02 अगस्त 2010

हथियारों से लैस दो गुट अस्पताल में भिड़े

डबवाली (लहू की लौ) अनाज मण्डी निकट स्थित स्वतंत्रता सेनानी पार्क के पास तेजधार हथियारों से लैस युवाओं के दो गुट आमने-सामने हो गए। झगड़े में दोनों गुटों के दो जने घायल हो गए। उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचे उपरोक्त गुटों में फिर ढिशुम-ढिशुम शुरू हो गई। सूचना पाकर मौका पर पुलिस भी पहुंची। पुलिस को देखकर युवक भाग निकले।
जानकारी अनुसार डबवाली के वार्ड नं. 13 में रहने वाले राजन (19) का डबवाली के ही वार्ड नं. 8 में रहने वाले विकास (22) से रविवार को स्वतंत्रता सेनानी पार्क के नजदीक झगड़ा हो गया। दोनों युवकों ने मोबाइल से सम्पर्क करके अपने साथियों को मौका पर बुला लिया। मामला तूल पकड़ गया। तेजधार हथियारों से लैस दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। झगड़े में राजन और विकास को चोटें आई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में लाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान हथियारों से लैस युवाओं के ये दोनों गुट फिर भिड़ गए। चतुर्थश्रेणी कर्मी विनोद ने साहस का परिचय देते हुए दोनों गुटों को अलग-थलग किया। इधर सूचना पाकर मौका पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस को देखकर युवाओं के दोनों गुट भाग गए।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सरवन बांसल ने बताया कि अस्पताल के बाहर युवाओं के दो गुटों में झगड़ा हुआ था। घायलों को इलाज करवाने के लिए दोनों गुट अस्पताल में आए थे। लेकिन यहां भी आमने-सामने हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मामले की जांच कर रहे थाना शहर पुलिस के हवलदार जय सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को थाना में बुलाया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं: