20 दिसंबर 2014

सरकार के खिलाफ आंदोलन की तैयारी, 22 दिसंबर को जिला में गरजेंगे कर्मचारी

डबवाली (लहू की लौ) स्थानीय चौहान नगर में स्थित जलघर में हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी वर्करज यूनियन जनस्वास्थ्य शाखा डबवाली की एक जनरल बैठक यूनियन के प्रधान रामकुमार बिश्नोई की अध्यक्षता में हुई। इसमें तमाम जलघरों से सैंकडों कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में यूनियन के राज्य महासचिव कृष्ण लाल गुर्जर, राज्य उपाध्यक्ष निर्मल सिंह, राज्य संगठन सचिव गुरदीप सिंह, बीएंडआर सिरसा के कोषाध्यक्ष मदन लाल शर्मा व उपाध्यक्ष राम सिंह गिल ने विचार रखे। बैठक का संचालन कोषाध्यक्ष गणेशी लाल ने किया।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए महासचिव कृष्ण लाल गुर्जर ने बताया कि मौजूदा राज्य सरकार ने सत्ता प्राप्ति से पहले अपने चुनावी घोषणा पत्र में प्रदेश के कर्मचारियों की मांगों बारे घोषणाएं की थी लेकिन सत्तासीन होने क बाद खट्टर सरकार ने पूर्व सरकार द्वारा दी गई सुविधाओं को भी वापिस लेने का काम शुरू कर दिया है। रिटायरमेंट की उम्र 60 वर्ष से कम कर दोबारा 58 वर्ष कर दी गई है। इसके अलावा पंजाब के समान वेतनमान देने व कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांगें भी पूरी नहीं की जा रही। विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों पर नियमित भर्ती न करके प्रदेश के युवाओं व कर्मचारी वर्ग के साथ धोखा किया जा रहा है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यूनियन की राज्य कार्यकारिणी के निर्णय अनुसार 22 दिसंबर से 27 दिसंबर तक सभी जिलों में जिला स्तरीय रोष प्रदर्शन किए जाएंगे। उपाध्यक्ष निर्मल सिंह व संगठन सचिव स. गुरदीप सिंह ने बताया कि 22 दिसंबर को सिरसा में कर्मचारियों द्वारा रोष प्रदर्शन किया जाएगा व इसी की तैयारियों को लेकर सभी शाखाओं में कर्मचारियों की बैठकें की जा रही हैं। उन्होंने बैठक में उपस्थित कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर 22 दिसंबर के रोष प्रदर्शन में भाग लें। इससे पहले बैठक में शाखा सचिव मंगतराम के पिता, कश्मीरी लाल की माता, साहब राम के पिता व परमजीत के पिता के आकस्मिक निधन पर शोक प्रस्ताव पारित कर उनकी आत्मिक शंाति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक में गणेशी लाल, निर्मल सिंह, जगपाल सिंह, दीवान चंद, लालचंद, मनमोहन सिंह, राज सिंह, सुभाष चंद्र, राजकुमार, बलबीर सिंह, बृजलाल, शंकर लाल, धर्मेंद्र कुमार, महेंद्र कुमार ने भी विचार रखे एवं आश्वासन दिया कि 22 दिसंबर को जिला स्तरीय रोष प्रदर्शन में डबवाली से सैंकडों कर्मचारी भाग लेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: