24 फ़रवरी 2010

अधेड़ किसान की पत्थर मारकर नृशंस हत्या

संगरिया। नजदीक के गांव से रोजाना दूध लेकर अपनी ढाणी आ रहे एक अधेड़ किसान की रास्ते में किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर से सिर कुचलकर नृशंस हत्या कर दी। गांव और ढाणी में बमुश्किल एक किलोमीटर का भी फासला नहीं हैं। इस रास्ते में एक खेत में आज सुबह मृतक किसान मानसिंह जाखड़ (40) की लाश मिली। कुछ दूरी पर उसका दूध का बर्तन पड़ा था। अज्ञात हत्यारे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

संगरिया पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत दीनगढ़ के सरपंच प्रवीण कुमार को आज खेत मालिक जगदीश बेनीवाल के एक परिवार के सदस्य ने लाश खेत में पड़े होने की जानकारी दी। तब मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचे। अवर पुलिस अधीक्षक यादराम फासल, संगरिया के डीएसपी रामकिशन सोनगरा और संगरिया थाना के सब इंस्पेक्टर गोपालसिंह ने जांच-पड़ताल करने के बाद मृतक मानसिंह के चाचा गिरधारीलाल जाखड़ की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मानसिंह रोजाना अपनी ढाणी चक 4 एएमपी से सुबह नजदीकी गांव दीनगढ़ आया करता था और शाम को दूध लेकर वापिस अपनी ढाणी जाता था। सोमवार रात करीब 8 बजे वह दीनगढ़ से ढाणी के लिए रवाना हुआ, लेकिन घर नहीं पहुंचा। रात को उसकी पत्नी व भाई उसके मोबाइल पर कॉल करते रहे, लेकिन वह स्विच ऑफ था। पुलिस के मुताबिक मानसिंह के पास डबल सिमकार्ड वाला मोबाइल था। इसमें एक सिम कार्ड बंद था, जबकि दूसरा चालू था। घरवालों ने दूसरे नंबर पर कॉल नहीं की। यह मोबाइल आज उसके पहने कपड़ों में मिल गया। घटनास्थल के समीप खून लगा हुआ पत्थर भी मिला है। इस पत्थर से मानसिंह के सिर में वार किया गया। उसके चेहरे व सिर का एक हिस्सा बुरी तरह कुचल दिया गया। पुलिस के अनुसार मानसिंह के चार पुत्रियां हैं, जिनमें दो विवाहित हैं। उसका छोटा भाई अविवाहित है। अवर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या के कारणों और हत्यारे का पता लगाने के लिए गहन जांच शुरू कर दी गई है। मृतक की किसी के साथ रंजिश-दुश्मनी होने की जानकारी सामने नहीं आई है। यह हत्या लूटपाट की नियत से भी की गई नहीं लगती। उन्होंने बताया कि मानसिंह और उसके भाई के पास लगभग 20 बीघा कृषि भूमि है। हत्यारे का पता लगाने के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं: