29 नवंबर 2014

पालिका भूमि पर अवैध कब्जा होने पर फंसेगा अधिकारी

डबवाली (लहू की लौ) पालिका भूमि पर अवैध कब्जा या अनाधिकृत निर्माण की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी और अधिकारी की खैर नहीं। ऐसे लापरवाह कर्मचारी तथा अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने चेतावनी भरा पत्र प्रदेश की नगर पालिकाओं तथा नगर परिषदों में जारी किया है। जिसके बाद अधिकारी तथा कर्मचारी पालिका भूमि पर अवैध कब्जों तथा अनाधिकृत निर्माण वाले क्षेत्रों क सूची तैयार करके कार्रवाई करने के मूड में हैं।
शहरी स्थानीय निकाय हरियाणा, पंचकूला के उप निदेशक युधिष्ठिर सिंह ने अपने पत्र में कहा है कि पालिका भूमि पर अवैध कब्जों संबंधी लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इस संदर्भ में बार-बार दिशा निर्देश जारी करने के बावजूद पालिका प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में पालिका प्रशासन की अकुशलता और अक्षमता को दर्शाता है। जबकि कथित अवैश कब्जे हटाने व निर्माण रोकने के लिये हरियाणा नगर निगम अधिनियम 1994 की धारा 408 (ए) के तहत संबंधित नगर निगम तथा हरियाणा नगर पालिका अधिनियम-1973 की धारा 181 के तहत संबंधित नगर परिषद या नगरपालिका स्वयं सक्षम है।
पत्र में आई चेतावनी
पत्र के जरिये उपनिदेशक ने पालिका भूमि पर अवैध कब्जे को तुरंत हटाये जाने के आदेश दिये गये हैं। साथ में स्पष्ट तौर पर लिखा है कि अगर उपरोक्त मामले में भविष्य में कोई शिकायत, सरकार व निदेशालय में पुन: प्राप्त होती है तो इस संबंध में संबंधित अधिकारी व कर्मचारी व्यक्तिगत रूप से स्वयं जिम्मेवार होंगे। उनके विरूद्ध नियमानुसार अनुशासकीय कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
12 पत्र जारी कर चुका है विभाग
हालांकि इससे पूर्व भी शहरी स्थानीय निकाय विभाग 12 पत्र जारी कर चुका है। पत्र जारी करने का सिलसिला 1 सितंबर 2011 को जारी हुआ था। इसके बाद 9 जुलाई 2012, 21 जून 2013, 31 जुलाई 2013, 2 दिसंबर 2013, 16 जून 2014, 28 जुलाई 2014, 5 सितंबर 2014, 27 अक्तूबर 2014 को जारी हो चुके हैं। अब अपने नये पत्र में उपरोक्त पत्रों का जिक्र करते हुये उपनिदेशक ने संबंधित कर्मचारी या अधिकारी को व्यक्तिगत तौर पर जिम्मेवार मानते हुये कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। जिसके बाद कर्मचारियों तथा अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति है।

अवैध कब्जे पर सूची बननी शुरू

शहरी स्थानीय निकाय हरियाणा, पंचकूला के उपनिदेशक युधिष्ठिर सिंह का पत्र मिला है। पत्र के अनुसार कार्य आरंभ कर दिया गया है। पालिका भूमि का पता करके अवैध कब्जों की सूची तैयार की जा रही है। जिस पर जल्द कार्रवाई की जायेगी।
-ऋषिकेश चौधरी, सचिव, नगर परिषद, डबवाली

कोई टिप्पणी नहीं: