03 सितंबर 2010

घर से उठा ले गए थे लड़की को!

डबवाली (लहू की लौ) गांव अलीकां में बेहोशी की हालत में मिली 15 वर्षीय लड़की को गांव के दो युवक बेहोश करके उठा ले गए थे। इस बात का खुलासा बुधवार को होश में आने के बाद डबवाली के सरकारी अस्पताल में लड़की ने पुलिस के समक्ष किया। मामले की जांच कर रहे थाना शहर पुलिस के एएसआई कैलाश चन्द्र ने बताया कि गांव अलीकां के टेलर मास्टर रणजीत सिंह की 15 साल की बेटी वीरपाल को बुधवार को यहां के सरकारी अस्पताल में होश आ गया। लड़की को उसके परिजन मंगलवार सुबह बेहोशी की हालत में अस्पताल लाए थी। तभी से लड़की अचेत अवस्था में थी। होश में आने के बाद लड़की ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 1-1.30 बजे वह लघुशंका के लिए उठी थी। इसी दौरान उनके पड़ौसी छिन्द्रपाल सिंह उर्फ पप्पू राम के दो बेटे जग्गी और वीरचन्द आए। उनमें से एक ने उसे पकड़ लिया और दूसरे ने उसके मुंह पर रूमाल रख दिया। जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसे कुछ भी मालूम नहीं कि उसके साथ क्या हुआ। एएसआई कैलाश चन्द्र ने बताया कि पुलिस ने फिलहाल दफा 363/366 के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। लड़की का मेडीकल करवा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं: