24 दिसंबर 2014

शहीद का दर्जा देने में सरकार को लगे 19 बरस

एचसीएस सोमनाथ कंबोज के ससुर बोले, इस देश में शहीदों का सम्मान नहीं, अपमान होता है

डबवाली (लहू की लौ) एसडीएम सोमनाथ कंबोज मेरे दामाद थे। डबवाली अग्निकांड से ठीक तीन दिन पहले उनका तबादला गुहला चीकां के लिये हो गया था। लेकिन डीएवी स्कूल के कार्यक्रम में आ रहे एक मंत्री के लिये व्यवस्थाएं देखने के लिये वे वहीं रूक गये। कार्यक्रम के बाद उन्होंने नई जगह पदभार ग्रहण करना था। लेकिन अग्निकांड ने मेरी बेटी कमलेश रानी के संग उन्हें भी लील लिया। मेरे दामाद ने कई बच्चों की जिंदगियां बचाई। जिन राजनीतिकों के लिये डयूटी निभाते उन्होंने अपने प्राण न्यौछावर किये, वहीं राजनीतिक उनकी शहीदी भूल गये। अग्निकांड के उन्नीस वर्षों बाद सरकार ने उन्हें शहीद का दर्जा दिया। यह कहना है यमुनानगर निवासी रिटायर्ड प्रिंसीपल यशपाल सिंह का।
23 दिसंबर 1995 को एचसीएस सोमनाथ कंबोज अपनी पत्नी तथा दो बच्चों प्रखर तथा समीर के साथ कार्यक्रम में पहुंचे थे। दोपहर बाद ठीक 1 बजकर 47 मिनट पर आग ने अपना तांडव दिखाया। इससे कुछ समय पूर्व ही दोनों बच्चे ड्रेस बदलने के लिये चालक के साथ गाड़ी में चले गये थे। आग में घिरे इस एचसीएस ने कई बच्चों को दीवार से बाहर फेंका। अपने अंग रक्षक के साथ आग में से निकलकर कई बच्चों को बाहर ले आये। बाद में अपनी पत्नी तथा बच्चों को बचाते हुये वे शहीद हो गये। मां-बाप को खो देने के बाद दोनों बच्चों को उनके नाना यशपाल अपने साथ यमुनानगर ले गये। सरकारी स्कूल से बतौर प्रिंसीपल रिटायरमेंट होने के बाद दोनों की परवरिश की। पेंशन राशि से पढ़ाकर प्रखर को एमबीए करवाई। जो आज करनाल स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है। जबकि समीर ने होटल मैनेजमेंट में शिक्षा प्राप्त की है।
यशपाल सिंह ने बताया कि अग्निकांड से दो दिन पूर्व वह डबवाली में अपनी बेटी के साथ था। उसके दामाद को तबादले के साथ ही पदोन्नति मिलने वाली थी। जबकि बेटी कमलेश को अध्यापक की सरकारी नौकरी। लेकिन अग्निकांड ने दोनों को एक साथ लील लिया। सोमनाथ बच्चों को बचाते हुये शहीद हुआ। लेकिन सरकार ने उसे शहीद का दर्जा देने में उन्नीस वर्ष लगा दिये। इस देश में शहीदों का सम्मान नहीं अपमान होता है। ऐसा उसे सरकारी स्तर पर पत्र व्यवहार करने पर मालूम हुआ। चूंकि समीर को थर्ड क्लास नौकरी के लिये कई आवेदन किये, लेकिन किसी ने सुनवाई तक नहीं की।
ठंडे बस्ते में आवेदन
डबवाली अग्निकांड से अब तक विभिन्न राजनीतिक दलों की सरकार आ चुकी है। लेकिन किसी ने पलटकर अग्निकांड पीडि़तों तथा उनके परिवारों की ओर नहीं देखा। भूपिंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली सरकार में सोमनाथ को शहीद का दर्जा मिलने पर समीर को थर्ड क्लास श्रेणी में सरकारी नौकरी मिलने की आस बंधी। लेकिन मौजूदा मनोहर लाल खट्टर की भाजपा सरकार ने पुरानी सरकार की कार्यवाही पर अंकुश लगाते हुये समीक्षा करने की बात कही है। जिससे उन्नीस वर्षों बाद फिर से तस्वीर धुंधली हो गई है। चूंकि एक बार फिर फाईल ठंडे बस्ते में चली गई है।
अगर अधिकारियों के साथ ऐसा होता है, तो आम के साथ कैसा होगा
रिटायर्ड प्रिंसीपल ने बताया कि अगर एचसीएस अधिकारी को शहीद का दर्जा मिलने में उन्नीस वर्ष लगते हैं। परिवार के किसी सदस्य को नौकरी नहीं मिलती। न्याय मांगने पर राजनीतिकों के आश्वासन मिलते हैं, तो फिर आम व्यक्ति के साथ कैसा होता होगा, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश तथा केंद्र में भाजपा सरकार है। अग्निकांड पीडि़तों की मदद के लिये सरकार को आगे आना चाहिये।

23 दिसंबर 1995 को डबवाली में हुये भीषण अग्निकांड में कुछ ऐसे अधिकारी थे, जिन्होंने अपनी जान पर खेलकर नन्हें बच्चों की जान बचाई। एक एचसीएस अधिकारी ऐसा था, जिन्होंने तबादला होने के बावजूद अपना फर्ज निभाया। अपने फर्ज के लिये अपने प्राण न्यौछावर कर दिये। वहीं एक अधिकारी ऐसा भी था, जिसे डबवाली में आये महज तीन दिन हुये थे। अग्निकांड में बेटी को खो देने के बाद पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल रहते हुये प्रत्येक दिन अग्निकांड पीडि़तों को हौंसला दिया। आज यह अधिकारी हरियाणा पुलिस में एक बहुत बड़े ओहदे पर है। डबवाली अग्निकांड की 19वीं बरसी पर ऐसे अधिकारियों का याद आना स्वाभाविक है। लेकिन उस समय के उपायुक्त एमपी बिदलान से प्रत्येक अग्निकांड पीडि़त खफा है। जिस तरीके से वे बच्चों को पैरों तले कुचलते हुये भागे थे, वह भी अभी तक अग्निकांड पीडि़तों के जेहन में है।

आईजी अनिल राव के फूलों को नहीं भूले पीडि़त

डबवाली (लहू की लौ) मैं ठीक हो गया हूं, भगवान आपको भी ठीक करेगा। ये विचार हिसार के आईजी अनिल राव के हैं। 1995 में वे बतौर डीएसपी डबवाली में नियुक्त थे। डबवाली अग्निकांड से ठीक तीन दिन पहले ही उन्होंने पदभार ग्रहण किया था। अपनी बेटी सुरभि को डीएवी स्कूल में दाखिल करवाया था। 23 दिसंबर 1995 को वह अपनी बेटी के साथ कार्यक्रम में शरीक हुये थे। कार्यक्रम में उठे आग के बवंडर ने उनकी बेटी को लील लिया। खुद भी जख्मी होकर पीजीआई चंडीगढ़ में पहुंचे। खुद जख्मी होने के बावजूद उन्होंने पीजीआई में दाखिल अग्निकांड पीडि़तों का हौंसला बढ़ाया। दिन की शुरूआत में यह जाबांज अफसर प्रत्येक अग्निकांड पीडि़त के कमरे में फूल भेजता। साथ में परिजनों के लिये एक मैसेज। खुद की बैड रेस्ट खत्म होने के बाद अनिल राव पीजीआई में प्रत्येक अग्निकांड पीडि़त से मिले। अपने हाथों से फूल देकर कहा कि जिंदगी फूलों के सामान है। हमेशा खिलखिलाते रहना चाहिये। मैं ठीक हो गया हूं, भगवान आपको भी ठीक करेगा। ये शब्द आज अग्निकांड पीडि़तों को याद हैं। अनिल राव के हौंसले की बदौलत कई अग्निकांड पीडि़त आत्मनिर्भर बने।
डीएसपी से आईजी तक का सफर
अग्निकांड के बाद उनका तबादला कर दिया गया था। वे प्रदेश में विभिन्न जगहों पर रहते हुये पदोन्नति प्राप्त करते रहे। आग का दरिया लांघकर आया यह जाबांज अधिकारी आज हिसार का आईजी है। वे जब भी डबवाली आते हैं, तो अग्निकांड स्मारक पर जाना नहीं भूलते।

कोई टिप्पणी नहीं: