Adsense

Lahoo Ki Lau

युवा दिलों की धड़कन, जन जागृति का दर्पण, निष्पक्ष एवं निर्भिक समाचार पत्र

suicide लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
suicide लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

31 मई 2020

दो साल का लिव इन रिलेशन, अंतिम तस्वीर दर्दनाक

चुनरी से एक-दूसरे का हाथ बांधकर नहर में कूदे थे हरपाल तथा वीरपाल कौर
डबवाली(लहू की लौ)शनिवार को चौटाला पुलिस ने राजस्थान नहर में कालुआना पुल के समीप डबवाली के जवाहर नगर निवासी हरपाल (45) तथा गांव डबवाली निवासी वीरपाल कौर (42) के शव बरामद कर लिए। दोनों के हाथ चुनरी से बंधे हुए थे। महिला का दायां तो पुरुष का बायां हाथ बंधा हुआ था। पुलिस के अनुसार दोनों दो साल से लिव इन रिलेशनशिप में डूमवाली गांव (बठिंडा) में रह रहे थे। हालांकि दोनों विवाहित थे। वीरपाल मूल रुप से भाईकेरा गांव (थाना लंबी) की रहने वाली थी। उसकी शादी गांव डबवाली में हुई थी। उसके दो बेटे हैं। बड़े बेटे की उम्र करीब 15 वर्ष तो छोटा बेटा करीब 11 वर्ष का है। जबकि हरपाल के एक बेटा है। दोनों के लिव इन रिलेशन का पता चलने के बाद परिवारों ने नाता तोड़ लिया था। बताया जाता है कि परिवारों ने महिला-पुरुष को साफ कह दिया था कि वे घर न आएं।

शव ले गए परिजन
चौटाला पुलिस को हरपाल के पिता हरमेल सिंह ने बयान दर्ज करवाए हैं। बयानों में उसने कहा है कि उसके बेटे तथा वीरपाल कौर में कई दिनों से प्रेम प्रसंग थे। इस वजह से उसने नहर में छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पिता के अलावा हरपाल के पीछे परिवार का कोई नहीं आया। तो वहीं महिला के मायका पक्ष के साथ-साथ उसका पति, बेटे भी मौजूद थे। पुलिस ने उपमंडल डबवाली के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव वारिसों को सौंप दिए।

28 मई को नहर में कूदे थे
लिव इन में दो साल बिताने वाले हरपाल तथा वीरपाल कौर 28 मई को गांव सुकेराखेड़ा के निकट राजस्थान नहर पर पहुंचे थे। वे एक बाइक पर सवार होकर गए थे। कुछ लोगों ने नहर की पटरी पर दोनों को बैठे हुए देखा था। शाम करीब साढ़े 6 बजे दोनों छलांग लगा गए थे। बाइक पर एक बैग पड़ा देख लोगों ने इसकी सूचना उसके परिजनों तक पहुंचाई थी। जिसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नहर में दोनों की तालाश शुरु कर दी थी।


नहर में महिला की तालाश
शनिवार को दो शव मिलने के बाद भी नहर में एक महिला की तालाश जारी है। महिला गांव जंडवाला बिश्नोइयां की बताई जाती है। जो पारिवारिक अनबन के चलते घर से निकली  हुई है। अंतिम बार उसे नहर की पटरी पर जाते हुए देखा गया था। महिला मूल रुप से हनुमानगढ़ जंक्शन की बताई जाती है। यह मामला भी 28 मई का बताया जाता है।

राजस्थान नहर से मिले शवों की पहचान हरपाल सिंह तथा वीरपाल कौर के रुप में हुई है। दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। दोनों के परिवारों ने उन्हें घर में आने से रोक रखा था। हरपाल के पिता हरमेल सिंह के बयान पर धारा 174 सीआरपीसी के तहत इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।
-शैलेंद्र कुमार, प्रभारी, पुलिस चौकी चौटाला

30 मई 2020

तीन महिलाओं समेत पांच लोग राजस्थान नहर में कूदे, युवक का शव मिला

मृतक डबवाली के गुलाटी नर्सिंग होम में कार्यरत था, अन्य शवों को ढूंढने में लगे हैं गोताखोर
डबवाली(लहू की लौ)स्कूटी समेत राजस्थान कैनाल में कूदने वाले युवक-युवती में से पुलिस ने युवक का शव बरामद कर लिया है। शुक्रवार को जंडवाला बिश्नोइयां रकबा से गोताखोरों ने शव बरामद किया। मृतक की पहचान गांव चट्ठा निवासी सोहन सिंह (27) के रुप में हुई है। जोकि गुलाटी नर्सिंग होम पर कार्यरत था। 27 मई को शाम करीब 6.15 बजे चिकित्सक की स्कूटी ले गया था। उसके बाद वापिस नहीं लौटा था। उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था। पुलिस ने अस्पताल संचालक मनमीत सिंह गुलाटी की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था। बाद में स्कूटी का क्षतिग्रस्त पार्ट राजस्थान नहर किनारे मिलने के बाद उसकी तालाश शुरु कर दी गई थी। सूचना थी कि जब उसने स्कूटी समेत नहर में छलांग लगाई तो एक लड़की स्कूटी पर सवार थी। ग्रामीणों ने दोनों को बचाने की कोशिश की थी, लेकिन वे डूब गए थे। सोहन सिंह करीब सात-आठ साल से अस्पताल में कार्यरत था। उसके दो माह की बेटी है। इस मामले में शहर थाना पुलिस ने मृतक के बड़े भाई तरसेम सिंह के बयान पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है। उपमंडल नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसके वारिसों को सौंप दिया गया। शहर थाना
प्रभारी सत्यवान के मुताबिक लड़की के बारे में कोई इतलाह नहीं मिली है। लड़के के परिजनों का कहना है कि मौत पानी में डूबने से हुई है। स्कूटी राजस्थान कैनाल पुल के पास बरामद हो गई है।

प्रत्यक्षदर्शी बोले-लड़की का शव मिला था, लाल रंग की टी शर्ट पहनी हुई है
बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह गोताखोरों को लड़की का शव बरामद हुआ था। उसके लाल रंग की टी-शर्ट पहनी हुई थी। गोताखोरों ने शव नहर की दीवार पर रख दिया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लड़की के शव को सफेद कपड़े में लपेटकर रखा गया था। उसका कोई वारिस मौजूद न होने या उसकी पहचान न होने के कारण किसी ने कार्रवाई नहीं की। इधर पुलिस शव मिलने से इंकार कर रही है। शहर थाना पुलिस प्रभारी का कहना है कि लड़की के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हमें नहर से लड़के का शव मिला है। जिस इलाके में लड़की का शव मिलेगा, संबंधित पुलिस ही कार्रवाई करेगी।

दूसरा मामला :
लिव इन में रह रहे महिला-पुरुष नहर में कूदे
प्रतीत होता है कि राजस्थान नहर डेथ पॉइंट बन गई है। स्कूटी सवार लड़का-लड़की के नहर में कूदने की स्याही सूखी नहीं थी कि एक पुरुष तथा स्त्री के नहर में कूदने का मामला सामने आ गया। मामला बृहस्पतिवार शाम का बताया जाता है। नहर में कूदने वाले व्यक्ति की पहचान डबवाली के जवाहर नगर निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति के रुप में हुई है। जबकि महिला गांव डबवाली में विवाहिता थी। बताया जाता है कि दोनों लिव इन में गांव डूमवाली (बठिंडा) में रह रहे थे। बाइक पर गांव सुकेराखेड़ा के निकट राजस्थान नहर की पटरी पर पहुंचे थे। काफी देर तक वहीं घूमते रहे, फिर बैठ गए। बाद में सामान, चप्पल, बैग आदि बाइक पर रखकर नहर में कूद गए। चौटाला पुलिस दोनों की तालाश कर रही है। दोनों के बच्चे हैं।

तीसरा मामला :
घर से गायब महिला के नहर में कूदने का संदेह
इधर गांव जंडवाला बिश्नोइयां से विवाहित महिला घर से गायब हो गई है। बताया जाता है कि पति के साथ अनबन होने के कारण वह घर से निकली है। घर से निकलने से पहले उसने अपनी बहन को फोन कर सूचना दी कि उसका पति उसे पीटता है। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में वह नहर की ओर जाती नजर आ रही है। नहर पर कार्य कर रहे लोगों ने भी पुष्टि की है कि महिला नहर की पटरी पर जा रही थी। ऐसे में उसके नहर में कूदने का संदेह है। बताया जाता है कि महिला मूल रुप से हनुमानगढ़ जंक्शन की रहने वाली है। कुछ माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसकी दूसरी बहन भी उसी घर में विवाहित है। बहन मायके में गई हुई थी।

29 मई 2020

स्कूटी समेत राजस्थान कैनाल में कूदे युवक-युवती, पुलिस बोली-कोई सूचना नहीं

शाम करीब 7 बजे की घटना, प्रत्यक्षदर्शी बोले-तेज हवा तथा पानी के बहाव के कारण बचाया नहीं जा सका


डबवाली(लहू की लौ)बुधवार शाम को स्कूटी सवार युवक-युवती गांव अबूबशहर के नजदीक राजस्थान कैनाल में कूद गए। राहगीरों ने शोर मचाया तो ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की। लेकिन तेज हवा तथा पानी के बहाव के कारण बचाया नहीं जा सका। घटना शाम करीब 7 बजे की बताई जाती है। बताया जाता है कि डबवाली साइड से स्कूटी चौटाला की ओर जा रही थी। स्कूटी को एक लड़का चला रहा था, जबकि लड़की पीछे बैठी हुई थी। गांव अबूबशहर में हाईवे पर स्थित पैट्रोल पंप के समीप लड़के ने स्कूटी की गति बढ़ा दी। आगे चल रहे वाहन को क्रॉस करने के बाद स्कूटी का रुख राजस्थान कैनाल की ओर कर लिया। बाइक चालक के सामने स्कूटी समेत दोनों नहर में कूद गए। पानी में लड़की डूबती हुई नजर आई। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। उसी समय आंधी चल पड़ी, नहर में पानी का बहाव बढ़ गया। ऐसी परिस्थितियों में किसी को बचाया नहीं जा सका। प्रत्यक्षदर्शी गांव लखुआना निवासी कालू डांगी ने बताया कि वह अपने मित्र लक्की बिश्नोई के साथ वापिस गांव लौट रहा था। उन्होंने अपनी आंखों से स्कूटी सहित युवक-युवती को नहर में कूदते देखा था। वे कम तैरना जानते थे, पानी का बहाव बहुत ज्यादा था। इस वजह से उनको बचा नहीं पाए। उन्होंने कुछ लोगों को कॉल की, जिसके बाद गांव अबूबशहर के ग्रामीण मौका पर पहुंचे। गांव अबूबशहर निवासी सुनील कुमार ने बताया कि युवाओं ने डूबते लोगों को बचाने का प्रयास किया था। लेकिन कामयाब नहीं हुए।

वृद्ध ने लगाई छलांग, युवाओं ने बचाया
इधर सुबह करीब 11 बजे डबवाली निवासी भारत भूषण ने राजस्थान कैनाल में छलांग लगा दी। उस समय युवा नहर में नहा रहे थे, उन्होंने वृद्ध को सकुशल बाहर निकाल लिया। सूचना पाकर चौटाला पुलिस मौका पर पहुंची तो वृद्ध के बेटे को बुलाया गया। पुलिस के अनुसार वृद्ध बाइक पर लिफ्ट लेकर आया था। उसके बेटे वीरेंद्र ने बताया कि वह मानसिक तौर पर परेशान है।

राजस्थान कैनाल के किनारे बाइक खड़ा मिला, अमंगल होने का संदेह
बृहस्पतिवार को गांव सुकेराखेड़ा पुल के नजदीक राजस्थान कैनाल की पटरी के नजदीक एक बाइक खड़ा मिला है। ग्रामीणों में चर्चा है कि एक व्यक्ति तथा महिला राजस्थान नहर में गिरे हैं। समाचार लिखे जाने तक किसी ने पुलिस को सूचित नहीं किया था।

इधर अस्पताल का कर्मचारी स्कूटी लेकर लापता
इधर गुलाटी नर्सिंग होम के संचालक डॉ. मनमीत सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि अस्पताल में कार्यरत गांव चट्ठा निवासी सोहन सिंह शाम 6.15 बजे उनकी स्कूटी ले गया था। उसके बाद वापिस नहीं लौटा। गुलाटी के अनुसार कल रात से उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है। परिजन भी कॉल रिसीव नहीं कर रहे हैं। सूचना मिली है कि गांव अबूबशहर के निकट स्कूटी सवार लड़का-लड़की राजस्थान नहर में कूदे हैं। मौका से स्कूटी का क्षतिग्रस्त पार्ट मिला है। करीब 27 वर्षीय सोहन सिंह करीब सात-आठ साल से अस्पताल में कार्यरत था। उसके दो माह की बेटी है।


स्कूटी समेत लड़का-लड़की के राजस्थान कैनाल में छलांग लगाने संबंधी कोई जानकारी नहीं है, न ही इस संबंध में किसी ने कोई सूचना दी। 
-आत्मा राम, कार्यकारी प्रभारी, पुलिस चौकी चौटाला