31 मई 2020

हरियाणा में 30 जून तक कंटोनमेंट जोन मे बढ़ा लॉक डाऊन

9 से 7 बजे तक खुली रहेगी दुकानें                                                                       चण्डीगढ (लहू की लौ) हरियाणा सरकार ने 30 जून, 2020 तक कंटेनमेंट जोन में लॉकडाउन बढाने का निर्णय लिया हैं। इसके अलावा, राज्य सरकार ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम, जिला मैजिस्ट्रेट और संबंधित विभाग के दिशानिर्देशों के अनुसार चरणबद्ध तरीके से प्रतिबंधित क्षेत्रों को खोलने का भी निर्णय लिया है। 
यह निर्णय आज यहां हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में लिया गया है। बैठक में उप-मुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चैटाला और गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज भी उपस्थित थे। 
बैठक में राज्य के संबंधित जिलों के उपायुक्त अपने अधिकार क्षेत्र में सीआरपीसी की धारा-144 के अंतर्गत व्यक्तिगत आवाजाही पर रात्रि 9 बजे से सुबह 5 बजे तक आवश्यक गतिविधियों को छोडक़र प्रतिबंध लगा सकते हैं। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि अंतर्राज्यीय व अंतर्जिला में लोगों व माल की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। इसके अलावा, राज्य में प्रात: 9 बजे से सायं 7 बजे तक दुकानें खुली रहेंगी और संबंधित जिला के उपायुक्त अपने अधिकार क्षेत्र में भीड़भाड़ वाली मार्किट में आंकलन के आधार पर उपयुक्त प्रतिबंध लगा सकते हैं। 
बैठक में निर्णय लिया गया है कि खेल गतिविधियां प्रात: 5 बजे से शुरू की जा सकती है जबकि इसके लिए पहले 7 बजे शुरू करने के निर्देश थे। इसके अलावा, खेल गतिविधियों से संबंधित पहले जारी किए गए दिशानिर्देश लागू रहेंगें। बैठक में बताया गया कि कोविड-19 प्रबंधन के लिए जारी राष्ट्रीय निर्देशों के तहत सार्वजनिक स्थानों, कार्यस्थलों पर और परिवहन के दौरान चेहरे पर फेस कवर होना आवश्यक है। इसके अलावा, सार्वजनिक स्थानों पर (दो गज की दूरी) कम से कम 6 फीट की दूरी व्यक्तिगत तौर पर बनाए रखनी होगी। दुकानदारों को अपने उपभोक्ताओं के लिए शारीरिक दूरी को बनाए रखना सुनिश्चित करना होगा और उनकी दुकान पर एक समय पर 5 व्यक्तियों से अधिक नहीं होने चाहिए। 
इसके अतिरिक्त व्यापक स्तर पर लोगों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा। विवाह से संबंधित सभा के दौरान 50 से अधिक व्यक्तियों को एकत्रित नहीं किया जा सकता है और अंतिम संस्कार के दौरान 20 से अधिक व्यक्ति इकटठा नहीं हो सकते हैं।  
हरियाणा सरकार ने निर्णय लिया है कि अगले आदेशों तक राज्य सरकार के ‘ए’ और ‘बी’ स्तर के अधिकारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति रहेगी और ‘सी’ व ‘डी’ स्तर के कर्मचारियों की 75 प्रतिशत उपस्थिति होगी। बैठक में बताया गया है कि आपदा प्रबंधन कानून के तहत जुर्माना प्रावधान लागू होगा। 
अंतर्राज्जीय व अंतरजिला बसों की आवाजाही की समय-सारिणी समय-समय पर परिवहन विभाग द्वारा जारी की जाएगी। इसके अलावा, टैक्सी व कैब वर्तमान मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार चलती रहेगी। 
बैठक में यह भी बताया गया कि आगामी 8 जून, 2020 से लोगों के लिए धार्मिक स्थानों पर पूजा गतिविधियां शुरू करने, होटल, रेस्तरां तथा अन्य सत्कार सेवाएं तथा शॉपिंग मॉल को खोलने संबंधित निर्णय केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) आने के पश्चात लिया जाएगा। 

कैंसर व किडनी रोग से पीडि़त नागरिकों को मिलेगी पेंशन

चंडीगढ़(लहू की लौ) हरियाणा में अब कैंसर व किडनी रोग से पीडि़त नागरिकों को 2250 रुपए प्रतिमाह के हिसाब से पेंशन देने का फैसला लिया गया है।
इस मामले में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव ने बताया कि इन नागरिकों को पेंशन देने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सहमति दे दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे नागरिकों को आर्थिक मदद देना बहुत ही जरूरी है। प्रदेश सरकार ने इनकी समस्या को सुनते हुए यह फैसला लिया है और यह बहुत ही सराहनीय कदम है। यादव ने इस ऐतिहासिक फैसले पर मुख्यमंत्री का आभार भी जताया है।
उन्होंने एक अन्य महत्वपूर्ण योजना का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के एक देश एक राशन कार्ड की अवधारणा को हरियाणा प्रदेश ने सबसे पहले सिरे चढ़ाने की शुरुआत की है। इस मामले में मुख्यमंत्री खुद अधिकारियों की बैठक ले चुके हैं।
उन्होंने बताया कि अब दूसरे प्रदेश के प्रवासी मजदूरों को हरियाणा में आने पर अलग से राशन कार्ड बनवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी बल्कि उसी राशन कार्ड से वे यहां भी अपना राशन ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से ले सकेंगे। यह योजना उन सभी प्रदेशों के प्रवासियों के लिए शुरू हो जाएगी जिनके यहां राशन कार्ड को आधार कार्ड से ऑनलाइन जोड़ दिया गया है।

अनलॉक 1 : एक जून से क्या-क्या खुलने जा रहा है, क्या क्या बंद रहेगा


केंद्र सरकार ने लॉकडाउन पांच यानी एक जून से लेकर 30 जून तक के लिए गाइडलाइंस जारी कर दिए हैं. इसे लॉकडाउन 5 के बदले अनलॉक 1 कहा जा रहा है।
इसके तहत सभी गतिविधियों को चरणबद्ध तरीके से खोलने के लिए नए दिशा निर्देश जारी किए हैं. हालांकि रात नौ बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक सभी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रहेगी.
इन गतिविधियों को कंटेनमेंट ज़ोन के बाहर ही खोला जाएगा.
पहले चरण : 8 जून 2020 से सभी धार्मिक स्थल खुल जाएंगे। होटल, रेस्तरां और दूसरे हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज की शुरुआत हो जाएगी। शॉपिंग मॉल्स भी खुल जाएंगे। इनके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से एसओपी जारी की जाएगी।
दूसरे चरण : स्कूल, कॉलेज, एजूकेशनल, ट्रेनिंग, कोचिंग इंस्टिट्यूट आदि को खोलने का फैसला जुलाई 2020 में लिया जाएगा। इसके लिए सभी राज्य सरकारों, केंद्र शासित प्रदेशों, संस्थाओं, अभिभावकों और सभी हितधारकों के साथ विचार विमर्श किया जाएगा।
तीसरे चरण : अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, मेट्रो रेल, सिनेमा हॉल्स, जिम, स्वीमिंग पूल, एंटरटेनमेंट पार्क, थिएटर, बार और ऑडोटोरियम को फेज 3 में खोला जाएगा। हालांकि, इससे पहले एक बार स्थिति की समीक्षा की जाएगी। तीसरे चरण में ही सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियों को खोलने का फैसला लिया जाएगा।


ई-पास की ज़रूरत नहीं होगी
-जि़ला प्रशासन केंद्र सरकार के दिशा निर्देशों का ध्यान रखते हुए कंटेनमेंट ज़ोन निर्धारित करेंगे.
-कंटेनमेंट ज़ोन में सिफऱ् ज़रूरी सेवाओं को ही चलने की अनुमति होगी।
-राज्य सरकारें और केंद्र शासित प्रदेश कंटेनमेंट ज़ोन के बाहर बफऱ ज़ोन निर्धारित कर सकेंगे।
-वहीं राज्यों के भीतर और दो राज्यों के बीच लोगों के आवागमन पर कोई रोक नहीं होगी. किसी ई-पास की ज़रूरत नहीं होगी।
-हालांकि अगर कोई प्रांत या जि़ला प्रशासन लोगों के आवागमन को रोकना चाहे तो आदेश के भरसक प्रचार-प्रसार के बाद ऐसा किया जा सकेगा. संबंधित प्रक्रिया की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी।
-एक जून से 30 जून के दौरान भी लॉकडाउन की तरह ही शादियों में पचास से अधिक लोगों के जाने की अनुमति नहीं होगी।
-इस दौरान जहां तक संभव है कर्मचारियों को घर से काम करने को कहा गया है।
-सार्वजनिक स्थलों, यातायात के दौरान और कार्यस्थल पर चेहरे पर मास्क लगाना अनिवार्य होगा.
-लोगों को एक दूसरे से दो गज़ की दूरी बनाए रखनी होगी।
-दुकानदारों को ग्राहकों के बीच दूरी का ध्यान रखना होगा और एक बार में दुकान के भीतर पांच से अधिक ग्राहकों को नहीं आने दिया जाएगा।
-सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर जुर्माना और सज़ा हो सकती है. साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर पान, गुटखा, शराब आदि के सेवन पर रोक रहेगी।
-वहीं कंटेनमेंट ज़ोन में तीस जून तक पूरी तरह लॉकडाउन रहेगा।

10 जून तक पदभार ग्रहण करने के आदेश

चंडीगढ़(लहू की लै) हरियाणा सरकार ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा चतुर्थ श्रेणी के 18218 पदों के लिए 19 जनवरी, 2019 को घोषित किये गए परिणाम के मद्देनजर उन उम्मीदवारों को एक अंतिम अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया है जिन्होंने किन्हीं कारणों से अपने-अपने विभागों में पदभार ग्रहण नहीं किया था।
मुख्य सचिव कार्यालय के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी एक परिपत्र अनुसार ऐसे उम्मीदवारों को 10 जून, 2020 तक अपने-अपने विभागों में पदभार ग्रहण करने को कहा गया है। यदि 10 जून तक भी कोई उम्मीदवार अपना पदभार ग्रहण नहीं करता है तो संबंधित विभाग उसकी उम्मीदवारिता रद्द करके हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग से अनुशंसा करेगा कि उसके स्थान पर ग्रुप-डी की प्रतीक्षा सूची में से किसी उम्मीदवार का नाम भेजा जाए।

दो साल का लिव इन रिलेशन, अंतिम तस्वीर दर्दनाक

चुनरी से एक-दूसरे का हाथ बांधकर नहर में कूदे थे हरपाल तथा वीरपाल कौर
डबवाली(लहू की लौ)शनिवार को चौटाला पुलिस ने राजस्थान नहर में कालुआना पुल के समीप डबवाली के जवाहर नगर निवासी हरपाल (45) तथा गांव डबवाली निवासी वीरपाल कौर (42) के शव बरामद कर लिए। दोनों के हाथ चुनरी से बंधे हुए थे। महिला का दायां तो पुरुष का बायां हाथ बंधा हुआ था। पुलिस के अनुसार दोनों दो साल से लिव इन रिलेशनशिप में डूमवाली गांव (बठिंडा) में रह रहे थे। हालांकि दोनों विवाहित थे। वीरपाल मूल रुप से भाईकेरा गांव (थाना लंबी) की रहने वाली थी। उसकी शादी गांव डबवाली में हुई थी। उसके दो बेटे हैं। बड़े बेटे की उम्र करीब 15 वर्ष तो छोटा बेटा करीब 11 वर्ष का है। जबकि हरपाल के एक बेटा है। दोनों के लिव इन रिलेशन का पता चलने के बाद परिवारों ने नाता तोड़ लिया था। बताया जाता है कि परिवारों ने महिला-पुरुष को साफ कह दिया था कि वे घर न आएं।

शव ले गए परिजन
चौटाला पुलिस को हरपाल के पिता हरमेल सिंह ने बयान दर्ज करवाए हैं। बयानों में उसने कहा है कि उसके बेटे तथा वीरपाल कौर में कई दिनों से प्रेम प्रसंग थे। इस वजह से उसने नहर में छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पिता के अलावा हरपाल के पीछे परिवार का कोई नहीं आया। तो वहीं महिला के मायका पक्ष के साथ-साथ उसका पति, बेटे भी मौजूद थे। पुलिस ने उपमंडल डबवाली के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव वारिसों को सौंप दिए।

28 मई को नहर में कूदे थे
लिव इन में दो साल बिताने वाले हरपाल तथा वीरपाल कौर 28 मई को गांव सुकेराखेड़ा के निकट राजस्थान नहर पर पहुंचे थे। वे एक बाइक पर सवार होकर गए थे। कुछ लोगों ने नहर की पटरी पर दोनों को बैठे हुए देखा था। शाम करीब साढ़े 6 बजे दोनों छलांग लगा गए थे। बाइक पर एक बैग पड़ा देख लोगों ने इसकी सूचना उसके परिजनों तक पहुंचाई थी। जिसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नहर में दोनों की तालाश शुरु कर दी थी।


नहर में महिला की तालाश
शनिवार को दो शव मिलने के बाद भी नहर में एक महिला की तालाश जारी है। महिला गांव जंडवाला बिश्नोइयां की बताई जाती है। जो पारिवारिक अनबन के चलते घर से निकली  हुई है। अंतिम बार उसे नहर की पटरी पर जाते हुए देखा गया था। महिला मूल रुप से हनुमानगढ़ जंक्शन की बताई जाती है। यह मामला भी 28 मई का बताया जाता है।

राजस्थान नहर से मिले शवों की पहचान हरपाल सिंह तथा वीरपाल कौर के रुप में हुई है। दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। दोनों के परिवारों ने उन्हें घर में आने से रोक रखा था। हरपाल के पिता हरमेल सिंह के बयान पर धारा 174 सीआरपीसी के तहत इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।
-शैलेंद्र कुमार, प्रभारी, पुलिस चौकी चौटाला

डबवाली में पुलिस का मुख्य टारगेट है नशा, पांच माह में दर्ज किए 111 केस

डीएसपी बोले-डीआइजी डॉ. अरुण नेहरा के मार्गदर्शन से नशे के खिलाफ हो रहा कार्य
डबवाली (लहू की लौ) पंजाब, राजस्थान से घिरा डबवाली इलाका नशे के लिए बदनाम रहा है। दोनों राज्यों से आसानी से अफीम, पोस्त की तस्करी होती है, तो वहीं चिट्टा युवाओं की नस-नस में बैठ चुका है। नशे की रोकथाम के लिए पुलिस प्रयासरत हुई है तो कई नशा तस्कर लॉक डाऊन हो गए हैं। पिछले पांच माह के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो पता चलता है कि सिटी पुलिस डबवाली, सदर डबवाली तथा ओढ़ां थाना में एनडीपीएस के कुल 111 मामले दर्ज हुए हैं। नशे के खिलाफ मिली सफलता के लिए जिला पुलिस कप्तान डॉ. अरुण नेहरा की गाइडलाइंस को अहम् माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे को मुख्य टारगेट के तौर पर लिया गया था। पुलिस ने जगह-जगह नाकाबंदी के साथ सोर्स स्थापित किए। तभी हम नशा तस्करों पर शिकंजा कस सकें। बताया जाता है कि तीनों थानों से कुछ ऐसे पुलिस कर्मचारियों को इधर से उधर किया गया था, जो काफी समय से थानों में विराजमान थे। पुलिस को उनकी गतिविधियों पर संदेह था। इसके बाद ही पुलिस ने टारगेट को फॉलो करना शुरु किया था।


मादक अधिनियम के तहत दर्ज अभियोग
थाना           केस
शहर डबवाली 61
सदर डबवाली 34
ओढ़ां 16
कुल         111


नशीला पदर्थ     बरामदगी
हेरोइन             1 किलो 138 ग्राम
गोलियां        35,775
डोडा पोस्त              684 किलो 125 ग्राम
अफीम               7 किलो 608 ग्राम
अफीम पौधे              41 किलो 400 ग्राम


एसएसपी कम डीआइजी डॉ. अरुण नेहरा के कुशल नेतृत्व में हम कार्य कर रहे हैं। उनकी गाइडलाइंस अनुसार नशे को मुख्य टारगेट पर रखा गया है। 1 जनवरी से 29 मई तक सिटी डबवाली, सदर डबवाली तथा ओढ़ां थाना में 100 से ज्यादा मामले एनडीपीएस के दर्ज हुए हैं।
-डीएसपी कुलदीप बेनीवाल, डबवाली

टावर का हिस्सा गली में गिरने से गली वासियों में मचा हड़कम्प

डबवाली(लहू की लौ) रेलवे पुल के पास वार्ड नं.1 की गली नं. एक में टावर में का हिस्सा गिरने से गली वासियों में हड़कम्प मच गया। गली वासियों के अनुसार शुक्रवार को तेज हवा के साथ आई बरसात से गली में आ गिरा। गली वासियों का कहना है कि यदि किसी के घर पर आकर गिर जाता या गली किसी गली में राहगीर पर गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। गली वासियों ने प्रशासन से मांग की है कि  एयरटेल कम्पनी के टावर को हटाया जाये ताकि किसी बड़ी घटना से बच सकें। 

डबवाली में सादे ढंग से मनाई गई अरुट जयंती

डबवाली(लहू की लौ)अरोड़वंश के आदि प्रवर्तक सूर्यवंशी अरूट जी महाराज का जन्मदिवस डबवाली में नई अनाज मंडी रोड स्थित श्री अरोड़वंश धर्मशाला में शारीरिक दूरी का ध्यान रखते हुए मनाया गया। ज्ञानी तीर्थ सिंह ने सरबत के भले के लिए अरदास की। इसके उपरांत अ
रोड़वंश सभा के सरप्रस्त मुकन्द लाल सेठी ने ज्योति प्रजवलित करके महाराज अरूट की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर अरोड़वंश सभा के पूर्व प्रधान प्रेम सिंह सेठी, पूर्व प्रधान ओपी सचदेवा, पूर्व सीनियर उप प्रधान शाम सिंह सेठी, पूर्व महासचिव देस राज सेठी, प्रबंधक कमेटी के प्रधान परमजीत सिंह लभू सेठी, सीनियर उप प्रधान हरजीत सिंह सेठी, उप प्रधान राजकुमार मोंगा, महासचिव दविंद्र सेठी, कोषाध्यक्ष रजनीश मोंगा, अतिरिक्त महासचिव विजय सेठी, उप कोषाध्यक्ष रंजीव सेठी व अजय ग्रोवर पीआरओ, रविन्दर ग्रोवर व नरेंद्र मिढ़ा उपस्थित थे।
इस अवसर पर कच्चा आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान गुरदीप कामरा, सतीश जग्गा, प्रविंद्र अरोड़ा, पवन बब्बर, विनोद सचदेवा, भोला सचदेवा, रेशम लाल सिडाना, अमरजीत सिंह सेठी, राकेश मोंगा, राकेश ग्रोवर (हरी), योगेश मैहता, दीपक सेठी, सुशील कुमार, पारुल सचदेवा, मैडम विजय मोंगा, इन्दु ग्रोवर, इन्दु मिढ़ा, राजिन्दर ग्रोवर, सीमा मैहता, अमरजीत कौर, अमर सिंह उपस्थित थे।

31 May. 2020