06 मार्च 2010

पंजाब चाहे तो अलग राजधानी चुन ले, बोले हुड्डा

चण्डीगढ़ (लहू की लौ) हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वर्ष 2010-11 के लिए राज्य का बजट आम आदमी का बजट होगा तथा यह प्रदेश में अब तक प्रस्तुत किये गये बजट से सबसे बड़ा बजट होगा।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को विधानसभा की प्रैस लॉबी में पत्रकारों के प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि बजट में सामाजिक क्षेत्र के एजेंडे तथा चल रही परियोजनाओं को पूरा करने पर भी बल दिया जाएगा।
पंजाब विधानसभा के चल रहे सत्र के दौरान पंजाब सरकार द्वारा राज्यपाल के अभिभाषण में उठाये गये चंडीगढ़ के मुद्दे की ओर ध्यानाकर्षित किये जाने पर हुड्डा ने कहा कि यह राज्यपाल के अभिभाषण का मुद्दा नहीं था। बहरहाल, उन्होंने स्मरण करवाया कि दिल्ली में हाल ही में कानून एवं व्यवस्था पर हुई एक बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ के इसी मुद्दे को उठाया था तथा उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि पंजाब का चंडीगढ़ पर उतना ही अधिकार है जितना की हरियाणा का। इसलिए, यदि पंजाब एक अलग राजधानी चाहता है तो पंजाब के लिए यह बेहतर होगा कि वह चंडीगढ़ के बाहर अपनी राजधानी बनाये।
पंजाब सरकार द्वारा चंडीगढ़ अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को मोहाली अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में वर्णित किये जाने के संबंध में पूछे गये एक अन्य प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि एक स्पेशल परपज व्हीकल बनाया गया है तथा पंजाब व हरियाणा दोनों का बराबर का हिस्सा है। निर्णय लिया गया था कि इसे चंडीगढ़ अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम दिया जाएगा। उन्होंने अपने द्वारा कही गई इस बात को भी स्मरण करवाया कि यदि इस अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा जाए तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। राज्य मंत्रिमण्डल के विस्तार की सम्भावना पर पूछे गये एक अन्य प्रश्न के जवाब में हुड्डा ने कहा कि मंत्रिमण्डल का विस्तार किया जाएगा, लेकिन कब होगा इस बारे में उन्होंने कुछ नहीं कहा। हरियाणा जनहित कांग्रेस (बीएल) के पांच विधायकों द्वारा कांग्रेस पार्टी के प्रति निष्ठा दिखाये जाने मुद्दे की ओर ध्यानाकृषित किये जाने पर हुड्डा ने कहा कि यह एक न्यायाधीन मामला है और कानून अपना काम करेगा। आज चंडीगढ़ में हरियाणा जनहित कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर की गई लाठी चार्ज के संबंध में हुड्डा ने कहा कि हमें कानून के दायरे में रहना चाहिए तथा यह कार्य स्थानीय प्रशासन द्वारा किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं: