10 सितंबर 2009

चुनाव अभियान कार्यक्रम को इनेलो ने दिया अन्तिम रूप

डबवाली (लहू की लौ) इनेलो ने पार्टी के चुनाव अभियान को तेज करते हुए पार्टी प्रमुख व हरियाणा के पूर्व मुख्यमन्त्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के चुनाव अभियान कार्यक्रम को अन्तिम रूप दे दिया है। इनेलो प्रमुख शुक्रवार 11 सितम्बर को नारायणगढ़, लाडवा, रादौर, इन्द्री व कुरुक्षेत्र विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को सम्बोधित करेंगे। नारायणगढ़ से पार्टी ने राम सिंह कोडवा, लाडवा से शेर सिंह बडशामी, रादौर से पूर्व विधायक बिशन लाल सैनी, इन्द्री से डॉ. अशोक कश्यप और कुरुक्षेत्र से पूर्व परिवहन मन्त्री अशोक अरोड़ा को इनेलो प्रत्याशी बनाया है। यह जानकारी देते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने बताया कि पूर्व मुख्यमन्त्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला 12 सितम्बर को अम्बाला में और 13 सितम्बर को झज्जर में पार्टी प्रत्याशी व पूर्व मन्त्री कान्ता देवी और बहादुरगढ़ में पूर्व विधायक नफे सिंह राठी के समर्थन में चुनावी सभाओं को सम्बोधित करेंगे। इसके अलावा 14 सितम्बर को खरखौदा में इनेलो प्रत्याशी राजू धानक, गोहाना से प्रत्याशी अतुल मलिक व बड़ौदा से प्रत्याशी डॉ. कपूर सिंह नरवाल के समर्थन में चुनावी सभाओं को सम्बोधित करने के अलावा इसराना में पूर्व विधायक कृष्ण पंवार, घरौंडा में नरेंद्र सांगवान और पानीपत में सुरेश कुमार मित्तल के समर्थन में चुनावी बैठकों को सम्बोधित करेंगे। श्री अरोड़ा ने बताया कि इनेलो प्रमुख 15 सितम्बर को नीलोखेड़ी में पार्टी प्रत्याशी मामू राम गोंदर, पेहवा से इनेलो प्रत्याशी पूर्व कृषि मन्त्री जसविंद्र सिंह सन्धू, चीका से पार्टी प्रत्याशी फूल सिंह बाल्मीकि और यमुनानगर से पार्टी प्रत्याशी दिलबाग सिंह के समर्थन में जनसभाओं को सम्बोधित करेंगे। इनेलो प्रमुख 16 सितम्बर को जुलाना से इनेलो प्रत्याशी परमिंद्र सिंह ढुल, नरवाना से पार्टी प्रत्याशी पृथ्वी सिंह नम्बरदार, टोहाना से पार्टी प्रत्याशी पूर्व विधायक निशान सिंह, रतिया से इनेलो प्रत्याशी निवर्तमान विधायक ज्ञान चंद ओड़ और फतेहाबाद से पार्टी प्रत्याशी व पूर्व विधायक श्रीमती स्वतन्त्र बाला चौधरी के समर्थन में जनसभाओं को सम्बोधित करेंगे। इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पूर्व मुख्यमन्त्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला 17 सितम्बर को उकलाना में पार्टी प्रत्याशी सीमा देवी, बरवाला से इनेलो प्रत्याशी श्रीमती शीला भ्यान, नलवा से पार्टी प्रत्याशी रणबीर सिंह गंगवा, कालांवाली से इनेलो प्रत्याशी चरणजीत सिंह और सिरसा से पार्टी प्रत्याशी पदम जैन के समर्थन में जनसभाओं को सम्बोधित करेंगे। श्री अरोड़ा ने बताया कि पार्टी प्रमुख द्वारा इनेलो प्रत्याशियों के समर्थन में बुधवार को होडल से शुरू किए गए जनसम्पर्क चुनाव अभियान को लोगों से भारी समर्थन मिल रहा है और प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार के जनविरोधी नीतियों से बेहद निराश और परेशान है और आगामी विधानसभा चुनाव में न सिर्फ कांग्रेस की हार तय है बल्कि निश्चित तौर पर प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी। श्री अरोड़ा ने बताया कि 25 सितम्बर को जननायक चौधरी देवीलाल के जन्म दिवस पर जीन्द में आयोजित की जा रही राज्यस्तरीय सम्मान रैली की सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं और इस रैली के प्रति लोगों में भारी जोश और उत्साह पाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर तक पार्टी प्रमुख प्रदेश के 31 विधानसभा क्षेत्रों का पहले चरण का दौरा मुकम्मल कर लेंगे और 19 सितम्बर से पार्टी की ओर से दूसरे चरण का कार्यक्रम तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पिछले चुनाव के समय लोगों के साथ किया गया कोई भी वायदा पूरा नहीं किया है और प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह से विफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के सभी मन्त्रियों, विधायकों व सांसदों ने पिछले पांच सालों के दौरान प्रदेश को दोनों हाथों से लूटने के अलावा और कोई काम नहीं किया और अब वे लोगों के बीच जाने का साहस नहीं जुटा पा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: