11 जून 2020

चरित्र सन्देह में कस्सी मारकर की पत्नी की हत्या, ठंडा पानी पीकर बेटी से बोला-आज कलेजा ठंडा हो गया

मृतका की बेटी में 100 नम्बर पर कॉल करके पुलिस को सूचित किया, हत्यारोपित हिरासत में
डबवाली(लहू की लौ)बुधवार सुबह गांव गंगा में पति ने कस्सी मारकर पत्नी की हत्या कर दी। आरोपित पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। वारदात के बाद आरोपित फरार नहीं हुआ। बल्कि ठंडा पानी पीकर बोला कि आज कलेजा ठंडा हो गया है। मृतका की पहचान पंजाब के जिला मोगा के गांव थिराज निवासी अजीत कौर (45) के रूप में हुई है। जोकि करीब एक साल से पति चंद सिंह तथा दो बच्चों के साथ गांव में कालुआना रोड किसान मुख्तियार सिंह उर्फ बग्गा के खेत मे बने कोठे में रह रही थी। वारदात को अपनी बेटी सोमा के सामने अंजाम दिया। बेटी ने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल करके पिता की करतूत बताई। सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौका पर पहुंची। पुलिस ने चंद सिंह को हिरासत में ले लिया। बताया जाता है कि मृतका के चार बच्चे हैं। बड़ी बेटी विवाहित है। जबकि बेटा पंजाब में मजदूरी करता है। एक बेटा और बेटी उसके पास रहते थे। सदर थाना पुलिस ने मृतका के बेटे कर्मजीत सिंह निवासी थिराज की शिकायत पर हत्यारोपी पिता के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पहले डराया, फिर सिर पर मारी कस्सी
पिता की काली करतूत की गवाह उसकी बेटी सोमा है। चश्मदीद ने बताया कि रात को 9 बजे चंद सिंह घर आया था। उसने शराब पी रखी थी। वह झगड़ा करने लगा। बाद में बैंटरी उठाकर इधर उधर घूमता रहा। वह रात भर सोया नहीं। सुबह करीब साढ़े 5 बजे पुन: झगड़ा शुरू हो गया। उसने सामना उठाकर घर छोड़ जाने के लिए कहा। बाद में कस्सी से डराने लगा। पहली बार तो डराया, दूसरी बार कस्सी का पीछा हिस्सा मां के सिर पर मारा। मौके पर ही मां की मौत हो गई।

लॉक डाउन के कारण यहीं रूका था परिवार
सोमा के मुताबिक उसका पिता चरित्र पर संदेह करता था। पंजाब में रहते समय घर फूंककर राजस्थान भाग गया था। करीब एक माह बाद राजस्थान में बुला लिया। वहां भी मां पर इल्जाम लगाकर हरियाणा में आ गया। वह अक्सर कहता था कि तेरा हाल बहन जैसा होगा। जैसे मेरे मुंह बोली बहन को हथौड़ों से मारा गया था, वैसे ही मारूंगा। डबवाली इलाके में हम पहले किसी अन्य गांव में ठहरे थे। वहां भी उसके पिता ने मां पर लांछन लगाने शुरू कर दिए थे। मां को मारने के बाद ठंडा पानी पीकर पिता बोला कि आज कलेजा ठंडा हो गया है।

किसान को फोन कर बोला-मैंने पत्नी को मार डाला
चंद सिंह ने पत्नी की हत्या करने के बाद अपने परिजनों तथा अन्य को कॉल की। पहले गंगा गांव के किसान जय सिंह को कॉल करके बोला-मेरी पत्नी को कुछ हो गया है। बाद में किसान सुखदेव को कॉल कर कहा है मैंने पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना पाकर किसान मौका पर पहुंचे। इधर पुलिस भी मौका पर पहुंच गई।


  • वाक्य सुबह करीब साढ़े 5 बजे का है। मां को मारने के बाद पिता चंद सिंह ने मुझे कॉल की थी। वह बोला कि तेरी मां को टिकाने लगा दिया है, आकर इसका अंतिम संस्कार कर देना। मां पर जो लांछन लगाता था, वह बेबुनियाद थे। मेरे पिता ने जो घिनोना काम किया है। उसकी कड़ी सजा मिलनी चाहिए।                -कर्मजीत सिंह (मृतका का बेटा)





    • मृतका अजीत कौर की हत्या के आरोपित उसके पति चंद सिंह को हिरासत में लिया गया है। आरोपित शराब पीकर घर आया था। जिसके बाद दोनों में कलह हुआ। कस्सी के पिछले हिस्से से उसने अजीत कौर के सिर पर वार किय़ा। जिससे उसकी मौत हो गई। कर्मजीत के बयान पर केस दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसके वारिसों के हवाले कर दिया गया।                -राजिंदर सिंह मोर, प्रभारी, सदर थाना डबवाली

कोई टिप्पणी नहीं: