास भरे शब्द इनेलो के प्रधान महासचिव व राज्यसभा सांसद अजय सिंह चौटाला ने कहे। मंगलवार को डबवाली हलके के गांवों में चुनाव प्रचार करते हुए इनेलो प्रत्याशी ने लोगों को विश्वास दिलवाया कि कांग्रेस के शासनकाल में विकास का जो पहिया रूक गया था उसे, फिर से गति प्रदान की जाएगी। इनेलो के शासनकाल में बिजली व पानी की कमी नहीं रहेगी वहीं व्यापारी व दुकानदार वर्ग इंस्पेक्टरी राज से मुक्ति दिलवाकर, भयमुक्त माहौल उपलब्ध करवाया जाएगा। अजय सिंह चौटाला ने मुख्यमंत्री के बिजली समस्या के हल करने के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सत्ता में आते ही हुड्डा ने बिजली संकट छह माह बाद हल करने की बात कही थी परन्तु पौने पांच वर्ष बीत गए, प्रदेश में बिजली संकट हल होने की बजाय बढ़ता ही चला गया और प्रदेश की जनता बेहाल रही। अब विधानसभा चुनावों में फिर से हुड्डा ने बिजली संकट हल करने के नाम पर वोट मांगने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने सवाल खड़ा किया कि हुड्डा ने अपने पिछले शासनकाल में बिजली का संकट क्यों नहीं हल किया। इनेलो नेता ने कहा कि प्रदेश की जनता अब दोबारा हुड्डा की चिकनी चुपड़ी बातों में नहीं आएगी और इनेलो को भारी बहुत देकर सरकार बनाएगी। अजय चौटाला ने स्पष्ट कहा कि सीएम हुड्डा ने हरियाणा के हित सोनिया गांधी के हाथों में गिरवी रख कर प्रदेश के हिस्से का बिजली पानी, दिल्ली को देते रहे। उन्होंने कहा बिजली-पानी का संकट हल कर कांग्रेस की बस की बात नहीं है, यह तो इनेलो ही हल कर सकती है। उन्होंने वायदा किया कि इनेलो के सत्ता में आते ही किसी घर में एक सैकेंड के लिए भी अंधेरा नहीं होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री पर आपसी भाईचारा बिगाडऩे व क्षेत्रवाद फैलाने के मामले पर आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विकास का दायरा केवल रोहतक शहर तथा नौकरियां किलोई हलके तक सीमित कर दी थी। यही कारण है कि आज सिरसा में छह वर्ष शुरू किया गया फ्लाईओवर पांच वर्ष में भी पूरा नहीं करवाया गया, यह क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित हो गया और सिरसा जिले में किसी को रोजगार नहीं मिला। यदि यहां किसी को रोजगार मिला तो, वह किलोई से आकर लगा। इनेलो प्रत्याशी ने कहा कि 13 अक्टूबर को एक झण्डे के नीचे एकत्रित होकर चश्मे वाला बटन दबा देना। उन्होंने विश्वास दिलवाया कि इनेलो के सत्ता में आने पर क्षेत्रवाद समाप्त कर समान रूप से प्रदेश को विकास करवाया जाएगा और नौकरियों में सिरसा के लोगों का हक बहाल किया जाएगा। आज अजय सिंह ने गांव जगमालवाली, असीर, माक्खा, पिपली, मिठड़ी, नीलांवाली, मांगेआना, डबवाली गांव, जोगेवाला, पन्नीवाला मोरिका, देसूजोधा, फूलों, हेबुआना, हस्सु आदि गांवों का दौरा किया। गांवों में अजय चौटाला को भारी समर्थन मिला। इस अवसर पर निवर्तमान विधायक डॉ. सीता राम, सुरजीत सिंह मांगेआना, नरेंद्र बराड़, गुलजिंद्र, धर्मवीर नैन ,जगसीर सिंह, काला जापानी सहित इनेलो के अनेक कार्यकर्ता व पदाधिकारीगण मौजूद थे।