07 सितंबर 2009

प्लॉट विवाद में जिन्दा जलाया

सिरसा (लहू की लौ) प्लॉट के विवाद को लेकर एक युवक ने अपने भाई को जला कर मार डाला। पुलिस ने मृतक के मृत्युपूर्व दर्ज किए बयानों के आधार पर उसके भाई सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों के सुपुर्द कर दिया। आरोपी अभी गिरफ्त से बाहर है।
मिली जानकारी के अनुसार थेड़ मोहल्ला निवासी राजकुमार पुत्र कुंदन लाल का अपने बड़े भाई कुलभूषण के साथ प्लाट को लेकर विवाद चल रहा था। राजकुमार गत सायं किसी कार्यवश गांव मीरपुर गया हुआ था। इस दौरान कुलभूषण अपने तीन अन्य साथी अशोक कुमार, प्रवीण व बोबी के साथ राजकुमार के पीछे जा पहुंचा। उक्त लोगों ने राजकुमार पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा दी। लोगों ने झुलसी अवस्था में उसे सामान्य अस्पताल दाखिल करवाया। मामले की जानकारी शहर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर राजकुमार के बयान कलमबद्ध किए। राजकुमार के बयान के आधार पर पुलिस ने उक्त चारो आरोपियों पर जान से मारने के प्रयास का मामला दर्ज किया।
आज सुबह राजकुमार की मौत हो गई। पुलिस ने मृत्यु पूर्व दिए गए बयानों के आधार पर राजकुमार के सगे भाई कुलभूषण सहित अशोक, प्रवीण तथा बोबी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

कोई टिप्पणी नहीं: