08 नवंबर 2010

सरकार के खिलाफ मूवमेंट शुरू करेगी इनेलो

डबवाली (लहू की लौ) इनेलो के प्रधान महासचिव तथा हल्का डबवाली से विधायक अजय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ पार्टी शीघ्र ही एक राज्य स्तरीय मूवमेंट शुरू करने जा रही है। वे रविवार को नई अनाज मण्डी स्थित इनेलो कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर तरफ से असफल साबित हुई है। रैलियों द्वारा इनेलो सरकार को बार-बार चेता चुकी है। लेकिन सरकार ने जन हितैषी नीतियों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। अब इनेलो शीघ्र ही एक आंदोलन चलाकर लोगों को सरकार के खिलाफ जागरूक करेगी। एक सवाल के जवाब में अजय चौटाला ने कहा कि पंजाब में बादल परिवार के बीच में इन दिनों चल रहा मामला पारिवारिक मामला है। इनेलो प्रयासरत है कि पारिवारिक मामला राजनीतिक रंगत न लें। इसलिए वे मध्यस्ता करके मनप्रीत सिंह बादल और प्रकाश सिंह बादल के बीच में जो दूरियां पैदा हुई हैँ, उन्हें समाप्त करवाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने केन्द्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि केन्द्र सरकार अमेरिकन राष्ट्रपति बराक ओबामा के स्वागत तथा कॉमनवेल्थ गेम्स पर हजारों करोड़ रूपए खर्च कर सकती है। लेकिन देश के गरीब और भूखे बच्चों के लिए एक पाई भी खर्च नहीं कर रही। उनके अनुसार कॉमनवेल्थ गेम्स में हुए भ्रष्टाचार में कांग्रेस के चार मुख्यमंत्रियों पर अंगुलियां उठ रही हैं। इस अवसर पर राधेराम गोदारा, मनिन्द्र पाल सिंह मीनू, विनोद अरोड़ा, एडवोकेट कुलदीप सिधू, टेकचन्द छाबड़ा, ओम बाबा, प्रहलाद राय, दर्शन मोंगा, गुरजीत सिंह, सुखजिन्द्र सिंह जापानी, गुरचरण नम्बरदार, शैलेन्द्र जौड़ा आदि उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: