10 अगस्त 2010

सफाई कर्मचारियों ने15 अगस्त को दी हड़ताल पर जाने की धमकी

डबवाली (लहू की लौ) नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों ने राष्ट्रीय त्यौहार 15 अगस्त को हड़ताल पर चले जाने की धमकी दी है। आरोप है कि सफाई कर्मचारियों को तीन माह का वेतन नहीं मिला और न समय उनका पीएफ जमा होता है।
सोमवार को नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों ने नगरपालिका की सफाई शाखा के समक्ष धरना दिया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष शाम लाल ने बताया कि वेतन के लिए वे नगरपालिका अधिकारियों के पिछले तीन माह से चक्कर काट रहे हैं। लेकिन उन्हें वेतन नहीं दिया जा रहा। समय पर पैगार न मिलने के कारण उन्हें केवल खाद्य पदार्थों की उधार चुकाने में मुश्किल आ रही है, बल्कि इसके साथ ही बच्चों की फीसें भरने में भी उन्हें भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वे ब्याज पर माल खरीदकर अपना तथा अपने परिवारों का पेट पाल रहे हैं।
सफाई कर्मचारी चत्तर सिंह, सुनील कुमार, सतीश, कमल, जगदीश, ओमप्रकाश, प्रकाशो देवी, दर्शना देवी, कमला रानी ने आरोप लगाया कि उनकी बैंक लोन की किश्तें भी समय पर अदा नहीं की जाती। जिसके चलते उन पर बैंक का ब्याज अलग से पड़ रहा है। जबकि इन किश्तों को उन्हें वेतन देते समय काट लिया जाता है। उनकी 11-11 माह की किश्तें अभी तक अदा नहीं की गई हैं। सफाई कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की।
सफाई कर्मचारियों की ओर से सफाई शाखा पर धरना दिए जाने की सूचना पाकर नपा के कार्यकारी सचिव रामनिवास शर्मा मौका पर पहुंचे। उन्होंने सफाई कर्मियों को समझाया-बुझाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि शुक्रवार तक सफाई कर्मियों का एक माह का वेतन उनके खातों में जमा करवा दिया जाएगा।  आश्वासन पाने के बाद कर्मचारी शांत हुए और धरना उठा लिया। हालांकि सफाई कर्मियों ने चेतावनी दी कि अगर ऐसा न हुआ तो वे राष्ट्रीय त्यौहार 15 अगस्त को हड़ताल पर चले जाएंगे। जिसकी जिम्मेवारी पालिका प्रशासन की होगी।

कांग्रेसियों ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया

डबवाली (लहू की लौ) भारत छोड़ो आंदोलन की 68वीं वर्षगांठ पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा अन्य स्वतन्त्रता सेनानियों को याद करते हुए ब्लाक कांग्रेस शहरी द्वारा अग्रवाल धर्मशाला मे एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक मे ब्लाक कांग्रेस ग्रामीण, कांग्रेस सेवादल, हल्का युवा कांग्रेस, शहर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओ ने भाग लिया। इस बैठक मे सभी कार्यकर्ताओ ने गांधीजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए तथा वक्ताओ ने भारत छोड़ो आन्दोलन के बारे मे जानकारी दी। इस सभा को बख्तावरमल दर्दी, प्रकाश चन्द बांसल, महाशा कुन्दनलाल, डा.भारत भूषण छाबड़ा, कर्मचन्द शर्मा, सन्दीप चौधरी, साहबराम पुहाल, केशव शर्मा, डा.सुरेन्द्र मदान आदि वक्ताओ ने सभी स्वतन्त्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। मंच संचालन विनोद बांसल ने किया। इस मौके पर ब्लाक शहरी प्रधान पवन गर्ग, ब्लाक ग्रामीण प्रधान दरबारा सिंह, पूर्व प्रधान रामजी लाल, नवरतन बांसल, बलदेव राज शर्मा, बिशम्बर दयाल मैहता, जिला महासचिव मदन भांभू, गुरतेज सोनी, हेमराज जिन्दल, सुरेन्द्र सिंह ठेकेदार, ओमप्रकाश वधवा, ईश्वर दयाल गांधी, रमेश बागड़ी, गीता चौहान, बिन्दिया महन्त, हरनेक सिंह, जगदीप सूर्या, ओमप्रकाश बागड़ी, राकेश बब्बर,राजेन्द्र जैन, रविन्द्र गर्ग, संजय मिढा, चित्रगुप्त छाबड़ा, युवा हल्का प्रधान कुलदीप सिंह, शहरी युवा प्रधान अमन भारद्वाज, रविन्द्र बिन्दु, दीपक बाबा, डा.संतोष अरोड़ा, शिव नारायण मोटन, भारत भूषण सिंगला, बिमला महाशा, पवन रेगर, दर्शन गोयल, मनवीर मान, कुलदीप सूर्या, चंचल कम्बोज, सतपाल सिंह, विजय बांसल, सुखमन्दर प्रधान, रघुवीर सिंह, सन्नी बत्तरा सहित सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

भू-माफिया के खिलाफ बिफरे लोग

डबवाली (लहू की लौ) प्लाटो पर अवैध कब्जे को लेकर प्लाट बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने सोमवार को उपमण्डलाधीश कार्यालय के समक्ष जमकर नारेबाजी की। समिति के सदस्यों ने उपमण्डलाधीश को एक ज्ञापन भी दिया।
समिति के अध्यक्ष एसडी कपूर ने बताया कि डबवाली में भू-माफियों ने प्लाट धारकों की जमीनों पर कब्जे कर रखे हैं और भू-माफिया मालिक बनकर उन्हें आगे बेच रहा है। इसकी जांच के लिए उन्होंने चार माह पूर्व उपमण्डलाधीश को ज्ञापन दिया था। जिस पर उन्होंने नायब तहसीलदार हरिओम बिश्नोई को जांच अधिकारी नियुक्त किया था। लेकिन इसके बावजूद भी जांच का काम अभी तक अधूरा है और प्लाट मालिक अपना हक पाने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्लाट धारक भू-माफिया के खिलाफ शपथ-पत्र भी दे चुके हैं। इस संदर्भ में उपमण्डलाधीश डॉ. मुनीश नागपाल से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए, जो भी जांच में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बेहतर जनसेवा व स्थाई रोजगार के नारे के साथ सर्वकर्मचारी संघ का जत्था रोहतक रवाना

डबवाली (लहू की लौ) भारत छोड़ो आंदोलन की 68वीं वर्षगांठ पर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की ओर से बेहतर जनसेवा व स्थाई रोजगार के नारों के साथ जनजागरण अभियान शुरू किया गया। सोमवार को इस अभियान की शुरूआत उपमण्डल डबवाली के गांव अबूबशहर से की गई। जत्थे का नेतृत्व संघ के वरिष्ठ उपप्रधान सरबत सिंह पूनियां, कोषाध्यक्ष सीएन भारती एवं राज्य कमेटी के सदस्य अशोक कुमार कर रहे हैं। अभियान की शुरूआत से पूर्व जनसभा की गई। जिसमें कच्चे-पक्के कर्मचारियों के अतिरिक्त सैंकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। जनसभा को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेताओं ने सरकार की नीतियों को विस्तार से खोल कर रखा। जनता से आह्वान किया कि वे राजनेताओं से पूछें कि जनता की सेवा के लिए खड़े किए गए सार्वजनिक क्षेत्र के महकमे शिक्षा, परिवहन, बिजली, स्वास्थ्य व जनस्वास्थ्य आदि के बारे में विस्तार की बजाए सिकुड़ क्यों रहे हैं। सीएन भारती ने कहा कि तीस हजार के लगभग अध्यापकों के पद खाली पड़े हैं। शिक्षा अधिकार कानून लागू होने से बीस हजार नए अध्यापकों के पद बनते हैं, उनके अतिरिक्त विद्यालयों में हजारों की संख्या में लिपिक व चतुर्थ श्रेणी के पद खाली पड़े हैं। पूनियां के अनुसार हरियाणा की सवा दो करोड़ जनता व पौने सात हजार गांवों को देखते हुए परिवहन बेड़े में कम से कम आठ हजार बसों की आवश्यकता है। इन बसों के आने से जहां जनता को परिवहन की पूरी सुविधा मिलेगी। वहीं पचास हजार नवयुवकों को ड्राईवर, कंडक्टर, मैकेनिक आदि के रूप में रोजगार मिलेगा। कर्मचारी नेता ने कहा कि सरकार की योजना पानी तक को बेचने की है। सरकार ग्रामीण वाटर वक्र्स को धन्ना सेठों को बेचने जा रही है।
पूनियां ने बताया कि सर्व कर्मचारी संघ 22 अगस्त को मुख्यमंत्री के गृह जिला रोहतक में रैली करने जा रहा है। रैली के लिए आज के दिन पूरे प्रदेश से चार जत्थे चले हैं। अबूबशहर के अतिरिक्त कालका, हौडल तथा नांगल चौधरी से चले ये जत्थे प्रदेश वासियों को जागरूक करते हुए रैली में भाग लेंगे।
अबूबशहर से शुरू हुआ जत्था डबवाली, गांव खुईयांमलकाना, औढ़ां, बड़ागुढ़ा, फतेहपुरिया और जोधपुरिया में पहुंचा। जत्थे में सर्व कर्मचारी संघ जिला सिरसा कमेटी के जिला प्रधान सोहन सिंह रंधावा, सचिव प्रेम शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान रमेश मजोंका, नंदन सिंह, करणी सिंह, सुरजीत सिंह बेदी आदि शामिल हैं।

महिला को शराबी से लिफ्ट लेनी महंगी पड़ी

डबवाली (लहू की लौ) एक महिला को शराबी से लिफ्ट लेना उस समय महंगा पड़ा जब मोटरसाईकिल चालक ने मोटरसाईकिल को एक बैलगाड़ी की बीच दे मारा और महिला को मुंह तुड़वा कर अस्पताल जाना पड़ा। घायल रानी (45) पत्नी प्रकाश निवासी गंगा ने बताया कि वह अपनी बेटी सोमा पत्नी सुक्खा कंगड़खेड़ा (सिरसा) को मिल कर रविवार रात को डबवाली लौटी थी। लेकिन उसे डबवाली बस अड्डा से गंगा के लिए कोई बस न मिली तो उसने एक मोटरसाईकिल को हाथ देकर रूकवा लिया और गांव गंगा तक के लिए लिफ्ट  मांगी। लेकिन मोटरसाईकिल चालक ने कहा कि वह तो जलालआना जा रहा है तो उसने कहा कि कि वह उसे डबवाली गांव तक छोड़ दे।
उसके अनुसार उनका मोटरसाईकिल जैसे ही डबवाली गांव के पास पहुंचा तो आगे जा रही बैलगाड़ी से टकरा गया। जिससे वह और मोटरसाईकिल चालक घायल हो गये। जिन्हें घायल अवस्था में पुलिस एम्बुलैंस ने अस्पताल पहुुंचाया।
थाना शहर पुलिस के हवलदार तथा जांच अधिकारी जयसिंह ने बताया कि मोटरसाईकिल चालक का नाम लखविन्द्र (33) पुत्र मिट्ठू सिंह निवासी जलालआना है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा सिविल अस्पताल में ले जाया गया। मोटरसाईकिल चालक दुर्घटना के समय शराबी था। पुलिस को दोनों ने इस घटना को इत्तफाकिया बताते हुए कोई भी कार्यवाही करवाने से इंकार कर दिया।

पति और सास से तंग आकर विवाहिता ने फांसी खाई

डबवाली (लहू की लौ) पति और सास से तंग आकर एक विवाहिता ने फांसी खा कर जान दे दी। थाना लम्बी के प्रभारी एसआई हरिन्द्र सिंह चमेली ने बताया कि डबवाली उपमंडल के गांव शेरगढ़ निवासी मनफूल राम ने पुलिस को दिये ब्यान में कहा है कि उसकी बेटी सुखप्रीत कौर (26) की शादी 6 वर्ष पूर्व गांव घुमियारा निवासी हंसराज पुत्र लाल चन्द के साथ सम्पन्न हुई थी। उन्होंने इस शादी में अपनी हैसियत से बढ़ कर दान दहेज दिया था। उसकी बेटी के दो लड़के भी हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी बेटी सुखप्रीत की सास रामप्यारी तथा पति हंसराज परेशान करते थे और मारपीट करते थे। इस सन्दर्भ में कई बार पंचायतें भी हुईं। मारपीट से तंंग आकर रविवार को कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया और पंखे से फंदा लगा कर जान दे दी।
पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर धारा 306/34 आईपीसी के तहत सुखप्रीत कौर के पति व सास के खिलाफ केस दर्ज करके आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।