24 अक्तूबर 2013

तिहाड़ जेल जाने वालों की कतार में बिल्लू और हुड्डा
डबवाली (लहू की लौ) पिछले तीन दिनों से जिला सिरसा में हूं। जिला में सड़कें तक पक्की नहीं है। लोगों को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल रही। एक परिवार ने इतने वर्षों तक एक छत्र राज किया हो। देश को उपप्रधानमंत्री तक दिया है। जिला में पिछड़ापन देखकर मुझे हैरत होती है। आप लोग मुझे एक मौका दीजिए। मैं, आपको दिखाऊंगा उन्नति क्या होती है। समान विकास क्या होता है। ये शब्द हरियाणा जनहित कांग्रेस प्रमुख कुलदीप बिश्नोई ने कहे।
60 हजार करोड़ रूपए का कर्जदार हुआ हरियाणा प्रदेश
वे बुधवार को डबवाली के गोल चौक में हजकां-भाजपा गठबंधन कार्यकर्ताओं के अभिनन्दन समारोह के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रोहतक, सोनीपत, सिरसा के साथ-साथ पूरा प्रदेश रो रहा है। फिर भी प्रदेश के सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा प्रदेश को नं. 1 कहने में नहीं हिचकिचा रहे। बिश्नोई ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विकास कार्यों के लिए 60 हजार करोड़ रूपए का कर्ज लिया है। इसके बावजूद प्रदेश की कोई गली पक्की नहीं है। किसी गली में सीवरेज नहीं डाला गया। कहीं भी कारखाना स्थापित नहीं हुआ। प्रदेश में गठबंधन की सरकार आने पर मामले की जांच करवाई जाएगी। दोषी पाए जाने पर अफसर, संतरी तथा मंत्री तिहाड़ में नजर आएंगे।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि प्रदेश तथा देश की जनता अब बदलाव चाहती है। मुद्दा भ्रष्टाचार है। नौजवान, बुजुर्ग, महिलाएं अमन चैन और ईमानदारी से जीवन जीना चाहते हैं। यह तभी संभव है जब बेदाग छवि के लोग सांसद या एमएलए बनेंगे। गोपाल काण्डा, ओमप्रकाश चौटाला, अजय सिंह चौटाला तिहाड़ जेल में हैं। जबकि बिल्लू, भूपिन्द्र सिंह हुड्डा, दीपेन्द्र हुड्डा, रॉबर्ट वाड्रा, नवीन जिन्दल सहित कई नेता कतार में हैं। बिश्नोई ने कहा कि वे तिहाड़ में बंद नेताओं की लम्बी उम्र की कामना करते हैं, ताकि वे अपनी पूरी सजा काट सकें।
तिहाड़ पार्टी से होगा मुकाबला-गणेशी लाल
हरियाणा विजय अभियान में साथ चल रहे भाजपा नेता प्रो. गणेशी लाल ने कहा कि चक दे इंडिया, नप दे किल्ली, पहले हरियाणा, फिर दिल्ली। भाजपा नेता ने कहा कि देश में सत्ता आतंकवादी चला रहे हैं। जो जनता के पैसों को दोनों हाथों से लूटने में लगे हैं। चारों ओर अंधकार छाया हुआ है। युद्ध तिहाड़ पार्टी तथा हिन्दुस्तानी जनता पार्टी में होने जा रहा है। जनता को वरिष्ठ और विशिष्ठ का अंतर छोड़कर शुद्ध राजनीति करने वाले लोगों को सत्ता तक पहुंचाने का अपना फर्ज समझना होगा।
इस अवसर पर हजकां नेता दुड़ा राम, देवकुमार शर्मा, विजय वधवा, रामलाल बागड़ी, मनोज शर्मा, कौर चन्द मोंगा, सतीश काला, पम्मी वधवा, नरेश बागड़ी, डॉ. श्याम लाल, सुनील जिन्दल, सतीश गर्ग, कृष्ण कीनिया, ललित बांसल, प्रवेश घई, वीर सिंह कौशिक, राजीव बांसल, विजय गर्ग, राजेश डेयरी वाले, इन्द्रजीत सिंह टीनू, रजनीश मोंगा, मुनीष, प्रमोद कोछड़ उपस्थित थे।