01 दिसंबर 2014

इस बार दौड़ेगा किन्नू प्लांट

डबवाली (लहू की लौ) लहू की लौ समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रदेश का एकमात्र किन्नू प्लांट किसानों के लिये एक बार फिर से खुल गया है। मार्किट कमेटी डबवाली से अपने स्तर पर चलाने जा रही है। प्लांट में एग्री बिजनेस मैनेजर की नियुक्ति कर दी गई है। किसानों से एक किलोग्राम किन्नू वेक्सीन और ग्रेडिंग के बदले एक रूपया लिया जायेगा। हालांकि इससे पूर्व मार्केटिंग बोर्ड हरियाणा ने दो बार टैंडर जारी करके प्लांट को ठेके पर देना चाहा था। दोनों बार ही टैंडर लेने के लिये कोई नहीं पहुंचा। जिससे किन्नू प्लांट बंद होने की कगार पर पहुंच गया था।
वेक्सीन, ग्रेडिंग के साथ कैरेट सुविधा
एग्री बिजनेस मैनेजर महावीर सिंह ने नियुक्ति के बाद किन्नू प्लांट को खोल दिया है। साफ-सफाई के बाद किन्नू प्लांट चकाचक कर दिया गया है। बस इंतजार है तो केवल किसानों का। एबीएम ने बताया कि किन्नू की वेक्सिंग के बाद उसकी ग्रेडिंग हो सकती है। ग्रेडिंग किन्नू के आकार पर निर्भर है। किन्नू प्लांट का एक बड़ा हिस्सा बंद है, जिससे यह पता चलता था कि किन्नू मीठा है या खट्टा। हालांकि प्लांट में वेक्सिंग के बाद पैकेजिंग की सुविधा भी है। साथ में किसानों को कैरेट भी उपलब्ध करवाये जाएंगे। किसान 25 पैसे प्रति कैरेट/प्रति दिन के हिसाब से यह सुविधा प्राप्त कर सकता है।
ढाई लाख के देसी जुगाड़ से चला था
राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत साल 2008 में केन्द्र तथा राज्य सरकार ने संयुक्त रूप से गांव अबूबशहर की 16 एकड़ जमीन पर 9 करोड़ रूपये की लागत से प्लांट स्थापित किया था। प्लांट पूर्ण तौर पर फ्रांसिसी तकनीकी पर आधारित है। स्थापना के बाद हरियाणा मार्किटिंग बोर्ड पंचकूला के तहत कार्य शुरू हुआ था। लेकिन वर्ष 2012 में बंद हुआ किन्नू प्लांट शुरू नहीं हो पाया था। इस सीजन में इसके पूर्णतय: बंद होने की स्थिति थी। हालात यह हो गए कि सरकार ने मशीनरी को गन्नौर में स्थापित करने का मन बना लिया था। फ्रांस के विशेषज्ञ प्लांट को शुरू करने के लिये 60 लाख रूपये मांग रहे थे। अबोहर (पंजाब) के एक मैकेनिक ने ढाई लाख रूपये से देसी जुगाड़ बनाकर प्लांट को चालू कर दिया था। इस बार प्लांट देसी जुगाड़ के सहारे गति पकड़ेगा।

प्लांट को चलायेगी मार्किट कमेटी
जैसे ही ठंड बढ़ेगी, वैसे ही किन्नू मार्किट में उतर आयेगा। किन्नू उत्पादकों को वेक्सीन तथा ग्रेडिंग की दिक्कत न हो गांव अबूबशहर स्थित किन्नू प्लांट में एबीएम की नियुक्ति कर दी गई है। प्लांट को बंद नहीं होने दिया जायेगा, मार्किट कमेटी ने इसे अपने स्तर पर चलाने का निर्णय लिया है।
-हेतराम, सचिव मार्किट कमेटी, डबवाली

कोई टिप्पणी नहीं: