03 सितंबर 2010

सफाई अव्यवस्था के खिलाफ गांधीगिरी

डबवाली (लहू की लौ) अनाज मंडी के पास हुड्डा के स्थान पर नगरपालिका द्वारा बनाया गया अस्थाई डिपू हटवाने के लिए इस क्षेत्र के नागरिकों ने गांधीगिरी का सहारा लिया है।
वार्ड नं. 9 के पूर्व पार्षद हरीश सेठी रिंका, सतपाल सेठी, अमन बांसल, चरणजीत, नीरज गुप्ता, पवन कुमार, नंद लाल गर्ग आदि ने बताया कि नई अनाज मंडी रोड़ पर उनके वार्ड की 9 गलियां पड़ती हैं। पिछले काफी वर्षों से नगरपालिका ने अनाज मण्डी के पास हुड्डा स्थल को गंदगी का अस्थाई डिपू बना रखा है। इस डिपू का प्रयोग नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों के साथ इन गलियों के लोग भी करते आ रहे हैं। वे कई बार पालिका से गंदगी के इस डिपू को यहां से हटवाने के लिए अनुरोध कर चुके हैं। यहीं नहीं इस संदर्भ में वे उपमंडलाधीश डॉ. मुनीश नागपाल से भी गुहार लगा चुके हैं। लेकिन ढाक के वही तीन पात। गंदगी का डिपू वहीं का वहीं है।
नगरपालिका, उपमण्डलाधीश के समक्ष मांग रखने के बावजूद कार्रवाई न होने के कारण अब इन लोगों ने गांधी जी के सिद्धांतों पर चलने का निर्णय लिया है। सुबह होते ही ये हुड्डा स्थल पर आ जाते हैं और हाथ जोड़कर खड़े हो जाते हैं। कूड़ा फेंकने वाला खुद शर्मसार होकर वापिस लौट जाता है।

कोई टिप्पणी नहीं: