03 सितंबर 2010

बंटवारे को लेकर भिड़े बाप-बेटे

डबवाली (लहू की लौ) गांव अबूबशहर के एक घर में बंटवारे को लेकर हुए झगड़े में माता-पिता और बच्चे आमने-सामने हो गए। झगड़े में तेजधार हथियार लगने से एक युवक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए डबवाली के सरकारी अस्पताल में लाया गया।
घायल पारस (30) निवासी अबूबशहर ने बताया कि दिहाड़ी मजदूर है। दो माह पूर्व उसने मछली पालन के लिए अपने पिता काहन चंद के साथ डिग्गियों का निर्माण किया था। लेकिन उसके पिता ने उसकी बनती दिहाड़ी 30,000 रूपए उसे नहीं दी। उसने अपने पिता के सामने शर्त रख दी कि वे उसके पैसे उसे दे दें या फिर कोई जगह खरीदकर दे दें। इसी बात को लेकर उसका पिता काहन चंद तथा माता चमेली देवी उसकी पत्नी सुनीता से झगड़ रहे थे। जब उसने बीच-बचाव किया तो उसके छोटे भाई सुरेन्द्र तथा देवीलाल ने उस पर तेजधार हथियार से हमला करके उसके चोटें मारी।
इधर जब काहन चंद (55) निवासी अबूबशहर से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करता है। आज सुबह उनके घर में झगड़ा हुआ था। घर में बंटवारे को लेकर उसका बड़ा बेटा पारस अपनी माता से झगड़ा रहा था। उसने अपने छोटे बेटे सुरेन्द्र (26) तथा देवीलाल (28) के साथ मिलकर उसे ऐसा करने से रोका। लेकिन पारस उग्र हो गया और उसने वहीं पड़े तेजधार हथियार से सुरेन्द्र पर हमला कर दिया। लेकिन सुरेंद्र बाल-बाल बच गया। भाईयों में झगड़ा बढ़ता देख उसने बीच-बचाव करते हुए तेजधार हथियारों को फेंक दिया। काहन चंद के अनुसार इतने में उसके छोटे भाई साधु राम ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में वह तो बच गया, लेकिन हथियार उसके बड़े बेटे पारस को जा लगा।
काहन चंद ने यह भी बताया कि उन्होंने करीब दो माह पूर्व सोनीपत में मछली पालन के लिए सात डिग्गियों का निर्माण किया था। पारस काम को बीच में छोड़कर घर लौट आया। लेकिन उसने पारस के बनते पैसे उसे दे दिए थे। पारस घर का बंटवारा करवाना चाहता है।
मामले की जांच रहे चौटाला पुलिस चौकी के एएसआई कृष्ण लाल ने बताया कि बाप-बेटे के बीच झगड़े का कारण बंटवारा है। पुलिस ने घायल के ब्यान दर्ज करने के बाद दफा 323 के तहत रपट लिख ली गई है।

कोई टिप्पणी नहीं: