03 सितंबर 2010

लड़की पर ओपरी हवा का साया!

डबवाली (लहू की लौ) गांव अलीकां की एक पंद्रह साल की लड़की डबवाली के सरकारी अस्पताल में बदहवासी हालत में पड़ी है। लड़की के साथ क्या घटना घटित हुई यह किसी को मालूम नहीं। लड़की की अजीब स्थिति को देखते हुए पुलिस इसे ओपरी हवा का चक्कर मान रही है। यहां तक की लड़की के अभिभावक भी कुछ स्पष्ट नहीं कर रहे।
जानकारी अनुसार उपमण्डल डबवाली के गांव अलीकां में सोमवार रात को करीब 1 बजे गुरूद्वारा से अनाऊसमेंट हुई की गांव में चोर घुस आए हैं। लोग चोरों को पकडऩे के लिए घरों से बाहर आ गए। इसी दौरान गांव में रह रहे रणजीत सिंह नामक व्यक्ति की पंद्रह साल की बेटी अचानक घर से गायब हो गई। लड़की के परिजन उसकी खोज में जुट गए। लेकिन लड़की नहीं मिली। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे रणजीत सिंह का पड़ौसी उसके पास आया। लड़की के उसके घर में होने की बात कहकर उसे घर से लेजाने को कहा। लेकिन रणजीत सिंह ने लड़की को घर लाने से इंकार कर दिया और इसकी सूचना थाना शहर पुलिस डबवाली को दी। अचानक पड़ौसी ने लड़की को दीवार से उसके घर में फेंक दिया। परिजन लड़की को डबवाली के सरकारी अस्पताल में ईलाज के लिए ले आए।
अस्पताल में नियुक्त महिला चिकित्सक डॉ. अमरदीप कौर जस्सी ने उपरोक्त मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि लड़की के पिता रणजीत सिंह ने उन्हें उपरोक्त बात से अवगत करवाया है। उन्होंने भी लड़की के गले पर चोट के निशान पाए हैं। ऐसे निशान बलात्कार के दौरान हो सकते हैं। फिलहाल इसके बारे में ओर अधिक कुछ कहा नहीं जा सकता। स्वैब को जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा, रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल लड़की ब्यान देने की स्थिति में नही है। उन्होंने एमएलआर काटकर थाना शहर पुलिस में भेज दी है।
मामले की जांच कर रहे थाना शहर पुलिस के एएसआई कैलाश चन्द्र ने बताया कि सूचना मिलने पर वे गांव अलीकां में गए थे। उस समय लड़की अपने घर की जमीन पर पड़ी हुई अजीबों गरीब हरकतें कर रही थी। जैसे उस पर ओपरी हवा का प्रभाव हो। फिलहाल लड़की अस्पताल में उपचाराधीन है और ब्यान देने के काबिल नहीं है। लड़की के ब्यानों के बाद ही मामला पता चल पाएगा।
इस संदर्भ में इस संवाददाता ने लड़की के पिता रणजीत सिंह से बात करने का भी प्रयास किया। उन्होंने अधिक कुछ नहीं बताया। इतना कहा कि जरूर उसकी लड़की के साथ कुछ गलत हुआ है। लड़की होश में आ जाए, सब मालूम पड़ जाएगा। रणजीत सिंह के परिवार की महिलाओं ने भी लड़की पर ओपरी हवा होने की बात कही।
सोमवार रात करीब 1 बजे के बाद लड़की अपने घर से गायब होकर पड़ौस के घर में कैसी पहुंची और उसके साथ क्या घटना घटित हुई, इस पर अभी संशय बरकरार है। लड़की डबवाली के सरकारी अस्पताल में अजीबो-गरीब हरकतें कर रही है। लेकिन बोलती कुछ नहीं। मामला क्या है, इसके बारे में लड़की के नॉर्मल होने का इंतजार किया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: