29 मार्च 2011

बनिया, ब्राह्मण को भी मिले आरक्षण-आईबीएसपी


डबवाली (लहू की लौ) इंडियन बहुजन संदेश पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करनैल सिंह औढ़ां ने कहा कि प्रत्येक जाति के लोगों को आरक्षण मिलना चाहिए। लेकिन आरक्षण आर्थिक आधार पर होना चाहिए, न कि जाति विशेष के आधार पर।
वे सोमवार को डबवाली में पार्टी कार्यकर्ता सुरजीत सिंह फौजी के निवास स्थान पर पत्रकारों से आरक्षण पर बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी बात मानती है, जो डंडा चलाते हैं और पब्लिक प्रॉपर्टी को नुक्सान पहुंचाते हैं। जो ऐसा नहीं कर सकते उन्हें न्याय नहीं मिलता। उनके अनुसार सरपंच से लेकर मुख्यमंत्री तक हरियाणा में जाटों का वर्चस्व रहा है, और है। लेकिन फिर भी जाटो ंको आरक्षण की जरूरत है। उनके अनुसार वे जाटों के आरक्षण के खिलाफ नहीं है। लेकिन यह आरक्षण व्यापारी, बनिया, ब्राह्मण, राजपूत या फिर अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्ग के अन्य किसी भी वर्ग से छेड़छाड़ करके न किया जाए। अगर बनिया, ब्राह्मण और राजपूत आरक्षण की मांग करते हैं, तो उनकी पार्टी उनका समर्थन करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि हरियाणा में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। पूरे प्रदेश में जंगलराज चल रहा है। राज्यपाल को इस ओर ध्यान देकर हुड्डा सरकार को तुरंत बर्खास्त कर देना चाहिए। इस अवसर पर इंडियन बहुजन संदेश पार्टी के जिला अध्यक्ष बूटा सिंह, हल्का कालांवाली के अध्यक्ष नछत्तर सिंह, मदन लाल पन्नीवाला मोटा, हरदेव सिंह वर्मा उपस्थित थे।

पूर्व एमपी के दिल का दर्द जुबां पर आया


सबक जरूर सिखाऊंगा-गिल
डबवाली (लहू की लौ) सिरसा संसदीय सीट से कांग्रेस के पूर्व सांसद आत्मा सिंह गिल ने कहा कि वे सब्र का घूट पीकर पार्टी हित में कार्य कर रहे हैं। लेकिन समय आने पर उन लोगों को जरूरत सबक सिखाएगा जिन्होंने उसके तथा उसके बेटे के साथ अन्याय किया है।
वे सोमवार को पीडब्ल्यूडी रैस्ट हाऊस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उसे सिरसा संसदीय सीट से भले पार्टी ने एमपी का उम्मीदवार नहीं बनाया, लेकिन उसके बेटे की रतिया विधानसभा से टिकट काट दी गई, जबकि इस टिकट पर उसका हक था। उन्होंने भरे हृदय से कहा कि समय आने पर वह टिकट कटवाने वाले को जरूर पानी पिलाएंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी वर्करों ने उसे बताया है कि जब से अशोक तंवर सिरसा से सांसद बने हैं, तब से वह जनता में नहीं जा रहे। उनके अनुसार जो भी सांसद चुने जाने के बाद जनता में नहीं जाता, उसे खामियाजा भुगतना पड़ता है। पूर्व सांसद ने कहा कि वे हर माह डबवाली में कांग्रेस वर्करों की बैठक लेकर उन्हें पार्टी की जनहितैषी नीतियों से अवगत कराएंगे। इससे पूर्व आत्मा सिंह गिल ने पार्टी वर्करों की एक बैठक ली और उनके गिले-शिकवे सुने। इस अवसर पर आरके वर्मा, जगपाल सिंह, नन्द लाल धानक, सतपाल सत्ता, रघुवीर सिंह, बिमला महाशा, गुरबचन सिंह, नछत्तर सिंह मटदादू, लाभ सिंह, गोरा सिंह, रतन सिंह आदि उपस्थित थे।