डबवाली (लहू की लौ) राजा राम कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के एनसीसी एयरविंग कैडेट्स ने एयरविंग अधिकारी सत्यपाल जोशी के नेतृत्व में संसद भवन (पार्लियामेंट) का शैक्षिक भ्रमण किया। प्रथम चरण में कैडेट्स ने संसद म्यूजियम का अवलोकन किया। यहां उन्होंने एक डॉक्यूमेंट्री द्वारा देश को आजाद करवाने वाले अमर शहीदों व आजादी में योगदान करने वाली महिलाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा सत्ता का हस्तांतरण व आजादी के बाद चुनावों के माध्यम से होने वाले सत्ता हस्तांतरण के बारे में जाना। एयरविंग अधिकारी सत्यपाल जोशी ने बताया कि दूसरे चरण में कैडेट्स ने लोकसभा दीर्घा में बैठकर लोकसभा सत्र की चालू कार्यवाही को देखा। पक्ष व विपक्ष के नेताओं द्वारा देश के विभिन्न मुद्दों पर किए जा रहे तर्क वितर्क को ध्यान से सुना। इसे देखने के बाद कैडेट् जगदीश, हिमांशु, हनी, प्रदीप व चंद्रप्रकाश ने कहा कि संसद भवन के इस शैक्षिक भ्रमण से उन्हें देश की संसदीय कार्यप्रणाली के बारे में अहम जानकारी हासिल हुई। कैडेट्स ने नम्बर एक हरियाणा एयर स्कवाड्रन एनसीसी हिसार के कमान अधिकारी विंग कमांडर राजेश शर्मा का धन्यवाद किया एवं कहा कि उन्हीं की बदौलत जीवन में यह उपलब्धि प्राप्त हुई। भ्रमण के दौरान जूनियर वारंट ऑफिसर डी शुक्ला, सीटीओ ऊषा, सुदर्शन व अन्य कर्मचारी साथ थे। बाद में कैडेट्स ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। राजघाट के साथ-साथ कैडेट्स ने शंातिवन, शक्ति स्थल व वीर भूमि को देखा। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से गांधी संग्रहालय के बारे में जानकारी ली। इंडिय़ा गेट, इंदिरा गांधी मैमोरियल, कुतुबमीनार, लोटस टेम्पल, नेशनल ज्यूलोजिकल पार्क व लाल किले का भ्रमण भी किया एवं अहम जानकारियां हासिल की।
मलोट रोड़ पर हादसा, टयूब्बैल के कनेक्शन करके बाईक पर बेटे के साथ वापिस लौट रहा था
डबवाली (लहू की लौ) मंगलवार रात को मलोट रोड़ पर ट्राला की टक्कर से बाईक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उपचार के लिये दोनों को अस्पताल लेजाया गया। किलियांवाली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रात करीब 9 बजे गांव डबवाली निवासी 40 वर्षीय वीरभान सिंह अपने 18 वर्षीय बेटे सतीश कुमार तथा डबवाली के धालीवाल नगर में रहने वाले 20 वर्षीय गगनदीप के साथ बाईक पर डबवाली की ओर आ रहा था। बाईक को सतीश चला रहा था। डबवाली से कुछ ही दूरी पर पंजाब क्षेत्र में स्थित ईंट भट्ठा के सामने मलोट की ओर जा रहे एक ट्राला ने अपनी दाईं ओर मुड़ते हुये बाईक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वीरभान तथा गगनदीप बुरी तरह से जख्मी हो गये। जबकि सतीश बाल-बाल बच गया। डबवाली निवासी ठेकेदार रवि ग्रोवर ने दोनों को उपचार के लिये अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने वीरभान को मृत घोषित कर दिया।
टयूब्बैल कनेक्शन करके लौट रहे थे
गगनदीप ने बताया कि रवि ग्रोवर ने पंजाब क्षेत्र में टयूब्बैल कनेक्शन करने का ठेका लिया हुआ है। वे पिछले कुछ दिनों से पंजाब के मलोट के निकट स्थित गांव घग्घा में कनेक्शन करने में लगे हुये थे। रात को डबवाली वापिस लौट रहे थे। उनके साथ गांव लंबी का हरवीर भी था। जिसे उन्होंने मार्ग में लंबी गांव में उतार दिया था।
मामला दर्ज
मामले की जांच कर रहे किलियांवाली पुलिस के हवलदार गुरमीत सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे सतीश के ब्यान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बुधवार को डबवाली के सरकारी अस्पताल से शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे उसके वारिसों को सौंप दिया।
मेरे बर्थ-डे पर कार खरीदनी थी
मृतक वीरभान के बेटे सतीश ने बताया कि उसका पिता करीब बीस वर्षों से टयूब्बैल कनेक्शन स्थापित करने का कार्य कर रहा था। दूर-दराज के क्षेत्र में जाने के लिये बाईक का इस्तेमाल करता था। एक साल पूर्व ही वह अपने पिता के साथ काम पर जाना शुरू हुआ था। इस बार भी उन्हें शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित गांव में काम मिला था। वह अपने पिता के साथ 300 रूपये प्रतिदिन दिहाड़ी पर कार्यरत था। उसके पिता की तमन्ना अब कार खरीदने की थी। 19 दिसंबर 2014 को उसका जन्म दिन है। उस दिन ही उन्होंने कार खरीदनी थी। बर्थ-डे से दो दिन पहले ही उसके पिता की मौत हो गई



