19 मार्च 2010

60 वर्षीय दूल्हे से ठगी

नई नवेली दुल्हन व बिचोलन ने हजारों रूपये व जेवरात उड़ाये
डबवाली (लहू की लौ) 60 वर्षीय एक बूढ़े को अपनी उम्र से करीब आधी उम्र की महिला से शादी रचाना उस समय महंगा पड़ा, जब वह शादी रचाकर उससे हजारों रूपये की नकदी और सामान उड़ा ले गई।

ऐलनाबाद निवासी 60 वर्षीय गुरदीप सिंह पुत्र चरण सिंह ने बताया कि उसके कोई औलाद नहीं है। औलाद प्राप्ति के मोह में उसने अपनी पत्नी की सहमति से अन्य के साथ शादी रचाने का मन बनाया। इसके लिए उसने गांव के ही शेरा नामक एक व्यक्ति से सम्पर्क किया। शेरा ने उसकी बातचीत गांव नरसिंह कलोनी निवासी गुड्डी नामक एक महिला से करवाई और उसे उसकी होने वाली दुल्हन भी दिखाई गई। पीडि़त ने बताया कि 24-25 फरवरी की शाम को अचानक अमरजीत कौर निवासी चकेरियां हाल नरसिंह कलोनी अपनी साथी गुड्डी के साथ अचानक उसके निवास पर पहुंची और खुद को शगुन के रूप में 10,000 रूपये की राशि व हजारों रूपये के जेवरात डलवाकर लौट आई।
पीडि़त गुरदीप सिंह के अनुसार 3 मार्च को उसकी शादी तय हो गई। लेकिन तय शादी पर अमरजीत कौर ने एक अन्य लड़की रानी को उसके साथ दुल्हन के रूप में भेज दिया। लेकिन 5 मार्च को रानी नामक महिला अपने मायके चकेरियां जाने के बहाने 10 हजार रूपये की नकदी व घर में पड़े सूट उड़ा ले गई और वापिस नहीं लौटी। रानी नामक यह महिला अमरजीत कौर को अपनी मां बताती थी।
इधर आरोपी अमरजीत कौर ने बताया कि यह सब नरसिंह कलोनी में रहने वाली गुड्डी नामक महिला का किया धरा है। उसके अनुसार कुछ दिन पूर्व गुड्डी ने उसे अपने घर बुलाया और उसकी भेंट गांव मल्लेकां के शेरा नामक एक व्यक्ति से करवाई। वे लोग आपस में किसी व्यक्ति से बड़ी ठगी मारने की बात कर रहे थे। अमरजीत कौर के अनुसार योजना के मुताबिक गुड्डी व शेरा नामक व्यक्ति ने नरसिंह कलोनी में (गुड्डी के निवास स्थान पर) उसे दुल्हन के रूप में पेश कर दिया। लेकिन बाद में उसने रानी निवासी चकेरियां को मल्लेकां निवासी गुरदीप सिंह की दुल्हन के रूप में पेश करके उसे उसके साथ भेज दिया।
उपरोक्त घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए गांव नरसिंह कलोनी के सरपंच जसपाल सिंह ने बताया कि पीडि़त गांव मल्लेकां निवासी गुरदीप सिंह ने ठगी की शिकायत उससे की। जिस पर उन्होंने तत्काल पंचायत बुलाकर इस मामले को रखा। इस मौके पर गांव नरसिंह कलोनी की पंचायत के सदस्य जसपाल सिंह, तेजा सिंह, मनजीत कौर, महिन्द्र कौर सहित मेघराज पटवारी भी उपस्थित थे। सम्बन्धित पक्षों के ब्यान जाने गये। दूल्हे गुरदीप सिंह से ठगी होने की बात सामने आई। सरपंच के मुताबिक उपरोक्त महिलाओं ने दूल्हे से करीब 40 हजार रूपये की नकदी, जेवरात व सामान आदि ठगा है।

कोई टिप्पणी नहीं: