26 नवंबर 2014

स्कूली बच्चों पर तनख्वाह लुटा देता है यह पुलिसवाला

डबवाली (लहू की लौ) यह पुलिसवाला अपनी तनख्वाह स्कूली बच्चों पर लूटा रहा है। यह कार्य कल से नहीं, पिछले करीब सत्ताईस वर्षों से कर रहा है। प्रदेश के स्कूली बच्चों में राष्ट्र के प्रति भावना को जागृत करने निकला हरियाणा पुलिस का जवान एक वर्ष में करीब 30 कार्यक्रमों का आयोजन करता है। पहली बार जिला सिरसा के खंड डबवाली के गांव मसीतां में कार्यक्रम करने जा रहा है।
जिला सोनीपत के गांव भदाना निवासी ऋषिपाल भदाना की नियुक्ति मधुबन में है। हरियाणा पुलिस में शराबंदी जैसे विषयों पर प्रदर्शनी लगाकर अपने साथियों को शराब की लत छोडऩे का संदेश देने वाले इस जवान ने अपने गांव भदाना से राष्ट्र भ्रातृ यज्ञ समारोह की शुरूआत की थी। 1987-88 में पहली बार आयोजन करने वाले इस जवान ने पिछले पंद्रह वर्षों में छुट्टी के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अपने खर्च विभिन्न कार्यक्रम किये।
प्रत्येक कार्यक्रम में 25 बच्चों का सम्मान
अपनी जीवन संगिनी सविता रानी के साथ राष्ट्र एकता का संदेश देने निकला यह पुलिसवाला प्रत्येक कार्यक्रम में 25 बच्चों को सम्मानित करता है। जिसका खर्च करीब तीन से चार हजार रूपये बैठता है। एक साल में तीस स्कूलों में कार्यक्रम करता है।

कार्यक्रम आज
यह पुलिसवाला बुधवार को पहली बार जिला सिरसा के खंड डबवाली के गांव मसीतां में राष्ट्र भ्रातृ समारोह आयोजित करने जा रहा है। इसके तहत सामाजिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जाएंगे।


यूं चला अभियान
मैं बतौर कांस्टेबल भर्ती हुआ था। लेकिन राष्ट्र के प्रति लोगों की भावना न होने पर दु:ख हुआ। इसलिये उपरोक्त अभियान की शुरूआत की। छुट्टी लेकर अपने अभियान को आगे बढ़ा रहा हूं।
-ऋषिपाल भदाना
एएसआई, मधुबन

कोई टिप्पणी नहीं: