Adsense

Lahoo Ki Lau

युवा दिलों की धड़कन, जन जागृति का दर्पण, निष्पक्ष एवं निर्भिक समाचार पत्र

punjab लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
punjab लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

14 जून 2020

पंजाब-राजस्थान ने सील की सीमा, हरियाणा के सीमावर्ती इलाके की मुश्किलें बढ़ी


पंजाब-राजस्थान ने सीमा सील करके हरियााणा के सीमावर्ती इलाकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात यह हो गई है कि राजस्थान में आसानी से प्रवेश मिल जाएगा, लेकिन वापिस आने के लिए ई-पास लेना होगा। जो आसानी से नहीं मिलेगा। कुछ ऐसे ही हालात पंजाब ने पैदा कर दिए हैं। वीकेंड पर पंजाब खुला होगा, पर सीमाएं सील होंगी। ऐसे में जिला सिरसा खासकर डबवाली इलाके के कामकाजी लोग भी पंजाब में प्रवेश नहीं कर पा रहे। पंजाब सरकार ने साफ कर दिया है कि जरुरी होने पर ही ई-पास दिया जाएगा। ऐसे में आने वाले दिनों में सीमावर्ती इलाके के लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

डबवाली(लहू की लौ)राजस्थान के बाद दूसरे पड़ौसी सूबे पंजाब ने भी सीमाएं सील कर दी हैं। पंजाब में वीकेंड पर शनिवार तथा रविवार को यह व्यवस्था लागू रहेगी। नई व्यवस्था के मुताबिक अंतरराजीय तथा अंतरजिला आवाजाही के लिए ई-पास जरुरी कर दिया गया है। इस दौरान मेडिकल इमरजेंसी में आने-जाने के लिए छूट तय की गई है। शनिवार को पहले दिन डबवाली से सटे पंजाब के जिला श्री मुक्तसर साहिब तथा बठिंडा की सीमा पर पुलिस तैनात रही। हरियाणा के लोगों की एंट्री नहीं मिली। ऐसे में लोगों ने बठिंडा या श्री मुक्तसर साहिब जाने के लिए चोर रास्तों का सहारा लिया। इधर राजस्थान की सीमा भी सील रही। लेकिन पंजाब की तरह सख्ती नहीं बरती गई। बाहरी व्यक्तियों को स्क्रीनिंग के बाद प्रवेश करने दिया जा रहा था। राजस्थान से वापिस लौटने के लिए ई-पास जरुरी किया गया है।
शनिवार को बठिंडा रोड पर एएसआइ जरनैल सिंह के नेतृत्व में पुलिस तैनात थी। किसी को सीमा पार नहीं करने दी जा रही थी। डबवाली के गांव मटदादू से कार पर जा रहे छह लोगों को पुलिस ने रोक लिया। पुलिस उनका चालान काटने को तैयार हो गई। ग्रामीणों ने जब बताया कि वे किसी के अंतिम संस्कार में शरीक होने जा रहे हैं तो पुलिस ने उन्हें जाने दिया। इधर मलोट रोड पर एएसआइ गुरदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस नाका लगाए हुए थी। यहां जाम जैसी स्थिति दिखाई दी। ई-पास देखकर ही पुलिस ने लोगों को जाने दिया। अन्य गाड़ी चालकों को वापिस भेज दिया।

गजटिड छुट्टियों वाले दिन आवाजाही के लिए ई-पास जरुरी कर दिया गया है। शेष पांच दिनों के लिए पुरानी व्यवस्था ही रहेगी।
-जिला मजिस्ट्रेट
बी. श्रीनिवासन, बठिंडा (पंजाब)

राजस्थान में इंट्री के लिए ई-पास की जरुरत नहीं। प्रदेश से वापिस लौटने या प्रदेश के नागरिक को बाहर जाने के लिए ई-पास जरुरी है।
-एसडीएम मांगी लाल सुथार, संगरिया (राजस्थान)

डबवाली में परेशानी बढ़ा रहे पंजाब से आ रहे बेसहारा पशु

8 मई 2020 को वीसी के जरिए मुख्यमंत्री के समक्ष उठा था मुद्दा
एक माह बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर नंदीशाला ने भेजी शिकायत

डबवाली(लहू की लौ)पड़ौसी सूबे पंजाब से बेसहारा पशु लगातार डबवाली में प्रवेश कर रहे हैं। ऐसे में बेसहारा पशुओं की संख्या बढ़ती ही जा रही है। मामला करीब एक माह पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष उठ चुका है। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इधर हालात यह हैं कि पशु हर रोज किसी को घायल कर रहे हैं। एकता नगरी की गली नं. 6 में लगातार दो मामले सामने आ चुके हैं। सिरसा रोड स्थित नंदीशाला मंडी डबवाली के प्रबंधकों ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने 8 मई 2020 को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए हरियाणा को बेसहारा गौधन मुक्त करने, गौशालाओं तथा नंदीशालाओं के प्रबंधन में आ रही समस्याओं पर विचार किया था। इसमें यह समस्या उभरकर सामने आई थी कि यहां पर अन्य राज्यों की सीमा हरियाणा से लगती हैं, वहां पर पड़ौसी सूबों से बेसहारा गौधन हरियाणा में प्रवेश करता है। डबवाली की सीमा पंजाब से लगती है। इसलिए पंजाब राज्य से बेसहारा गौधन हरियाणा में धकेला जाता है। नंदीशाला प्रबंधकों ने शिकायत के जरिए मुख्यमंत्री को बताया है कि डबवाली से करीब एक किलोमीटर दूरी पर पंजाब पशु मंडी आयोजित करता है। यहां पर किसान पशु बेचने के लिए आते हैं। साथ ही बेसहारा पशुओं को डबवाली सीमा में छोड़ दिया जाता है। हालांकि भारत सरकार की अधिसूचना के मुताबिक अंतरराजीय सीमा के 50 किलोमीटर के भीतर कोई भी राज्य पशु मंडी का आयोजन नहीं कर सकता। इसके बावजूद पशु मंडी संचालित हो रही है।

8 मई को वीसी के जरिए यह मुद्दा सीएम हरियाणा के समक्ष उठा चुका हूं। इसके बावजूद न तो सरकार न कोई कदम उठाया, न ही विभाग ने। इसलिए मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर डबवाली की सीमा के पास लगने वाली पशु मंडी को बंद करवाने की मांग की गई है। साथ ही डबवाली शहर में आ रहे बेसहारा गौधन को रोकने के लिए प्रशासन के माध्यम से सख्त कदम उठाने के लिए मुख्यमंत्री से अपील की गई है।
-विनोद बांसल, प्रधान, नंदीशाला मंडी डबवाली


09 जून 2020

सुरेन्द्र सिंगला अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन पंजाब प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त

डबवाली(लहू की लौ) अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन पंजाब प्रदेश के कार्यालय सचिव सीए साहिल गर्ग ने बताया कि संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने पंजाब प्रदेश के प्रभारी अजय गुप्ता एवं राष्ट्रीय महामंत्री बाबू राम गुप्ता के विचार विमर्श उपरांत सुरेन्द्र सिंगला को पंजाब प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि सुरेन्द्र सिंगला ने संस्था के संस्थापक एवं राज्य सभा सांसद स्व. रामदास अग्रवाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे स्व. बनारसी दास गुप्ता के मार्गदर्शन में इस संस्था के माध्यम से 20 वर्ष पूर्व अपना कार्य प्रारंभ किया था। वह समय समय पर राष्ट्रीय कार्य समिति एवं पंजाब प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब के पूर्व विधायक एवं जिला योजना बोर्ड मानसा के चेयरमैन प्रेम मित्तल संस्था के चेयरमैन एवं अबोहर से डा. जी.एस. मित्तल संस्था के वाइस चेयरमैन होंगे। संस्था का प्रदेश कार्यालय लुधियाना में बनाया गया है। उन्होंने बताया कि नवनियुक्त अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंगला द्वारा सभी अग्रणी सदस्यों से विचार विमर्श के उपरांत प्रदेश कार्य समिति, महिला विंग एवं युवा विंग सहित पंजाब के सभी 22 जिलों के जिला प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी।
सभी जिला प्रभारी अपने जिलों में जिलाध्यक्ष, जिला महिलाध्यक्ष, जिला युवा अध्यक्ष एवं मंडियों के अध्यक्षोंं की नियुक्ति करेंगे। प्रदेश कार्य समिति में सभी जिलों से पांच-पांच सदस्यों को मनोनित किया जाएगा। ताकि संस्था के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। 

28 मई 2020

डबवाली में रह रही पंजाब की महिला कोरोना पॉजिटिव मिली


दो माह से डबवाली के प्रेमनगर तथा रविदास नगर में विवाहित बेटियों के घर पर रुकी हुई थी

डबवाली(लहू की लौ)डबवाली के प्रेमनगर की गली हरभगवान आरे वाले में विवाहिता बेटी के घर रह रही मोगा (पंजाब) निवासी करीब 59 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है। बताया जाता है कि महिला की दूसरी बेटी प्रेमनगर से सटे रविदास नगर की गली नं. 3 में विवाहित है। बेटियों के जेठ की मौत पर दु:ख जताने 21 मार्च को डबवाली आई थी। लॉकडाऊन होने के कारण यातायात व्यवस्था ठप हो गई तो वह डबवाली में फंस गई। करीब दो माह उसने दोनों बेटियों के पास बिताए हैं। कोरोना पॉजिटिव को सिरसा के कोविड-19 अस्पताल में दाखिल किया गया है। जबकि दोनों दामाद, बेटियों समेत दोहती-दोहते को सिरसा लेजाकर आइसोलेट किया गया है। बताया जाता है कि उपरोक्त छह जनों के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे।
कोरोना का यूं पता चला
डबवाली के उपमंडल नागरिक अस्पताल की ओपीडी में आने वाले मरीजों के सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। 21 मई को संबंधित महिला खारिश की दवा लेने अस्पताल में आई थी। हालांकि उसमें कोरोना संबंधी कोई लक्षण नहीं थे। एतिहात के तौर पर चिकित्सकों ने उसका सैंपल लिया था। बताया जाता है कि महिला इन दिनों प्रेमनगर में रह रहे अपने दामाद के घर ठहरी हुई थी। संबंधित व्यक्ति सब्जी मंडी में रेहड़ी लगाता है। जबकि रविदास नगर में रहने वाला दामाद जूती कारीगर है। स्वास्थ्य विभाग महिला से संपर्कों का पता लगाने का प्रयास कर रहा है। बताया जाता है कि आइसोलेट किए गए महिला के छह करीबियों में भी कोरोना के लक्षण नहीं हैं।

चिकित्सकोंं के सैंपल भेजे जाएंगे, कंटेनमेंट जोन बनाए गए
महिला के सैंपल लेने वाले डबवाली उपमंडल नागरिक अस्पताल के दो चिकित्सकों के भी सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे। डबवाली के प्रेमनगर तथा रविदास नगर में कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। बता दें, जिला सिरसा में महिला समेत अब तक कोविड-19 के 11 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। जिसमें से 9 मरीज ठीक हो चुके हैं। एक्टिव मामलों की संख्या 2 है।

25 मई 2020

झाड़ फूंक वाले बाबा के घर से 66 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद

गलत घर में घुसने के कारण घर को ताला लगा निकल भागा बाबा
आरोपित की तालाश के लिए सीआइए पुलिस की टीम का गठन
डबवाली(लहू की लौ) झाड़ फूंक करके लोगों के दु:ख दूर करने का दावा करने वाले पप्पू बाबा नामक शख्स के घर से पुलिस ने 66 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। मामला डबवाली के वार्ड नं. 7 के तहत आने वाले प्रेमनगर की गली नं. 5 का बताया जाता है। यहां सीआइए डबवाली के एसआइ राजपाल के नेतृत्व वाली टीम शनिवार रात करीब 8 पहुंची थी। मुखबरी थी कि पप्पू बाबा उर्फ राजकुमार बांसल के मकान में अफीम या पोस्त भंडारित है। पुलिस पहुंची तो ताला लगा हुआ था। ऐसे में डयूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार संजय चौधरी को बुलाया गया। तहसीलदार ने पार्षद अंजू बाला की मौजूदगी में ताला तुड़वा दिया। घर के पीछे बने पुराने कमरे में चार बैग बरामद हुए। उन्हें खोला गया तो डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार तीन बैग मे 20-20 किलोग्राम तथा एक बैग में छह किलोग्राम डोडा पोस्त मिला है। आरोपित राजकुमार बांसल उर्फ पप्पू बाबा के खिलाफ शहर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

गलत घर में घुस गई पुलिस, आरोपित ताला लगाकर फरार
मुखबरी पाकर पुलिस प्रेमनगर में पहुंची थी। पुलिस गलती से किसी अन्य घर में घुस गई। जब तक पुलिस को गलती का अहसास होता, तब तक आरोपित घर को ताला लगाकर निकल गया। बाद में पुलिस ने घर की तालाशी लेने के लिए आरोपित को कॉल की तो उसने बताया कि वह सपरिवार चंडीगढ़ गया हुआ है। जबकि उसकी मोबाइल लोकेशन डबवाली की ही आ रही थी। ऐसे में डयूटी मजिस्ट्रेट ने ताला तोडऩे के आदेश दिए थे। घर में छापामारी की तो मुखबरी सही पाई गई थी।

66 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामदगी के मामले में आरोपित राजकुमार उर्फ पप्पू बाबा के खिलाफ शहर थाना डबवाली में अभियोग अंकित किया गया है। आरोपित की तालाश में सीआइए डबवाली की टीम का गठन किया गया है। गिरफ्तारी के बाद महत्वपूर्ण खुलासा होने की संभावना है।
-कुलदीप सिंह बेनीवाल, डीएसपी डबवाली

खुदा का कौन सा बंदा था, दो जून की रोटी दे आंखों में आंसू ले गया....



जींद से पंजाब जा रहे मजदूर परिवारों को एक-दूसरे की सीमा में खदेडऩे तक सीमित रही हरियाणा-पंजाब पुलिस


डबवाली (लहू की लौ)हरियाणा पुलिस ने पशुओं की तरह खदेड़ दिया तो कुछ माह की बेटी को उठाए वो तेजी से रेलवे लाइन क्रॉस करके पंजाब सीमा की ओर जा रही थी। उसके पीछे-पीछे कुछ बच्चे, महिलाएं चल रही थीं। बच्चों, महिलाओं, पुरुषों समेत वे कुल 32 लोग थे। सभी की मंजिल एक थी जिला फिरोजपुर के गुरुहरसहाय कस्बे का गांव फतेहगढ़ गहरी। पंजाब सीमा में पुलिस नाके पर पहुंचे तो वापिस जाने के लिए कह दिया। वापिस आए तो पुलिस ने हरियाणा सीमा में घुसने से रोक दिया। पूरी रात खुले आसमान तले बीती, रविवार को तापमान बढ़ गया तो किलियांवाली में कस्सी किनारे शरण ली। दोपहर बाद करीब 1 बजे गुरुहरसहाय से परिजनों ने भेजी दो गाडिय़ां मजदूरों को लेकर चोर रास्तों से वापिस रवाना हो गईं।
लाइव रिपोर्ट :
शनिवार, शाम 7.30 बजे
शाम करीब 6 बजे जींद से 32 लोग डबवाली पहुंचे थे। इस समय डबवाली पुलिस की पीसीआर पूछताछ कर रही है। गोपी, रवि, अरविंद का कहना है कि वे जींद से सटे एक गांव में नाली बनाने का कार्य कर रहे थे। ठेकेदार ने कार्य बंद करके वापिस जाने के लिए कह दिया। वे जींद लघुसचिवालय गए, वहां से भगा दिए गए। मेडिकल करवाने के लिए गए तो वहां से निकाल दिए गए। पैदल निकले तो पुलिस वालों ने मार भगाया। आज सुबह 3 बजे दो पिकअप गाडिय़ों में चले तो अब यहां पहुंचे हैं। गाड़ी चालकों ने उनसे 10 हजार रुपये किराया वसूल किया है। अब उनके पास बहुत कम राशि शेष रह गई है। प्रशासन को सूचित करने की बजाए, पुलिस इन्हें पशुओं की तरह खदेडऩा उचित समझ रही है। पीसीआर पर तैनात दोनों पुलिसकर्मियों का कहना है कि नजदीक ही पंजाब सीमा शुरु हो जाएगी। आप हमारे साथ आओ, हमारी बात हो गई है पंजाब पुलिस से, वे आपको जाने देंगे। पुलिस की बात सुनकर मजदूर पंजाब सीमा की ओर कूच कर गए।
रात : 9.00 बजे
हरियाणा सीमा से खदेडऩे के बाद प्रवासी मजदूर फंस गए हैं, क्योंकि पंजाब पुलिस नाका क्रॉस करने नहीं दे रही। वापिस जाते हैं तो हरियाणा पुलिस घुसने नहीं दे रही। जबकि प्रवासी मजदूरों के लिए प्रबंध करने पर दोनों राज्यों की पुलिस चुप्पी साधे हुए है। बच्चे भूख के मारे तड़प रहे हैं। रात करीब 10 बजे रेलवे स्टेशन पर सीबीएस राजीव शर्मा, एएनएम सुदेश रानी के सहयोग से संस्था अपने ने चावल-दाल का लंगर पहुंचाया है। महिलाओं के अनुसार उन लोगों ने सुबह 7 बजे के बाद भोजन खाया है। संस्था सदस्यों ने पांच महिलाओं तथा बच्चों के पैर नंगे देखकर चप्पल पहनाई है।
रविवार, सुबह 11.30 बजे
नेशनल हाईवे किनारे रात बीताने के बाद रविवार को ये लोग लिंक रोड पर माइनर किनारे पेड़ों की छाया में आ गए हैं। संस्था अपने तथा निरंकारी मिशन के सदस्य दाल-रोटी का लंगर लेकर पहुंचे हैं। बच्चों को रोटी खाते देख समाजसेवियों की आंखे भर आई हैं। ऐसा नज़ारा देखकर शायर की पंक्तियां याद आती हैं कि 'मेरी भूख को वो पन्नी में भरकर दे गया, चार रोटी के साथ सब्जी भी दे गया। मैं नहीं जानता खुदा का कौन सा बंदा था, दो जून की रोटी दे आंखों में आंसू ले गया....Ó। दोपहर बाद करीब 1 बजे मजदूरों के परिजनों ने दो वाहन भेजे हैं। जिसमें वे अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए हैं।