22 फ़रवरी 2010

बादल के गढ़ में कांग्रेस ने रखी आम आदमी का सिपाही की नींव

डबवाली (लहू की लौ) पंजाब युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं आनन्दपुर साहिब से एमपी रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि राहुल गांधी की नीति आम लोगों को कांग्रेस के साथ जोड़कर आम लोगों की समस्या को सुनने और उनका समाधान करने की है। इसी के तहत आम आदमी का सिपाही प्रत्येक शहर और गांव में बनाया जा रहा है।
वे शनिवार को गांव लम्बी के बाबा मान सिंह स्टेडियम में आयोजित जनसभा के साथ-साथ हल्का लम्बी के विभिन्न गांवों में अपने तूफानी दौरे के दौरान आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठकों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आम आदमी के सिपाही को अपना आशीर्वाद दें। यही सिपाही पंजाब में अकालीदल की जन विरोधी नीतियों और अफसरशाही की काली करतूतों की पोल जनता के समक्ष खोलेगा।
उन्होंने इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता में जायें और लोगों को बतायें कि अकाली सरकार जिस आटे को 4 रूपये प्रति किलो के हिसाब से बीपीएल परिवारों को दे रही है, उस आटे को केन्द्र सरकार राज्य सरकार को दो रूपये प्रति किलो के हिसाब से मुहैया करवा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कितना बड़ा दुर्भाग्य है कि देश का अन्नदाता कहलाने वाले पंजाब की सरकार आटे में भी दलाली कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि केन्द्र सरकार पंजाब सरकार को भारी वित्तीय सहायता भेज रही है, लेकिन इसे या तो अधिकारी निगल जाते हैं या फिर अकाली अपने चेहतों पर खर्च करते हैं। उन्होंने कहा कि बादल परिवार करोड़ों-अरबों रूपये लगाकर अपने महल और होटल खड़े कर रहा है, जबकि आम आदमी कर्जदार बनता जा रहा है। उनके अनुसार इस समय पंजाब पर 67 हजार करोड़ रूपये का कर्ज है और पंजाब सरकार को 17 करोड़ रूपये प्रतिदिन के हिसाब से ब्याज अदा करना पड़ रहा है। इस प्रकार से इस समय राज्य का प्रत्येक व्यक्ति लाखों रूपये का कर्जदार है। इसके लिए मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की जनविरोधी नीतियां जिम्मेवार हैं।
इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न गांवों में पांच-पांच आम आदमी के सिपाही की नियुक्ति की घोषणा की और इन सिपाहियों को सिरोपे देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उनके साथ महेन्द्र इन्द्र सिंह बादल, नरेन्द्र सिंह कोनी जिला प्रधान यूथ कांग्रेस, रमन बख्शी, राजेश अत्री, लखवीर लक्खा, रणधीर सिंह धीरा, गुरमीत सिंह खुड्डियां, गुरबाज सिंह बनवाला, गुरसेवक सिंह लम्बी, जगविन्द्र सिंह काला, बलराज सिंह लम्बी, गुरविन्द्र सिंह लम्बी, हरचरण सोथा, रघुवीर सिंह पूर्व विधायक गिदड़बाहा, संदीप जाखड़ फिरोजपुर, गोगी चहल मुक्तसर आदि चल रहे थे।

कोई टिप्पणी नहीं: