10 दिसंबर 2014

दिग्विजय बोले, किसानों के लिये आंदोलन करेगी इनेलो

डबवाली (लहू की लौ) इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने सोमवार को नई अनाज मंडी का दौरा कर किसानों, आढ़तियों व मंडी मजदूरों की समस्याएं जानीं। उन्होंने मंडी में व्याप्त अव्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। किसान भवन में एक सरकारी कार्यालय खोलने व भवन में किसानों के लिए सुविधाएं नहीं होने पर रोष जताया।
बाद में इनेलो कार्यालय में कार्यकर्ताओं से रूबरू होते हुए दिग्विजय ने कहा कि भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण सबका पेट भरने वाला किसान आर्थिक संकट से जूझ रहा है। नरमा व धान की कीमतें न्यनूतम स्तर पर आ चुकी है। आज खेती घाटे का सौदा बन चुकी है। फसलों के उचित दाम नहीं मिलने के कारण किसानों को फसलें पकने तक आने वाली लागत राशि पूरा करना ही मुश्किल हो गया है। उन्होंने मंडी में अव्यवस्थाओं को लेकर भी रोष जताया व चेतावनी दी कि यदि किसान भवन से सरकारी कार्यालय कार्यालय जल्द शिफ्ट नहीं किया व किसानों को सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई तो इनेलो द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रेलवे मंत्रालय से संबंधित डबवाली की समस्याओं को लेकर विधायक नैना सिंह चौटाला, हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला व सिरसा के सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी जल्द ही केंद्रीय रेल मंत्री से मिलेंगे। दिग्विजय चौटाला ने बताया कि राम बाग के नजदीक स्थित रेलवे फाटक पर अंडरब्रिज बनाए जाने की मांग वर्षों से लंबित है। इसके अभाव में मेन बाजार रेलवे फाटक पर प्रतिदिन लगने वाले जाम से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके अलावा ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए रेलवे फाटक के नजदीक बने लोडिंग अनलोडिंग प्वाईंट को भी शहर से बाहर शिफ्ट किया जाना जरूरी है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि स्थानीय भाजपा नेताओं ने भी चुनावों से पहले उक्त दोनों मांगों को लेकर शहरवासियों से वायदे किए लेकिन भाजपा की सरकार बनने के बाद चुप्पी साध कर घर बैठ गए हैं। ऐसे में इनेलो द्वारा जनहित में आवाज बुलंद की जाएगी।
इस मौके पर रणबीर राणा, लवली मैहता, सर्वजीत मसीतां, केके सेठी, दर्शन मोंगा, हरबिलास निरंकारी, हरबंस भीटीवाला, परविंद्र अरोड़ा, अजनीश कनेडी, मलकीत सूच, जगरूप सिंह, गुरलाल सिंह, सुखविंद्र सरां, डा. जेके कटारिया, राकेश शर्मा, जगसीर मांगेआना, मुकंद सेठी, तेलू राम बांसल, हैप्पी गिल, सतपाल लोहगढिय़ा, पवन बांसल, अमर बागड़ी, अमन बांसल, गोशा बांसल व अन्य उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: