06 जून 2020

चार साल बाद कुवैत से घर लौट रहा युवक कोरोना पॉजिटिव मिला

डबवाली के गांव मौजगढ़ का रहने वाला है युवक
डबवाली(लहू की लौ) कुवैत से लौटा डबवाली के मौजगढ़ का रहने वाला 30 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। वह सिरसा के शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में क्वारंटाइन था। रिपोर्ट आने के बाद बृहस्पतिवार रात को उसे कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। कोरोना संक्रमित मिले युवक के भाई ने बताया कि 1 जून को वह दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा था। वहां उसकी जांच हुई थी। जांच में वह बिल्कुल सही था, इसके बाद उसे जयपुर (राजस्थान) लाया गया। फिर एक गाड़ी में दो पुलिसकर्मी उसे कैथल के रास्ते सिरसा लेकर आए थे। सिरसा के शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम के एक
कमरे में उसे दो युवकों के साथ क्वारंटाइन किया गया था। वे उससे मिलने सिरसा गए थे, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से मिलने नहीं दिया गया। उसके भाई में किसी तरह के लक्षण नहीं थे, उसकी रिपोर्ट निगेटिव थी। रात को उसे कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया गया।

चार साल बाद लौटा बेटा, भाई बोला-सब जगह रिपोर्ट निगेटिव थी
बताया जाता है कि जून 2016 में गांव मौजगढ़ का लड़का कार्य करने के लिए कुवैत गया था। फिलहाल वहां पर फर्नीचर बनाने का कार्य कर रहा था। इससे पहले छह माह तक एक सैलून पर कार्य किया था। करीब चार साल बाद वह वापिस देश लौटा था। उसके भाई ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट के बाद उसकी जयपुर में भी स्क्रीनिंग की गई थी। रिपोर्ट निगेटिव आई थी। सिरसा लौटते ही उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई।

स्वास्थ्य विभाग ने निभाई अपनी जिम्मेवारी
अनलॉक सीजन-1 में सिरसा जिला में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है। विदेशों से वापिस भारत आ रहे लोगों पर नजर रखी जा रही है। गांव या घर जाने से पूर्व उसे क्वारंटाइन करके उनकी सैंपलिंग की जा रही है। इसी कड़ी में कुवैत से लौटे युवक की घर जाने से पहले सैंपलिंग की गई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसका उपचार शुरु किया गया था।

एक्टिव मामलों की संख्या 6 हुई
डबवाली में कोरोना के एक्टिव मरीजोंकी संख्या छह हो गई है। इससे पहले केमिस्ट, अदालत का नाजर, गांव अलीकां की राजकीय प्राथमिक पाठशाला का इंचार्ज, उसकी पत्नी तथा गुजरात से डबवाली लौटी एक महिला कोरोना संक्रमित मिले थे। जिनका कोविड अस्पताल सिरसा में उपचार चल रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: