05 फ़रवरी 2012

तेजगति कार ने नाका तोड़ा, पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे


डबवाली (लहू की लौ) शुक्रवार  रात को एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर मलोट रोड़ पर स्थित पुलिस नाका तोड़कर पुलिस कर्मियों के खोखे में घुस गई। डयूटी दे रहे कर्मचारी बाल-बाल बच गए। गोल बाजार पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।
एएसआई दीवान सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह हवलदार सोहन सिंह के साथ नाका पर डयूटी दे रहा था। इसी दौरान मलोट साईड से आई एक तेजगति अल्टो कार नाका को तोड़कर उनके खोखा में आ घुसी। जिससे खोखा सहित नाका बुरी तरह से तहस-नहस हो गया। नाका पर खड़ा उसका बाईक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इसकी सूचना तुरंत गोल बाजार पुलिस चौकी तथा शहर थाना में दी गई। सूचना पाकर मौका पर शहर थाना प्रभारी महा सिंह रंगा तथा एएसआई हंसराज मौका पर पहुंचे।
गोल बाजार पुलिस चौकी प्रभारी एसआई सतबीर सिंह ने बताया कि कार चालक शराब के नशे में धुत्त था। शराब के नशे में कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे नाका में ठोक डाली। एएसआई सोहन सिंह के ब्यान पर गाड़ी चालक लखबीर सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी सिलवाला थाना टिब्बी (हनुमानगढ़) के खिलाफ मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं: