22 जून 2020

हैफेड और वेयर हाऊस से हटी सरसों गड़बड़ी की छाया

पीवी में सामने आई थी शॉर्टेज, दोनों एजेंसियों ने जमा करवाई 343 क्विंटल सरसों
डबवाली(लहू की लौ) सरसों खरीद में हुई गड़बड़ी की छाया डबवाली से हट गई है। खरीद एजेंसी हैफेड तथा हरियाणा राज्य भंडारण निगम ने 343 क्विंटल सरसों जमा करवा कर शॉर्टेज पूरी कर दी है। बताया जा रहा है कि खरीद के दौरान ही फिजिकल वेरिफिकेशन शुरु हो गई थी। जबकि खरीद के बाद सरसों उठान की रफ्तार काफी कम थी। इस वजह से डिलिंग हैंड बनी फर्मों को बकाया सरसों जमा करवाने में देरी हो गई। इधर तहसीलदार के नेतृत्व में बनी कमेटी फिजिकल वेरिफिकेशन करने के लिए 21 मई को वेयर हाऊस तथा हैफेड के स्टोरेज सेंटरों पर पहुंच गई। 29 मई तक लगातार पीवी होती रही। इस दौरान शॉर्टेज का मामला सामने आया था। बताया जाता है कि दोनों खरीद एजेंसियों ने कमेटी के समक्ष शॉर्टेज जमा करवाकर खुद का पिंड छुड़वाया है। बता दें, फिजिकल वेरिफिकेशन के बाद प्रदेश में कई जगहों पर सरसों खरीद में गड़बड़ी सामने आई थी। जिसके बाद सरकार ने स्टोर पर पुलिस का पहरा लगा दिया था।

86 हजार 759 क्विंटल सरसों खरीदी गई
डबवाली की बात करें तो इस बार डबवाली, गंगा, कालुआना, रिसालियाखेड़ा, हैबुआना, चौटाला आदि गांवों में खरीद केंद्र बनाए गए थे। यहां दोनों एजेंसियों ने 86 हजार 759 क्विंटल सरसों की खरीद की। इसमें से वेयर हाऊस ने 19186 तथा हैफेड ने 67 हजार 573 क्विंटल सरसों खरीदी है। फिजिकल वेरिफिकेशन के बाद वेयर हाऊस ने 169 तथा हैफेड ने 174 क्विंटल सरसों की शॉर्टेज जमा करवाई है। दोनों एजेंसियों ने उपरोक्त सरसों 5 गोदामों में स्टोर की है।

कई दिनों तक पीवी हुई। कमेटी में तहसीलदार, मार्केट कमेटी सचिव आदि शामिल थे। फर्मों की ओर सरसों बकाया होने के कारण शॉर्टेज सामने आई थी। उपरोक्त फर्मों ने सरसों एजेंसी को दी है। कमेटी के सामने एजेंसी ने गोदाम में शॉर्टेज जमा करवा दी है।
-रविंद्र सोलंकी, मैनेजर, हैफेड डबवाली

कोई टिप्पणी नहीं: