08 दिसंबर 2014

धूल पर लगानी होगी किक, कांटों पर दौड़ेंगी बेटियां

डबवाली (लहू की लौ) बगैर तैयारियों के खेल विभाग हरियाणा गुरू गोबिंद सिंह खेल स्टेडियम में खंड स्तरीय राजीव गांधी खेल प्रतियोगिता करवाने जा रहा है। सोमवार से शुरू हो रही इस प्रतियोगिता में पांच खेल होंगे। जिसमें पहले दिन लड़कियों तथा दूसरे दिन लड़कों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करनी है।
स्टेडियम से लाईव
दिन : रविवार
समय : 11 बजे
रिपोर्ट : स्टेडियम में उड़ रही धूल के बीच कुछ खिलाड़ी फुटबाल खेल रहे हैं। कल इसी जगह पर धूल के बीच खंड स्तरीय मुकाबलों में 16 वर्षीय लड़कियों को अपना दमखम दिखाना होगा। सवाल उठता है कि धूल भरे मैदान में बेटियां या बेटे  अपना शत् प्रतिशत प्रदर्शन कर पाएंगे? फुटबाल सहित एथलीट, कबड्डी, बॉलीबाल, बॉस्केटबॉल के मुकाबले भी होंगे। एथलीट ट्रेक को देखकर लग रहा है जैसे देश के भावी खिलाडिय़ों की अग्नि परीक्षा होने जा रही है। चूंकि ट्रेक पर कंटीली झाडिय़ां हैं। इसके साथ-साथ कंकर तथा पत्थरों पर भी दौड़ लगानी होगी। बॉलीबाल मैदान को देखने भर से ही तैयारियों का सहज अंदाजा लग जाता है। नेट ईंटों के सहारे टिका हुआ है। वहीं चारों ओर गंदगी का आलम है। बास्केटबॉल मैदान बेहतर नजर आया। करीब एक वर्ष पहले बने इस मैदान में दरारें आ गई हैं।
पानी की अव्यवस्था, हरियाली को चट कर रही दीमक : स्टेडियम में पानी की व्यवस्था के नाम पर एकमात्र टैंक है। इसी से पूरे स्टेडियम को पानी मिलता है। खिलाडिय़ों की प्यास भी इसी से बुझती है। खंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिये किराये के टैंकों की व्यवस्था करके सरकार पर आर्थिक बोझ पड़ेगा। वहीं पानी की कमी के कारण हरियाली प्रभावित हो रही है। हरियाली को दीमक चाट रही है।


पंचायती राज विभाग ने नहीं उठाया कदम
करीब आठ माह पहले पंचायती राज विभाग को 8.40 लाख रूपये जमा करवाये थे। जिससे स्टेडियम में इलेक्ट्रोनिक्स कार्य के साथ-साथ टयूब्बैल लगना था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पानी की कमी के कारण पूरे स्टेडियम में धूल भरा वातावरण है। खंड स्तरीय खेलों के लिये सरकार ने 50 हजार रूपये की राशि दी है। इससे मैदान भी तैयार करना है, खिलाडिय़ों को रिफ्रेशमेंट देने के साथ-साथ बस किराया भी देना है।
-सुखजीत सिंह सुक्खी, कोच
गुरू गोबिंद सिंह खेल स्टेडियम

जल्द लगाया जायेगा टयूब्बैल
हां खेल विभाग ने करीब साढ़े आठ लाख रूपये की राशि जमा करवाई है। पंचायती राज विभाग की इलेक्ट्रोनिक्स विंग अपना कार्य कर रही है। शेष बची राशि से जल्द टयूब्बैल लगाया जायेगा।
-सतीश कुमार, एसडीई
पंचायती राज विभाग, डबवाली

कोई टिप्पणी नहीं: