19 जून 2020

पेयजल किल्लत से जूझ रहे लोगों ने जनस्वास्थ्य विभाग का कार्यालय घेरा, प्रदर्शन

बोले-15 दिन से शमशान घाट, शनि मंदिर या फिर रेलवे फाटक से पानी लाकर बुझा रहे हैं प्यास
एसडीओ बोले-जेई बदलने से समस्या गहराई, जल्द कर देंगे समाधान
डबवाली (लहू की लौ) बृहस्पतिवार को वार्ड नं. 4 की गली बिन्दिया महंत वाली के निवासियों ने जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय का घेराव कर लिया। पेयजल आपूर्ति न होने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में महिला, पुरुषों के अलावा थर्ड जेंडर शामिल थे।
प्रदर्शनकारी जयचंद, मूर्ति देवी, कमलेश, भतेरी देवी, वीरपाल, बिमला, तारा चंद तथा सीता महंत ने बताया कि उनकी गली में 100 से ज्यादा घर हैं। पिछले करीब 15 दिनों से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही। वे जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को कई बार मौखिक शिकायत दर्ज करवा चुके हैं। लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। वे दैनिक जरुरतों के साथ-साथ प्यास बुझाने के लिए शमशान घाट, शनि मंदिर, रेलवे फाटक या फिर गली में लगे सबमर्सिबल पंप से पानी भरने को मजबूर हैं। मजबूरीवश वे प्रदर्शन करने को मजबूर हुए हैं। कार्यकारी अभियंता, उपमंडल अभियंता तथा कनिष्ठ अभियंता कोई भी नहीं है।
कनिष्ठ अभियंता ने फोन पर आश्वासन दिया है कि वे जल्द समस्या का समाधान कर देंगे। प्रदर्शनकारियों ने तपती दोपहर में करीब आधा घंटा तक बवाल काटा। मोबाइल पर अधिकारियों का आश्वासन पाकर वे चले गए।

मैं कार्यकारी अभियंता के साथ साइट निरीक्षण पर गया हुआ था। तभी पेयजल आपूर्ति की समस्या को लेकर लोग कार्यालय पहुंचे थे। जेई की अंबाला ट्रांसफर हो गई है, उनकी जगह दूसरे जेई ने चार्ज लिया है। मैं भी नया हूं। हमारे सामने पहली बार शिकायत आई है। फीटर को मौका पर भेजकर समस्या का पता लगाने का प्रयास किया गया है। कल पेयजल आपूर्ति के समय कारण जाना जाएगा। समस्या का समाधान जल्द होगा।
-एसडीओ सूरज प्रकाश जैन, जनस्वास्थ्य विभाग, डबवाली

कोई टिप्पणी नहीं: