20 सितंबर 2009

ग्रामीणों को दी नरेगा की जानकारी


डबवाली (लहू की लौ) पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश पर गांव मिठड़ी के सरकारी स्कूल में उपमण्डलीय कानूनी सेवा विधिक प्राधिकरण द्वारा नरेगा पर सेमिनार आयोजित किया गया। जिसकी अध्यक्षता उपमण्डल न्यायिक दण्डाधिकारी महावीर सिंह तथा न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी अमरजीत सिंह ने की। इस मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए उपमण्डलीय कानूनी सेवा प्राधिकरण के प्रधान महावीर सिंह ने कहा कि नरेगा योजना के तहत प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को 100 दिन का रोजगार दिया जाता है। जिसमें उसे 148 रूपये प्रति दिन के हिसाब से मजदूरी दी जाती है। 100 दिन के उसे 14 हजार 800 रूपये दिये जाते हैं। कोई भी जरूरतमंद रोजगार के लिए सरपंच को निवेदन पत्र दे सकता है। अगर वहां उसकी बात नहीं सुनी जाती तो बीडीपीओ के पास, अगर वहां भी बात नहीं सुनी जाती तो लीगल सर्विस अथोरिटी के पास निवेदन कर सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि नरेगा के तहत नरेगा का सारा रिकॉर्ड सरपंच ने रखना होता है और नरेगा के तहत काम करने वाला मजदूर अपने रिकॉर्ड को कभी भी सरपंच के पास से देखने का अधिकारी है। इस अवसर पर न्यायिक लोक अदालत का भी आयोजन किया गया। जिसमें डबवाली की दोनों अदालतों के कुल 57 केस प्रस्तुत हुए। जिसमें से 19 का मौका पर निपटारा कर दिया गया। इसके अतिरिक्त 37 इंतकाल भी प्रस्तुत हुए, जिसका मौका पर उपस्थित नायब तहसीलदार हरि ओम बिश्नोई ने निपटारा किया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के प्रधान कुलवन्त सिधू, एडवोकेट एस.के. गर्ग, के.एल. पासी, भूपिन्द्र सिंह सूर्या, राजेश यादव, गुरप्रीत सिंह बराड़, सुखबीर सिंह बराड़, जितेन्द्र खैरा, कुलदीप सिंह, ओमप्रकाश गांधी, जितेन्द्र सिंह दंदीवाल, पटवार यूनियन के प्रधान अमीलाल, सरपंच के पति हरदेव सिंह आदि उपस्थित थे। इस मौके पर मंच का संचालन वाई.के. शर्मा ने किया।

सच्चा सौदा प्रमुख अदालत में पेश

सिरसा (लहू की लौ) डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह आज एक बार फिर अदालत में पेशी भुगतने के लिए पहुंचे। उनकी पेशी कुरूक्षेत्र के रणजीत हत्याकांड व गुमनाम साध्वी द्वारा अदालत को भेजी गई चिट्ठी को लेकर थी। सुबह साढ़े 10 बजे डेरा प्रमुख का काफिला हुडा बाईपास से अदालत परिसर में दाखिल हुआ। कड़ी सुरक्षा के बीच डेरा प्रमुख को अदालत परिसर में स्थापित किए गए विशेष कक्ष में ले जाया गया। डेरा प्रमुख अपने ऊपर चल रहे पत्रकार रामचन्द्र छत्रपति हत्याकांड, साध्वी यौन शोषण प्रकरण के मामले में भी इसी कक्ष में पेशी भुगतने आते हैं। विशेष कक्ष में वीडियो कांर्फेसिंग के जरिए डेरा प्रमुख को सीबीआई की अंबाला स्थित विशेष न्यायालय के न्यायधीश एएस नारंग के समक्ष पेश करवाया गया। पौने 3 घंटे अदालत की कार्रवाई चली और दोपहर सवा एक बजे डेरा प्रमुख विशेष कक्ष से बाहर निकल आए। अदालत ने मामले की आगामी सुनवाई के लिए 26 सितंबर की तिथि मुकर्रर की है। पेशी भुगतने के बाद हुडा बाईपास से ही उनका काफिला डेरे के लिए रवाना हो गया। अदालत परिसर व उसके बाहर डेरा प्रमुख की पेशी के चलते कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए थे।

ऐलनाबाद से भी चुनाव लड़ेंगे चौटाला

डबवाली (लहू की लौ) इनेलो ने आज 32 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है जिसके साथ ही इनेलो के अब तक 74 प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं। इनेलो ने 42 प्रत्याशियों की पहली सूची 4 सितम्बर को जारी कर दी थी। इसके अलावा इनेलो ने चुनाव घोषित होते ही 2 सितम्बर को पार्टी का चुनाव घोषणा पत्र भी जारी कर दिया था। दूसरी सूची जारी करते हुए इनेलो के प्रधान महासचिव व राज्यसभा सांसद अजय सिंह चौटाला ने बताया कि इनेलो प्रमुख व पूर्व मुख्यमन्त्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला उचानाकलां के साथ-साथ ऐलनाबाद से भी चुनाव लड़ेंगे। अजय सिंह चौटाला ने बताया कि पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह को पंचकूला से, पूर्व विधायक बलवंत सिंह को सढौरा से और पूर्व मन्त्री रिसाल सिंह के बेटे राजबीर सिंह को मुलाना से पार्टी प्रत्याशी बनाया गया है। अजय सिंह चौटाला ने बताया कि पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा को कलायत से, पार्टी के जिलाध्यक्ष कैलाश भगत कैथल से, राजीव गुप्ता जगाधरी से व पार्टी प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य सज्जन सिंह ढुल पूण्डरी से इनेलो प्रत्याशी बनाए गए हैं। पूर्व मन्त्री मो. इलियास को पुन्हाना से, कृष्ण कम्बोज को रानियां, राजेश गोदारा आदमपुर, हिसार नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष हनुमान ऐरन हिसार और पार्टी जिला महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सरोज मोर नारनांैद से प्रत्याशी बनाई गई हैं। इनेलो सांसद ने बताया कि पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राव अजीत सिंह अटेली, राजदीप फौगाट दादरी और रमेश पालड़ी महेंद्रगढ़ से पार्टी प्रत्याशी होंगे। इसके अलावा पार्टी कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष धारा सिंह हांसी, सतीश खौला कोसली और बदरूदीन नूंह से इनेलो उम्मीदवार होंगे। इसके अलावा पूर्व मेयर अनीता गोस्वामी बल्लबगढ़, सुभाष चौधरी पलवल से, प्रकाश डागर फरीदाबाद एनआईटी और सुशील जोगी सोनीपत से पार्टी प्रत्याशी बनाए गए हैं। इनेलो ने पूर्व विधायक ओमप्रकाश बेरी को बेरी से, मनोज जोरासी को समालखा से, पे्रम रोड़ असन्ध, डॉ. हरिचंद मिढा जीन्द, राजेंद्र ऐहरी बादली, कलीराम सफीदों, जितेंद्र बाल्मीकि शाहबाद और रामेश्वर दास बावल से पार्टी प्रत्याशी बनाए गए हैं।