09 सितंबर 2009

न्यायालय के आदेश पर दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज

सिरसा (लहू की लौ) दहेज प्रताडऩा के आरोप में न्यायालय के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने पति, सास व ससुर के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार एकता नगर निवासी सरोज उर्फ पिंकी पुत्री खरैती लाल का विवाह कुछ वर्ष पूर्व किलियांवाली निवासी जगदीश पुत्र नत्थुराम के साथ हुआ था। विवाहोपरांत पिंकी को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर प्रताडि़त किया जाने लगा। मामले को निपटाने के लिए अनेकों बार पंचायतें हुईं, लेकिन स्थिति ज्यों की त्यों बनी रही। ससुराल पक्ष द्वारा पिंकी के साथ मारपीट जारी रही। पीडि़ता ने सदर थाना पुलिस में शिकायत की, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। आखिरकार पीडि़ता ने न्यायालय की शरण ली। दायर याचिका में पीडि़ता ने आरोप लगाया कि पति जगदीश, सास बंसो देवी तथा ससुर नत्थुराम और दहेज लाने की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने मार-पिटाई शुरू कर दी। आरोप था कि दहेज न लाने की सूरत में ससुराल पक्ष द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। न्यायालय ने सदर थाना पुलिस को पति जगदीश सहित उक्त तीनों लोगों के खिलाफ मारपीट, दहेज प्रताडऩा व जान से मारने की धमकी देने का अभियोग दर्ज करने के आदेश दिए हैं। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

कोई टिप्पणी नहीं: