09 सितंबर 2009

भाजपा को ढूंढे नहीं मिल रहे उम्मीदवार, बोले अजय चौटाला

सिरसा (लहू की लौ) इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एवं राज्य सभा सदस्य चौ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि अगर पार्टी ने आदेश दिया तो वह चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि इनेलो ने 42 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी बिगुल बजा दिया है। चौटाला आज अपने आवास पर पत्रकारवार्ता को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने आज होडल से चुनावी अभियान शुरु कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांगे्रस में खींचतान जारी है और टिकट की दावेदारी को लेकर पर्यवेक्षकों के समक्ष नंगा नाच हो रहा है। जो लोग चुनाव से पूर्व गुंडागर्दी कर रहे हैं वे जनता के अधिकारों के प्रति कैसे सजग रह सकते हैं। उन्होंने भाजपा के नेताओं पर सौदेबाजी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 45 सीटों पर दावेदारी जताने वाली भाजपा को उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रहे हैं जिसकी शिकायत राज्यपाल और मुख्य चुनाव आयोग से की जा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बैक डेट में नियुक्तियां और पदोन्नति कर रही है जिसकी शिकायत चुनाव आयोग से शीघ्र ही की जाएगी। उन्होंने एक आजाद उम्मीदवार का नाम लिए बिना कहा कि ऐसे लोग पैसे के बल पर शहर की शांति और भाईचारा खराब करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उक्त लोगों से पार्टी का कोई नाता नहीं है। उन्होंने कहा कि इनेलो का गठबंधन केवल जनता से है। इनेलो का उदेश्य जनता को कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों से दूर रखना है क्योंकि कांगे्रस जनता का शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि कांगे्रस को चुनाव में ही गरीबों की याद आती है। इनेलो का मुकाबला केवल कांगे्रस से है। चौटाला ने कहा कि पार्टी का घोषणा पत्र वायदा नहीं इरादा है जिसे अवश्य पूरा करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इनेलो जनता के सहयोग से बहुमत हासिल कर अवश्य सरकार बनाएगी। विदेश नीति से संबंधित पूछे गए सवाल में उन्होंने कहा कि चीन द्वारा घुसपैठ करना सरकार की कमजोर नीति का परिणाम है। सरकार की गलत नीति के चलते पड़ोसी देशों के साथ संबंध अच्छे नहीं रहे। इस मौके पर पदम जैन, कृष्णा फौगाट, आरके भारद्वाज, अमीर चावला, प्रदीप मेहता, महाबीर बागड़ी, डा. हरि सिंह भारी आदि उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: