10 सितंबर 2009

महिलाओं ने ग्राहक बनकर लूटा दुकानदार को

डबवाली (लहू की लौ) यहां की बराड़ों वाली गली में कुछ महिलाओं ने एक दुकानदार का करीब 1000 रूपये का सामान चुरा लिया। लेकिन विरोध करने पर महिलाओं ने उस पर आरोप लगा दिये। दीपक करियाना स्टोर के मालिक प्रेम कुमार ने बताया कि आज करीब सुबह 10 बजे 15-16 महिलाएं 5-6 बच्चों के साथ दुकान पर आ टपकी। इन महिलाओं ने आते ही चावल, आटा, गुड़ आदि खरीदने के लिए ऑर्डर दिया। लेकिन उसने इतना सामान दुकान में न होने की बात कही। इससे गुस्साई महिलाओं ने दुकान में ब्रेड आदि को गिरा दिया। वह और उसकी पत्नी सरोज गिराये गये ब्रेडों को संभालने लगी। इतनी ही देर में ये महिलाएं दुकान से 15 किलो चीनी, 5 किलो साबुन, 15 रजिस्टर, मेहन्दी आदि उड़ा ले गई। शिकायतकर्ता के अनुसार जब उन्हें सामान चोरी होने की भनक लगी तो वे महिलाओं को ढूंढने निकल पड़े। महिलाएं सामान सहित पकड़ी भी गई। लेकिन उल्टा महिलाओं ने अपने कपड़े फाड़ लिये और उस पर ही अनाप-शनाप आरोप लगाने लगीं। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई और पुलिस मौका पर भी पहुंची। लेकिन कार्यवाही कुछ नहीं हुई। ज्ञातव्य रहे कि घग्घरा पहनी महिलाओं के ऐसे ही एक गिरोह अग्रवाल धर्मशाला क्षेत्र के लोगों ने बल पूर्वक खदेड़ा था और इस सम्बन्ध में लोगों ने लहू की लौ की मार्फत अन्य लोगों को भी जागरूक किया था।

कोई टिप्पणी नहीं: