31 जुलाई 2010

सपना देखना बंद कर दे कांग्रेस-चौटाला

डबवाली (लहू की लौ) इनेलो के प्रधान महासचिव एवं हल्का डबवाली से विधायक डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि डबवाली नगरपालिका का अध्यक्ष इनेलो का बनेगा। इंतजार केवल चुनाव की तारीख तय होने तक है। कांग्रेस अध्यक्ष पद का स्वप्न देखना बंद कर दे। वे गुरूवार को अनाज मण्डी स्थित इनेलो कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इनेलो नेता ने कहा कि देश में राष्ट्रमण्डल खेल होने जा रहे हैं। लेकिन प्रदेश के खिलाडिय़ों को जरूरी सुविधाएं मुहैया नहीं करवाई जा रही। दुर्भाग्य तो इस बात का है कि हरियाणा स्टेट का स्पोट्र्स मिनिस्टर भी ऐसा है, जिसे यह मालूम नहीं कि ग्राऊण्ड क्या होता है। चौटाला ने आरोप लगाया कि सरकार जबर्दस्ती एक सरकारी अधिकारी को फर्जी तौर पर हरियाणा ओलंपिक संघ का अध्यक्ष बनाए हुए है। जबकि ओलंपिक एसोसिएशन अभय सिंह चौटाला को संघ का अध्यक्ष मानती है। डॉ. अजय चौटाला ने बिहार विधानसभा में विधायकों द्वारा चप्पलें फेंके जाने की निंदा की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं प्रजातंत्र के लिए अच्छी नहीं है। जब जनता के चुने हुए प्रतिनिधि ऐसा आचरण करेंगे तो आम व्यक्ति पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा।
इनेलो के प्रधान महासचिव ने कहा कि अम्बाला, सिरसा और प्रदेश के अन्य स्थानों पर सरकारी दफ्तरों में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ है। फोरेस्ट, मनरेगा, शिवालिक तथा घग्घर के नाम पर खूब पैसा पीटा गया। मनमाफिक बिल बनाए गए। अपने कृत्यों को छीपाने के लिए सरकार ने प्रदेश को डूबो दिया गया। चौटाला के अनुसार उन्होंने अम्बाला फोरेस्ट का एक बिल देखा जिसमें एक ही दिन में 6 करोड़ 40 लाख रूपए ड्रा हुए हैं। चौटाला ने कहा कि वे आरटीआई कानून के तहत सरकार की रहनुमाई में सरकारी कार्यालयों में हो रहे भ्रष्टाचार की पोल खोलेंगे। इसके साथ कानूनी दायरे में वे दोषी व्यक्तियों को सजा दिलाने का काम करेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इनेलो की ओर से गठित कमेटी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर लिया है। बाढ़ प्रभावित छह जिलों में 4500 करोड़ रूपए का नुक्सान हुआ है। रिपोर्ट महामहिम राज्यपाल को सौंपी जा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार ने ब्यानबाजी के सिवाए राहत का एक दाना भी बाढ़ पीडि़तों तक नहीं पहुंचाया। सरकार अब भी इन क्षेत्रों की सुध नहीं ले रही। जबकि क्षेत्रों में महामारी फैलने का भय बना हुआ है। चौटाला के अनुसार जननायक सेवादल का गठन हो चुका है। सेवादल के प्रथम चरण में पूरे प्रदेश से इक्कीस हजार कार्यकर्ताओं की भर्ती की जा रही है। आगामी 15 अगस्त तक सेवादल अपने पूर्ण रूप में होगा। इस अवसर पर डॉ. सीता राम, राधेराम गोदारा, रणवीर राणा, कुलदीप सिंह जम्मू, डॉ. गिरधारी लाल, संदीप सिंह सन्नी गंगा, सर्वजीत सिंह मसीतां, गुलजिन्द्र सोना, टेकचन्द छाबड़ा, गुरजीत सिंह, प्रहलाद राय, मलकीत सिंह सूच, केके सेठी, अजनीश कैनेडी, अनिल धारणियां आदि उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: