22 जनवरी 2011

बस में जेब काटी बीस हजार उड़ाए


डबवाली (लहू की लौ) मां का ऑपरेशन करवाने के लिए हनुमानगढ़ से बठिंडा जा रहे एक व्यापारी की चलती बस में बदमाश ने जेब काटकर हजारों रूपए की राशि उड़ा ली।
हनुमानगढ़ की आढ़ती फर्म मै. अरिहन्त ट्रेडिंग कंपनी के मालिक अशोक जिन्दल (46) ने बताया कि उसकी माता लाजवंती देवी (80) बठिंडा के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। शुक्रवार को उसकी माता के सिर की ब्लॉकेज का ऑपरेशन होना था। ऑपरेशन के लिए आवश्यक धन राशि जुटाकर वह शुक्रवार सुबह करीब 9 बजकर 45 मिनट पर हनुमानगढ़ से बठिंडा के लिए हरियाणा रोड़वेज की बस से रवाना हुआ था।
डबवाली आकर मालूम पड़ा
बस करीब 11 बजकर 15 मिनट पर डबवाली बस अड्डा के बाहर पहुंची। बस से उतरकर उसने बठिंडा के लिए बस पकडऩे से पूर्व अपनी जेब को टटोला तो देखा कि कोट की अंदरूनी जेब में रखी 20 हजार रूपए की राशि गायब है। जब उसने अपने कोट की जेब को चैक किया तो कोट की बाईं जेब कटी हुई है। इसी दौरान उसकी निगाह भागते हुए एक युवक पर पड़ी, जिसने उसके साथ बस में सफर किया था।
पीछा भी किया
भागते युवक को देखकर अशोक जिन्दल ने शोर मचाया। वहां खड़े ऑटो चालकों की मदद से बदमाश का पीछा भी किया। लेकिन न्यू बस स्टैण्ड रोड़ पर आकर बदमाश आंखों से ओझल हो गया। पीडि़त के अनुसार यह युवक हनुमानगढ़ से ही उसके साथ बैठा था। आयु करीब 23-24 साल थी। युवक का रंग सांवला, कद करीब साढ़े पांच फुट था। पेंट-शर्ट पहनी हुई थी। साथ में पीले रंग का कोट पहना हुआ था। उसने सात-आठ साल की एक बच्ची को गोद में उठा रखा था। युवक हिन्दी बोलता था।
आढ़ती के अनुसार हनुमानगढ़ जंक्शन से डबवाली के लिए बस पकड़ते समय उसने टिकट कटवाने के चक्कर में बीस हजार रूपए की नकदी बाहर निकाल ली। उस समय युवक उसके पीछे खड़ा सब देख रहा था। बस में बैठते समय युवक उसके साथ आकर बैठ गया। हालांकि उसने खतरे को भांपते हुए उसे सीट से उठाने का प्रयास भी किया। लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण, ऊपर से युवक की गोद में लड़की उठाई होने के चलते युवक उसकी जेब काटने में सफल रहा। जेब में बीस हजार रूपए की राशि थी। जिसमें 500-500 रूपए के 40 नोट थे।
पुलिस को नहीं किया सूचित
हालांकि बस अड्डा थाना शहर के बिल्कुल सामने हैं। लेकिन इसके बावजूद पीडि़त अशोक जिन्दल ने पुलिस को सूचित नहीं किया। चूंकि बठिंडा के निजी अस्पताल में उपचाराधीन उसकी माता लाजवंती का ऑपरेशन होना था। मां की फिक्र उसे खाये जा रही थी। पैसों की परवाह किए बगैर उसने तत्काल बठिंडा की बस पकड़कर बठिंडा जाना मुनासिब समझा।

झाडू दिखाकर इंसाफ मांगेगे प्रदेश के सफाई कर्मचारी


डबवाली (लहू की लौ) प्रदेश की नगरपालिकाओं में तैनात सफाई कर्मचारी अपनी मांगों के लिए 2 फरवरी से 4 फरवरी तक प्रदेश सरकार के विरूद्ध झाडू लेकर प्रदर्शन करेंगे। आंदोलन को कामयाब करने के लिए हरियाणा नगरपालिका सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष नरेश शास्त्री स्वयं प्रदेश की नगरपालिकाओं में जाकर कर्मचारियों को एकजुट कर रहे हैं।
अपने प्रदेश स्तरीय अभियान के तहत शुक्रवार को शास्त्री डबवाली नगरपालिका पहुंचे। यहां इस संवाददाता से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि हरियाणा नगरपालिका सफाई कर्मचारी संघ ने साल 2010 में प्रदेश सरकार को एक मांग पत्र देकर अपनी 17 मांगे मुख्यमंत्री के सम्मुख रखी थीं। संघ की मुख्य मांगों में नगरपालिकाओं में ठेकेदारी प्रथा की समाप्ति, पिछले दो दशकों से नगरपालिका में बंद पड़ी सफाई कर्मचारियों की भर्ती पुन: शुरू करने, प्रदेश की नगरपालिकाओं में 10,000 सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति, सफाई कर्मचारियों को स्पैशल भत्ता, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, एस ग्रेशिया, कर्मचारियों को 100-100 गज के प्लाट उपलब्ध करवाए जाना शामिल हैं।
शास्त्री के अनुसार प्रदेश सरकार कर्मचारियों की मांगों के प्रति संजीदा नहीं है। बल्कि मौन साधे हुए हैं। सरकार को जगाने के लिए प्रदेश की नगरपालिकाओं में तैनात सफाई कर्मचारी 2 से 4 फरवरी को झाडू लेकर प्रदर्शन करेंगे और स्थानीय विधायक को ज्ञापन सौंपेंगे। अगर फिर भी सरकार ने उनकी मांगों की तरफ ध्यान नहीं दिया तो कर्मचारी 11 फरवरी को जिला स्तरीय प्रदर्शन कर उपायुक्त  को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। संघ के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा कर्मचारियों की मांगों के लिए 24 जनवरी 2011 को काले झण्ड़ों के साथ सरकार के खिलाफ विश्वासघात दिवस मनाने जा रहा है। इस आंदोलन में भी हरियाणा के सफाई कर्मचारी अपना विशेष योगदान निभाएंगे। इस अवसर पर संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष कलावती, ब्रह्मपाल, अखिल वाल्मीकि समाज न्याय मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश गोगा, सफाई कर्मचारी संघ डबवाली के अध्यक्ष संजय डुल्गच, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव राकेश वाल्मीकि, विजय कुमार पुहाल, सुनील पुहाल आदि उपस्थित थे।