30 मई 2020

तीन महिलाओं समेत पांच लोग राजस्थान नहर में कूदे, युवक का शव मिला

मृतक डबवाली के गुलाटी नर्सिंग होम में कार्यरत था, अन्य शवों को ढूंढने में लगे हैं गोताखोर
डबवाली(लहू की लौ)स्कूटी समेत राजस्थान कैनाल में कूदने वाले युवक-युवती में से पुलिस ने युवक का शव बरामद कर लिया है। शुक्रवार को जंडवाला बिश्नोइयां रकबा से गोताखोरों ने शव बरामद किया। मृतक की पहचान गांव चट्ठा निवासी सोहन सिंह (27) के रुप में हुई है। जोकि गुलाटी नर्सिंग होम पर कार्यरत था। 27 मई को शाम करीब 6.15 बजे चिकित्सक की स्कूटी ले गया था। उसके बाद वापिस नहीं लौटा था। उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था। पुलिस ने अस्पताल संचालक मनमीत सिंह गुलाटी की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था। बाद में स्कूटी का क्षतिग्रस्त पार्ट राजस्थान नहर किनारे मिलने के बाद उसकी तालाश शुरु कर दी गई थी। सूचना थी कि जब उसने स्कूटी समेत नहर में छलांग लगाई तो एक लड़की स्कूटी पर सवार थी। ग्रामीणों ने दोनों को बचाने की कोशिश की थी, लेकिन वे डूब गए थे। सोहन सिंह करीब सात-आठ साल से अस्पताल में कार्यरत था। उसके दो माह की बेटी है। इस मामले में शहर थाना पुलिस ने मृतक के बड़े भाई तरसेम सिंह के बयान पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है। उपमंडल नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसके वारिसों को सौंप दिया गया। शहर थाना
प्रभारी सत्यवान के मुताबिक लड़की के बारे में कोई इतलाह नहीं मिली है। लड़के के परिजनों का कहना है कि मौत पानी में डूबने से हुई है। स्कूटी राजस्थान कैनाल पुल के पास बरामद हो गई है।

प्रत्यक्षदर्शी बोले-लड़की का शव मिला था, लाल रंग की टी शर्ट पहनी हुई है
बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह गोताखोरों को लड़की का शव बरामद हुआ था। उसके लाल रंग की टी-शर्ट पहनी हुई थी। गोताखोरों ने शव नहर की दीवार पर रख दिया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लड़की के शव को सफेद कपड़े में लपेटकर रखा गया था। उसका कोई वारिस मौजूद न होने या उसकी पहचान न होने के कारण किसी ने कार्रवाई नहीं की। इधर पुलिस शव मिलने से इंकार कर रही है। शहर थाना पुलिस प्रभारी का कहना है कि लड़की के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हमें नहर से लड़के का शव मिला है। जिस इलाके में लड़की का शव मिलेगा, संबंधित पुलिस ही कार्रवाई करेगी।

दूसरा मामला :
लिव इन में रह रहे महिला-पुरुष नहर में कूदे
प्रतीत होता है कि राजस्थान नहर डेथ पॉइंट बन गई है। स्कूटी सवार लड़का-लड़की के नहर में कूदने की स्याही सूखी नहीं थी कि एक पुरुष तथा स्त्री के नहर में कूदने का मामला सामने आ गया। मामला बृहस्पतिवार शाम का बताया जाता है। नहर में कूदने वाले व्यक्ति की पहचान डबवाली के जवाहर नगर निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति के रुप में हुई है। जबकि महिला गांव डबवाली में विवाहिता थी। बताया जाता है कि दोनों लिव इन में गांव डूमवाली (बठिंडा) में रह रहे थे। बाइक पर गांव सुकेराखेड़ा के निकट राजस्थान नहर की पटरी पर पहुंचे थे। काफी देर तक वहीं घूमते रहे, फिर बैठ गए। बाद में सामान, चप्पल, बैग आदि बाइक पर रखकर नहर में कूद गए। चौटाला पुलिस दोनों की तालाश कर रही है। दोनों के बच्चे हैं।

तीसरा मामला :
घर से गायब महिला के नहर में कूदने का संदेह
इधर गांव जंडवाला बिश्नोइयां से विवाहित महिला घर से गायब हो गई है। बताया जाता है कि पति के साथ अनबन होने के कारण वह घर से निकली है। घर से निकलने से पहले उसने अपनी बहन को फोन कर सूचना दी कि उसका पति उसे पीटता है। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में वह नहर की ओर जाती नजर आ रही है। नहर पर कार्य कर रहे लोगों ने भी पुष्टि की है कि महिला नहर की पटरी पर जा रही थी। ऐसे में उसके नहर में कूदने का संदेह है। बताया जाता है कि महिला मूल रुप से हनुमानगढ़ जंक्शन की रहने वाली है। कुछ माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसकी दूसरी बहन भी उसी घर में विवाहित है। बहन मायके में गई हुई थी।

कोई टिप्पणी नहीं: