26 सितंबर 2009

ताऊ के जन्म दिवस पर चौटाला ने किया कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का आह्वान


डबवाली : इनेलो ने चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस पर किसानों, कमेरे व गरीब वर्ग के लोगों को अनेक प्रकार की सुविधाएं प्रदान करने व सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संकल्प लेते हुए प्रदेशवासियों से कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। जींद के ऐतिहासिक हुडा मैदान में रिकार्डतोड़ रैली के माध्यम से अपनी जमीनी ताकत का एहसास कराते हुए इनेलो प्रमुख चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि रैली में उमड़ा जनसैलाब इस बात का सबूत है कि आने वाली 13 तारीख को प्रदेश की जनता कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर इनेलो को फिर से प्रदेश की बागडोर सौंपने का मन बना चुकी है। जननायक चौधरी देवीलाल के 96 वें जन्मदिवस पर पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, बिहार के केबिनेट मंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामलाल ठाकुर, पूर्व राज्यपाल सुल्तान ङ्क्षसह, पूर्व केंद्रीय मंत्री संघप्रिय गौतम सहित अनेक प्रमुख नेताओं ने रैली में भाग लिया और स्वर्गीय जननायक को श्रद्धासुमन अर्पित किए। रैली में ठाठे मारते जनसैलाब से उत्साहित चौटाला ने कांग्रेस पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण आज प्रदेश पूरी तरह से बर्बादी के कागार पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि मंहगाई आसमान छू रही है, भ्रष्टाचार चरम पर है, अपराध दौगुने हो गए हैं और आए दिन लोगों से फिरौतियां वसूली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज मेहनतरत लोगों की हालत बेहद दयनीय हो गई है और किसान को उसकी फसल के पूरे दाम भी नहीं मिल रहे हैं। तालियों की गडग़ड़ाहट के बीच इनेलो प्रमुख ने कहा कि आज किसान को गेंहू की लागत 1250 रूपये प्रति क्विंटल आती है जबकि उसे लागत भाव भी नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने पर हम चौधरी देवीलाल के नक्शेकदम पर चलने का संकल्प लेते हुए केंद्र को मजबूर कर देंगे कि किसानों को गेहूं के दाम 1400 रूपये प्रति क्विंटल की दर से मिले। उन्होंने कहा कि खाने वाले आदमी को गेहूं 700 रूपये प्रति क्विंटल दिया जाएगा और गरीब, बेबस व असहाय लोगों को हर महीने 25 किलोग्राम अनाज मुफ्त उपलब्ध करवाया जाएगा। चौटाला जिंदाबाद, इनेलो जिंदाबाद के गगनभेदी नारों के बीच इनेलो प्रमुख ने लोगों से जात-पात, धर्म-मजहब की दीवारें तोड़ कर इनेलो के झंडे तले एकत्रित होने और कांग्रेस को उखाड़ बाहर करने का आह्वान करते हुए कहा कि चौधरी देवीलाल ने किसानों व कमेरे वर्ग के कर्जे माफ करके उन्हें राहत पहुंचाई थी और अब प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने पर किसान, मजदूर, गरीब दुकानदार व व्यापारी वर्ग के एक लाख रूपये तक के कर्जे माफ किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल ने बुढ़ापा सम्मान पेंशन शुरू की थी और इनेलो सरकार ने इसमें लगातार दो बार बढ़ोतरी की। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश में चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने वाली सरकार बनने पर बुढ़ापा पेंशन में न सिर्फ हरसाल 100 रूपये बढ़ोतरी की जाएगी बल्कि इनेलो सरकार की दौरान ही इसे 1200 रूपये महीना तक पहुंचा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इनेलो सरकार बनने पर शिक्षक पात्रता परीक्षा समाप्त करने के साथ ही छात्र संघों के चुनाव करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इनेलो सरकार बनने पर प्रदेश में पूरी बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी और अनुसूचित जाति का बैकलॉग समाप्त करने के साथ ही छात्राओं को 12वीं के बाद कालेज जाने के लिए स्कूटी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हर 12 वीं पास युवक सरकारी या गैर सरकारी नौकरी अथवा तीन हजार रूपये महीना बेरोजगारी भत्ता देने के साथ ही समाज के सभी वर्गों को पूरी सुख सुविधाएं देने के अलावा प्रदेश में फिर से विकास कार्यों को गति दी जाएगी। इनेलो प्रमुख ने कहा कि एक बाए ऐनक के सामने वाला बटन दबा देना, कांग्रेस के कुशासन से छुटकारा मिल जाएगा और इनेलो सरकार बनते हुए आपकी चार पीढ़ी का जुगाड़ कर दूंगा। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने चौधरी देवीलाल को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए स्वर्गीरू जननायक को किसानों, कमेरों व गरीबों का रहबर बताया। उन्होंने कहा कि आज की रैली में उमड़े जनसैलाब से दो बातें साफ हो जाती हैं कि लोगों के मन में चौधरी देवीलाल के प्रति बेहद श्रद्धा होने के साथ साथ आने वाली सरकार इनेलो की बनने जा रही है और ओमप्रकाश चौटाला प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अगामी विधानसभा चुनाव में इनेलो प्रत्याशियों की पूरी जी जान से मदद करेगी ताकि जनविरोधी कांग्रेस सरकार को चलता किया जा सके। उन्होंने कहा कि दुनिया में चंद नेता ऐसे हुए हैं जिन्हें लोगों से बहुत प्यार मिला है और जिन्होंने अपना पूरा जीवन लोगों की सेवा में लगाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम लिंकन, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, जयप्रकाश नारायण और नेल्सन मंडेला की गिनती होती है। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल भी उसी श्रेणी के नेता थे जिन्हें पूरे देश में बेहद आदर व सत्कार मिला। उन्होंने देवीलाल द्वारा देश को आजाद करवाने के लिए किए गए संघर्ष और इमरजेंसी के दौरान जेल में बिताए गए समय का उल्लेख करते हुए कहा कि देवीलाल ने प्रधानमंत्री पद को भी ठोकर मार दी थी। उन्होंने देश की खराब हालत के लिए कांग्रेस को जिम्मेवार ठहराते हुए कहा कि किसानों को कर्जे ने जकड़ लिया है और गरीब आदमी को दो वक्त की रोटी भी नहीं मिलती। उन्होंने लोगों से कहा कि जिस प्रकार चौधरी देवीलाल को 90 में से 85 सीटें देकर उनकी सरकार बनायी थी, ठीक उसी प्रकार इनेलो की सरकार बना देना, आपकी सभी समस्याओं का हल अपने आप हो जाएगा। उन्होंने रैली में उमड़े जनसैलाब पर कहा कि इतनी बड़ी रैली उन्होंने अपने पूरे जीवन में कभी नहीं देखी। रैली को पूर्व राज्यपाल सुल्तान सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री संघप्रिय गौतम, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कपूरी ठाकुर के बेटे व नितीश मंत्रीमंडल के वरिष्ठ मंत्री रामनाथ ठाकुर,इनेलो प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा, सांसद तिरलोचन सिंह सहित अनेक प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया और कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। मंच संचालन इनेलो के प्रधान महासचिव व राज्यसभा सांसद अजय सिंह चौटाला ने किया। रैली में उमड़े जनसैलाब की चमक इनेलो नेताओं के चेहरे से साफ पढ़ी जा रही थी और रिकार्डतोड़ रैली ने इनेलो समर्थकों में नए जोश और उत्साह संचार कर दिया है और रैली आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अहम् संदेश दे गई है। रैली में पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला, पूर्व क्रिकेटर योगराज, पूर्व सांसद तारासिंह, पूर्व कृषि मंत्री जसविंद्र सिंह संधू, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल के अलावा पार्टी के अनेक प्रमुख नेता व सभी विधानसभा क्षेत्रों से इनेलो प्रत्याशी भी जनसभा में मौजूद थे। बलवान सिंह ने चौधरी देवीलाल की प्रतिमा भेंट कर चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को सम्मानित किया और वंदना वाजपेयी ने चौधरी देवीलाल को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए गीत प्रस्तुत किया। रैली स्थल के अलावा कई गुना ज्यादा भीड़ रैली स्थल से बाहर मौजूद थी और रैली स्थल के चारों ओर पांच-पांच किलोमीटर तक सिर्फ रैली में आने वाले वाहनों की लाइनें लगी हुई थी।

कोई टिप्पणी नहीं: