11 सितंबर 2009

23 हजार परमाणु बमों पर सवार दुनिया


वाशिंगटन, 11 सितंबर। शीत युद्ध का काल बीते डेढ दशक हो गया है पर दुनिया में परमाणु हथियारों की होड खत्म होने के बजाय बढती जा रही है। विश्व में अब तक 23,000 परमाणु घोषित रूप से बनाए जा चुके हैं। इनमें से 8100 से ज्यादा बम कभी भी दागे जाने की स्थिति में हैं।
फैडरेशन ऑफ अमरीकन सीइंटिस्ट (एफएएस) द्वारा जारी एक रिपोर्ट में विश्व में सभी देशों के पास परमाणु हथियारों की विस्तृत जानकारी दी गई है, जिसके मुताबिक विश्व के नौ देशों के पास कुल 23,375 परमाणु आयुध हैं। रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की संख्या अब भारत के परमाणु भण्डार से अधिक पहुंच गई है।
एफएएस ने ये आंकडे 28 अगस्त, 2009 को जारी किए थे। आंकडों के मुताबिक रूस का परमाणु जखीरा 13 हजार बमों के साथ सबसे बडा है जबकि अमरीका 9,400 हथियारों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। रूसी जखीरे में 2790 हथियार रणनीतिक, 2050 गैर रणनीतिक तथा 4840 ऑपरेशनल हथियार हैं। इसके विपरीत अमरीका के पास 2126 रणनीतिक, 500 गैर रणनीतिक और 2623 ऑपरेशनल हथियार हैं। रूस के पास 1991 में गैर रणनीतिक मुखास्त्र की संख्या 15 हजार थी, जो अब मात्र 5390 रह गई है। लगभग 200 मुखास्त्र निष्क्रिय अवस्था में यूरोपीय भाग में तैनात हैं तथा अतिरिक्त 2500 मुखास्त्र आरक्षित हैं।
इस सूची में चीन 300 परमाणु बमों के साथ तीसरे, 240 बमों के साथ फ्रांस चौथे तथा 185 बमों के साथ ब्रिटेन पांचवें पायदान पर है। इस तरह सुरक्षा परिषद के पांच स्थाई सदस्यों के पास कुल 23,125 परमाणु हथियार हैं जो विश्व के कुल परमाणु आयुधों का 98.5 प्रतिशत से ज्यादा हैं। अन्य घोषित परमाणु शक्तियों में पाकिस्तान का परमाणु जखीरा इजरायल और भारत की तुलना में कहीं अधिक हो गया है। भारत और पाकिस्तान के पास रणनीतिक हथियार 60-60 है लेकिन कुल हथियारों की संख्या के मामले में भारत के 60 से 80 के मुकाबले पाकिस्तान के पास 70 से 90 तक परमाणु आयुध हैं, जो इजरायल के कुल आयुधों (80) से भी ज्यादा हो सकते हैं। इस प्रकार दक्षिण और पश्चिम एशिया में पाकिस्तान सबसे बडी परमाणु शक्ति हो सकता है।
ताजा परमाणु शक्ति बने उत्तर कोरिया के पास परमाणु हथियारों का ब्यौरा यूं तो किसी के पास नहीं है, लेकिन तमाम सूचनाओं के आधार पर रिपोर्ट में बताया गया है कि उसके पास दस से अधिक परमाणु बम हैं। उत्तर कोरिया ने अब तक दो परमाणु परीक्षण किए हैं।
रिपोर्ट में इजरायल, पाकिस्तान, भारत और उत्तर कोरिया के पास गैर रणनीतिक एवं ऑपरेशनल यानि दागने के लिए तैयार हथियारों की संख्या अनुलब्ध बताई गई है।

कोई टिप्पणी नहीं: