14 सितंबर 2009

चौधर आम आदमी के हाथ में देने के लिए इनेलो का साथ दें-अजय चौटाला

सिरसा (लहू की लौ) भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पिछले चुनावों में रोहतक की चौधर का नारा देकर सत्ता पर कब्जा किया था परन्तु सत्ता में आने की बाद यह चौधर एक व्यक्ति तक ही सीमित हो कर रह गई और सरकार ने तानाशाह रवैया अख्त्यिार कर लिया। पूरे प्रदेश के लोग विकास कार्यों व नौकरियों के लिए सरकार का मुंह ताकते रहे परन्तु पौने पांच वर्षों में किसी वर्ग को हताशा के सिवाय कुछ नहीं मिला। परन्तु मैं वायदा करता हूं कि इनेलो की सरकार बनने पर हरियाणा की चौधर व्यक्ति विशेष के हाथ में नहीं बल्कि, हर किसान, मजदूर, कामगार, मजदूर व नवयुवक के हाथ में होगी और आम आदमी की सरकार होगी। यह बात इनेलो के प्रधान महासचिव अजय सिंह चौटाला ने कही। वे सोमवार को प्रात: बरनाला रोड स्थित अपने आवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इनेलो सांसद ने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी आम आदमी से जुड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल ने गरीब, किसान व पिछड़े वर्गों के हितार्थ कार्य करने के लिए इस पार्टी का गठन किया था और आज इनेलो उन्हीं की बताई गई नीतियों पर चल रही है। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल ने जमीन से जुड़े व्यक्तियों को सत्ता के शिखर तक पहुंचाया और उन्हें राजनीति में भागीदारी दी। उन्होंने कहा कि उन्हीं की नीतियों का परिणाम है कि इनेलो आम आदमी से जुड़ा हुआ सबसे अनुशासित संगठन है। अजय सिंह चौटाला ने कहा कि और पार्टी एक मात्र उद्देश्य प्रदेश के हर वर्ग को आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर क्षेत्रवाद फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने एक विशेष जिले को छोड़ कर किस क्षेत्र के लिए कितना विकास किया है, यह बात हर कोई जानता है। जहां तक रोजगार उपलब्ध करवाने की बात है, मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश के लाखों युवकों के साथ धोखा किया। रोजगार देने के नाम पर युवकों को गुमराह किया गया और थोड़ी बहुत नौकरियां दी गई, वह केवल किलोई क्षेत्र तक ही सीमित हो कर रह गई। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भर्ती के नाम पर बेरोजगारों के साथ बड़ा धोखा हुआ और वे पिछले साढ़े चार वर्ष से परिणाम घोषित होने के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि प्रदेश की चौधर को आम आदमी तक पहुंचाने के लिए इनेलो का साथ दें। इस अवसर पर इनेलो प्रत्याशी पदम चंद जैन, कृष्णा फोगाट, राधेश्याम शर्मा, गंगाराम बजाज सहित अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: