12 सितंबर 2009

बेदी आत्महत्या प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

सिरसा (लहू की लौ) बहुचर्चित सुखविन्द्र बेदी आत्महत्या मामले में पीडि़त परिजनों ने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। पीडि़त परिजनों का कहना है कि इस मामले को एक वर्ष हो गया है लेकिन पुलिस अब तक केवल एक ही व्यक्ति को गिरफ्त में ले सकी है। शेष सभी आरोपी खुले घूम रहे हैं। मालूम हो कि एक साल पहले फाइनेंसरों के दबाव के चलते रेडीमेड गारमेंट संचालक सुखविन्द्र बेदी ने आत्महत्या कर ली थी। मृतक ने सुसाइड नोट में करीब आधा दर्जन लोगों के नाम लिखे थे और उन्हीं लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर छह लोगों को नामजद किया था। बाकायदा मधुबन स्थित पुलिस प्रयोगशाला से सुसाइड नोट की जांच करवाई गई थी जिसमें पुष्टि हुई थी कि सुसाइड नोट मृतक सुखविन्द्र बेदी के द्वारा ही लिखा गया था। मृतक की पत्नी गुरविन्द्र कौर व मां मंजीत कौर ने जारी किए प्रेस वक्तव्य में पुलिस कार्रवाई पर असंतोष जताया। उनका कहना है कि 13 सितंबर 2008 को मामला दर्ज किया गया था लेकिन अब तक केवल एक भूप सिंह नामक आरोपी को ही पुलिस गिरफ्तार कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। इसी वजह से अब तक उन लोगों की गिरफ्तारी नहीं हुई।

कोई टिप्पणी नहीं: