31 जनवरी 2017

12वीं की छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी शिक्षक सस्पेंड

एफआईआर होने के दो दिन बाद शिक्षा विभाग की कार्रवाई
डबवाली (लहू की लौ) 12वीं की छात्रा से दुष्कर्म करने वाले जेबीटी गुरजंट सिंह पर केस दर्ज होने के दो दिन बाद शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। इधर सोमवार को महिला थाना पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे चौदह दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।
महिला थाना पुलिस ने 12वीं कक्षा की छात्रा के ब्यान पर गांव लोहगढ़ के सरकारी स्कूल में जेबीटी गुरजंट सिंह के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था। पुलिस को दर्ज करवाए ब्यान में छात्रा ने बताया कि 23 जनवरी को उसके पेट में दर्द था। वह छुट्टी लेकर घर वापिस जा रही थी। टीचर गुरजंट ने कार को धीमे करते हुए उसके पीछे लगा लिया। कुछ दूरी पर जाकर उसे कार में बैठने के लिए कहा। जैसे ही वह बैठी तो कार को लॉक करके डबवाली ले गया। एक होटल में बने कमरे में लेजाकर उससे जबरदस्ती करते हुए गलत काम किया। जेबीटी ने 20 सितंबर 2016 को लोहगढ़ में सरकारी स्कूल ज्वाइन किया था। खुद को एमए इंग्लिश बताता था। स्टाफ की कमी होने के कारण प्रिंसीपल अमीर सिंह ने एक माह पहले उसे 12वीं को इंग्लिश पढ़ाने के लिए लगाया गया था। मामला सामने आने के बाद शनिवार सुबह स्कूल में पंचायत बुलाई गई थी। इस दौरान ग्रामीणों ने शिक्षक को पीटते हुए पुलिस के हवाले कर दिया था।

कोई टिप्पणी नहीं: