16 दिसंबर 2009

प्रदेश गर्त में, हुड्डा मौनी बाबा बने : अजय चौटाला


डबवाली (लहू की लौ) हल्का डबवाली से विधायक तथा इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अजय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा में हुड्डा सरकार प्रदेश को अपनी गलत नीतियों के चलते गर्त में धकेलती जा रही है। स्थिति यह हो चुकी है कि प्रदेश को दीवालियापन की ओर बढ़ाया जा रहा है।
वे यहां के सेठ रोशन लाल चेरीटेबल ट्रस्ट आई हॉस्पीटल में आंखों के नि:शुल्क ऑप्रेशन शिविर का उद्घाटन करने के बाद प्रदेश के ताजा हालतों पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जो पत्रकार सरकार की कमियों को उजागर करते हुए रिपोर्टिंग कर रहे हैं, सरकारी उन्हीं के खिलाफ झूठे केस दर्ज कर रही है। जबकि भ्रष्टाचार और अनैतिकता में डूबे अधिकारियों को बचाने में जुटी हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा खरीदी गई गेहूं पर पानी का छिड़काव करके राष्ट्रीय सम्पत्ति को नुक्सान पहुंचाने वाले अधिकारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री कुछ भी नहीं बोल रहा। बल्कि मौनी बाबा बनकर भ्रष्टाचार को प्रफुल्लित कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि गेहूं को भिगोकर उसका वजन बढ़ाने के मामले को उनकी पार्टी के विधायक आगामी विधानसभा सत्र में जोर-शोर से उठाएंगे।
विधायक अजय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा की हुड्डा सरकार सरकारी खजाने में पैसे की कमी होने के बावजूद भी हर रोज नई से नई घोषणा कर रही है और इन घोषणाओं को पूरा करने के लिए कर्ज पर कर्ज ले रही है। सरकार की हालत यह है कि उसे अपने कर्मचारियों को वेतन देना भी मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने ऐलनाबाद उपचुनाव के बारे में पूछे गये एक सवाल के जवाब में कहा कि इनेलो ने चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। केवल चुनाव आयोग की घोषणा का ही इंतजार किया जा रहा है।
इस अवसर पर इनेलो नेता रणवीर सिंह राणा, नरेन्द्र सिंह बराड़, टेकचन्द छाबड़ा, बार एसोसिएशन के प्रधान कुलवन्त सिधू, एडवोकेट कुलदीप सिंह, एडवोकेट सुभाष गुप्ता, एडवोकेट राजेश यादव, गुरजीत सिंह, महेन्द्र डूडी, धुन्नी दास गर्ग, सर्वजीत सिंह मसीतां, दर्शन मोंगा, राकेश गर्ग भीटीवाला, प्रिन्स जुनेजा, तरूण बिश्नोई, काका मोंगा, संदीप बिश्नोई, अश्विनी शर्मा आदि उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: