06 दिसंबर 2014

इनेलो के निशाने पर डेरा सच्चा सौदा

इनेलो नेता अभय चौटाला के बाद इनसो अध्यक्ष दिग्विजय ने निकाली भड़ास

डबवाली (लहू की लौ) इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के बाद इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने भी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि राजनीति करना बुरी बात नहीं है, परन्तु धर्म की आड़ में राजनीति नहीं होनी चाहिए। ऐसा करने से लोगों की आस्था को चोट पहुंचती है। वीरवार को डबवाली क्षेत्र के ग्रामीण दौरे पर लोगों को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि धार्मिक संतों का कार्य अंधविश्वासों को मिटाते हुए समाज के उत्थान के लिए के लिए काम करना है न कि राजनीति करना। धर्म की आड़ में राजनीति करना न केवल जनता के साथ धोखा है बल्कि करोड़ों लोगों के विश्वास पर भी ठेस पहुंचती है।
दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि  हमारे में समाज में धार्मिक संतों व गुरूओं ने एक नई दिशा है परंतु अब धर्म के नाम पर कुछ संत ढोंग कर रहे हैं। उनका असली मकसद समाज हित अथवा अध्यात्म नहीं बल्कि निजी स्वार्थों की पूर्ति करना है। उन्होंने कहा कि संत समाज मे फैली बुराईयों, कन्या भ्रुण हत्या, दहेज हत्या  रोकने व नारी शिक्षा को बढ़ावा देने सहित अन्य गतिविधियों में हिस्सा लें, इससे समाज के लोगों का धार्मिक संतों की विश्वास अधिक बढ़ेगा। संत समाज में फैले अंधविश्वास को मिटाएं और लोगों को जागरूक करें। यदि किसी को राजनीति करनी है तो वे राजनीतिक दल बनाएं और चुनाव लड़ें।
दिग्विजय चौटाला ने आज डबवाली विधानसभा हलका के गांव सालमखेड़ा, जंडवाला जाटान, किंगरे, मलिकपुरा, रामपुरा बिश्रोइयां, रामगढ, रत्ताखेड़ा, राजपुरा, घुकांवाली आदि गांवों का दौरा कर नैना सिंह चौटाला को विजयी बनाने पर आभार व्यक्त किया। दिग्विजय ने कहा कि उनकी पार्टी सत्ता में नहीं हैं, परंतु वे युवाओं को रोजगार दिलवाने की उन्हें हर संभव मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इनेलो की सरकार न बनने पर कार्यकत्र्ता निराश होने की बजाय एकबार फिर एकजुट होकर संघर्ष करें ताकि अगली बार चौ. आमप्रकाश चौटाला को सी.एम. बनवा सकें। इसके अलावा दिग्विजय ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए विशेष रूप से कार्य किया जाएगा। इस दौरान दिग्विजय ने गांवों में लोगों की समस्याएं भी सुनी व उनका जल्द हल करवाने की बात कही। इस मौके पर संदीप सिंह गंगा, सर्वजीत मसीतां, मंदर सरां, हसंराज, अवतार मल्हान, बलविन्द्र सरां, दर्शन सिंह मौजूद रहे।

भाजपा को समर्थन देने पर विवाद
बता दें कि विधानसभा चुनावों में डेरा सच्चा सौदा ने सरेआम भाजपा का समर्थन किया था। तभी से अपनी हार के लिये इनेलो डेरा प्रमुख को जिम्मेवार मान रही है। डेरा प्रमुख लगातार इनेलो के निशाने पर चल रहे हैं। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के बाद इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ग्रामीण दौरे पर डेरा प्रमुख का नाम लिये बगैर आग उगल रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: