01 दिसंबर 2014

एमडी के आदेशों की उड़ाई धज्जियां, नहीं रूके अधिकारी

डबवाली (लहू की लौ) रविवार को दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों ने निगम के मैनेजिंग डायरेक्टर के आदेशों की धज्जियां उड़ा दी। एमडी के आदेश थे कि बिल रिकवरी के लिये कैश काऊंटर खुले रहेंगे। सभी अधिकारी अपने हैड क्वार्टर पर मौजूद रहेंगे। अधिकारियों के हैड क्वार्टर पर आना तो दूर ताले तक नहीं खुले। बेशक कैश काऊंटर खुले रहे। लेकिन जानकारी के अभाव में उपभोक्ता इसका फायदा नहीं उठा सके।
27 नवंबर 2014 को बिजली निगम के एमडी ने मंडल अभियंत को पत्र जारी करके 29 तथा 30 नवंबर को दो दिवसीय विशेष रिकवरी अभियान चलाने के आदेश दिये थे। साथ में जेई से मंडल अभियंता तक के अधिकारी को अभियान के दौरान हैड क्वार्टरों पर मौजूद रहने के लिये कहा था। साथ में कैश काऊंटर खुले रखने के भी आदेश दिये थे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रविवार को निगम अधिकारी आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुये अपने कार्यालय में ही नहीं पहुंचे। वहीं जानकारी के अभाव में गांव डबवाली स्थित कैश काऊंटर पर मात्र एक उपभोक्ता बिल भरने के लिये पहुंचा। जबकि कलोनी रोड़ स्थित शिकायत केंद्र में बने कैश काऊंटर पर छह उपभोक्ता बिल भरने के लिये पहुंचे।
अधिकारी घरों में आराम कर रहे हैं
डयूटी पर मिले कर्मचारियों ने कहा कि निगम के रिकवरी अभियान में वे पिस रहे हैं। आदेश अधिकारियों के डयूटी पर रहने के लिये हुये थे। लेकिन अधिकारी घरों में आराम कर रहे हैं। वहीं बैठे उन्हें मोबाइल पर आदेश पर आदेश कर रहे हैं।

टारगेट से 60 लाख ज्यादा कमाये
हां, एमडी के आदेश आये थे। उन्हें 8 करोड़ 97 लाख रूपये का टारगेट दिया गया था। टारगेट से 60 लाख रूपये ज्यादा कमाये हैं। वे कार्यालय में नहीं थे, लेकिन फील्ड में जरूर थे। कैश काऊंटर खोलने संबंधी पब्लिसिटी में चूक हो गई।
-अशोक भनोट, मंडल अभियंता, बिजली निगम, डबवाली

कोई टिप्पणी नहीं: