20 जुलाई 2011

अपंग युवक और टेलर मास्टर निकले सट्टेबाज

डबवाली (लहू की लौ) शनिवार की रात दो सट्टेबाजों पर पुलिस बिजली बनकर गिरी। पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापामारी करके सट्टेबाजी में संलिप्त एक अपंग युवक तथा एक टेलर मास्टर को गिरफ्तार किया है।
सिटी पुलिस के एएसआई गोपाल राम ने मुखबरी के आधार पर रात पौने ग्यारह बजे वार्ड नं. 13 में मीना बाजार की वैद्य आसानंद वाली गली में एक मकान पर छापा मारा। इस मकान में रह रहा व्यक्ति नंबर पर सट्टा लगवा रहा था। पोल खुलते ही सट्टेबाज बैड के नीचे जा छुपा। जिसे पुलिस ने काबू कर लिया। एएसआई गोपाल राम ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान टेलर मास्टर अजैब के रूप में करवाई है। आरोपी से 11 हजार 350 रूपए की सट्टा राशि बरामद की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पकड़े गए व्यक्ति के संपर्क पंजाब में कई स्थानों पर हैं। यह व्यक्ति नंबरों पर सट्टा लगवाता था। काफी समय से वह इस कारोबार से जुड़ा हुआ था। सट्टे का नंबर आने पर 1 रूपए के बदले 90 रूपए देता था।
इधर थाना सदर पुलिस के एएसआई छबील दास ने मुखबरी के आधार पर गांव तिगड़ी में एक घर पर छापामारी करके 260 रूपए की सट्टा राशि के समेत 32 वर्षीय अपंग युवक को गिरफ्तार किया है। एएसआई के अनुसार पकड़े गए युवक ने अपनी पहचान साहब सिंह के रूप में करवाई है। यह युवक अपने रिसक पर काम करता था। नंबर आने पर 1 रूपए के बदले 80 रूपए देता था। युवक थ्री व्हीलर चलाता है।

कोई टिप्पणी नहीं: