22 फ़रवरी 2010

पत्नी और उसके प्रेमी को गोली से उड़ाया

डबवाली (लहू की लौ) बठिण्डा जिले के गांव गहरी बुट्टर में शनिवार देर शाम एक पति ने पत्नी व उसके आशिक की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली मारने के लिए उसने बीवी के आशिक की राइफल का ही इस्तेमाल किया।
मिली जानकारी के अनुसार गहरी बुट्टर निवासी सुखजीत कौर उर्फ वीरपाल कौर पत्नी केवल सिंह उर्फ (मनजीत) का गांव के ही नछत्तर सिंह पुत्र झंडा सिंह नामक एक व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की भनक केवल सिंह उर्फ मनजीत को लग चुकी थी। उसने कई बार अपनी बीवी को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी। शनिवार को मनजीत सिंह अपनी पत्नी को कहीं बाहर जाने का बहाना बनाकर निकल गया। शाम लगभग छह बजे के बाद जैसे ही केवल सिंह (मनजीत ) घर पहुंचा, तो उसने देखा कि अंदर उसकी पत्नी का आशिक नछत्तर सिंह अपनी राइफल लेकर बैठा था। नछत्तर सिंह को घर में बैठा देख केवल सिंह तैश में आ गया। दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। वे झगड़ते हुए घर के बाहर तक आ गए। केवल सिंह ने नछत्तर सिंह से राइफल छीनकर गोली से उसके सिर को उड़ा दिया। इसके बाद पास खड़ी पत्नी सुखजीत कौर को भी गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, बीवी को तुरंत बठिंडा के सिविल अस्पताल लाया गया। जहां कुछ समय बाद उसने दम तोड़ दिया।
उधर, पुलिस सूत्रों के अनुसार करीब छह साल पहले विवाह के बाद से ही सुखजीत कौर के अवैध संबंधों के चलते उसका पति केवल सिंह के साथ विवाद होने लगा था। कई बार इनके बीच झगड़ा हुआ तथा पंचायती समझौते के माध्यम से भी मामला शांत करवाने की कोशिश की गई लेकिन फिर भी मसला हल न हुआ। सूत्रों की मानें तो सुखजीत कौर के अवैध संबंधों के चलते पहले भी उसके ससुराल पक्ष की तरफ से उसकी पिटाई की गई थी। पुलिस ने आरोपी केवल सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।

कोई टिप्पणी नहीं: